हाईकोर्ट वीकली राउंड अप : पिछले सप्ताह के कुछ खास ऑर्डर/जजमेंट पर एक नज़र
Shahadat
28 Nov 2026 9:00 PM IST

देश के विभिन्न हाईकोर्ट में पिछले सप्ताह (23 नवंबर, 2026 से 27 नवंबर, 2026) तक क्या कुछ हुआ, जानने के लिए देखते हैं हाईकोर्ट वीकली राउंड अप। पिछले सप्ताह हाईकोर्ट के कुछ खास ऑर्डर/जजमेंट पर एक नज़र।
पुलिस FIR दर्ज किए बिना और BNSS की धारा 106 का पालन किए बिना जब्त किए गए वाहनों को राजस्व अधिकारियों को नहीं सौंप सकती: बॉम्बे हाईकोर्ट
बॉम्बे हाईकोर्ट ने कहा कि पुलिस उन वाहनों को जब्त करके सीधे राजस्व अधिकारियों को नहीं सौंप सकती, जिनके बारे में आरोप है कि उनका इस्तेमाल छोटे खनिजों (Minor Minerals) के अवैध परिवहन में किया गया। ऐसा करने के लिए पुलिस को 'भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता' (BNSS), 2023 की धारा 106 के तहत दिए गए सुरक्षा उपायों का पालन करना होगा, ताकि 'महाराष्ट्र भूमि राजस्व संहिता' (Maharashtra Land Revenue Code) के तहत आगे की कार्रवाई की जा सके। कोर्ट ने पुलिस महानिदेशक (DGP) को निर्देश दिया कि वे ऐसे मामलों से निपटने के लिए दिशा-निर्देशों वाला एक सर्कुलर जारी करें।
आगे पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
नामांकन हलफनामे में कमियां: इलाहाबाद हाईकोर्ट ने नेहटौर से BJP MLA का चुनाव किया रद्द
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उत्तर प्रदेश के नेहटौर (अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित) विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक (BJP MLA) ओम कुमार का चुनाव रद्द किया। कोर्ट ने माना कि 'फॉर्म 26' में मांगी गई पांच वित्तीय वर्षों की जानकारी में से चार वर्षों की आय का खुलासा न करना एक गंभीर कमी है।
जस्टिस सलिल कुमार राय ने कहा कि इस जानकारी को न देने के कारण 'जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951' की धारा 36(2) और धारा 36(4) के तहत ओम कुमार का नामांकन पत्र खारिज किया जाना चाहिए।
आगे पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
'विश्वविद्यालय के स्वीकृत पदों पर नियुक्त कर्मचारियों को केवल राज्य सरकार की पूर्व मंजूरी न होने के आधार पर नौकरी से नहीं निकाला जा सकता': पटना हाईकोर्ट
पटना हाईकोर्ट ने कहा कि संबद्ध कॉलेजों में पहले से स्वीकृत पदों पर की गई नियुक्तियों को केवल इस आधार पर अमान्य नहीं ठहराया जा सकता कि बिहार राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम, 1976 की धारा 35(2) के तहत राज्य सरकार की पूर्व मंजूरी नहीं ली गई।
जस्टिस कुमार मनीष की सिंगल बेंच ने कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों के शिक्षण और गैर-शिक्षण कर्मचारियों द्वारा दायर कई रिट याचिकाओं को स्वीकार किया और उनकी नियुक्तियों को खारिज करने वाले राज्य सरकार के आदेशों को रद्द किया। अदालत ने कहा कि वर्षों की सेवा के बाद उन्हें नौकरी से निकालने का निर्देश देना मनमाना, भेदभावपूर्ण और संविधान के अनुच्छेद 14, 16 और 21 का उल्लंघन है।
आगे पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
वेटिंग लिस्ट से नियुक्त उम्मीदवार बेहतर मेरिट के आधार पर पहले नियुक्त लोगों से सीनियरिटी का दावा नहीं कर सकता: जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट
जम्मू-कश्मीर एंड लद्दाख हाईकोर्ट की जस्टिस संजीव कुमार और जस्टिस मो. यूसुफ वानी की डिवीजन बेंच ने कहा कि यदि कोई चयनित उम्मीदवार नौकरी ज्वाइन नहीं करता है। उसकी जगह किसी दूसरे उम्मीदवार को नियुक्त किया जाता है तो वह उम्मीदवार पहले से नियुक्त आरक्षित श्रेणी (रिजर्व कैटेगरी) के उम्मीदवारों पर वरिष्ठता का दावा नहीं कर सकता।
आगे पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पोस्टिंग के खिलाफ आवेदन देकर कर्मचारी ट्रांसफर से इनकार नहीं कर सकता और न ही ड्यूटी से अनुपस्थित रह सकता है: पटना हाईकोर्ट
पटना हाईकोर्ट की जस्टिस मोहित कुमार शाह और जस्टिस सुरेंद्र पांडे डिवीजन बेंच ने कहा कि कोई कर्मचारी केवल आवेदन (रिप्रेजेंटेशन) देकर अपने ट्रांसफर से इनकार नहीं कर सकता और न ही ड्यूटी से अनुपस्थित रह सकता है। कोर्ट ने कहा कि ट्रांसफर सेवा का एक सामान्य हिस्सा है और प्रशासनिक जरूरतों के आधार पर पोस्टिंग तय करने का अधिकार नियोक्ता (Employer) के पास होता है।
आगे पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
'संथाल महिलाओं को पिता की संपत्ति से बेदखल करने वाला पुराना फैसला अब मान्य नहीं': झारखंड हाईकोर्ट ने बेटी के संपत्ति अधिकारों को बरकरार रखा
झारखंड हाईकोर्ट ने कहा कि 'करण मुर्मू बनाम कमिश्नर, संथाल परगना, दुमका' मामले में दिया गया उसका पुराना फैसला अब एक आधिकारिक नजीर नहीं माना जा सकता। यह फैसला इस सवाल पर था कि क्या संथाल समुदाय में ऐसी कोई प्रथा है, जो महिलाओं को उनके पिता की संपत्ति में हिस्सा पाने से रोकती है।
कोर्ट ने 'नारायण सोरेन बनाम रंजन मुर्मू' मामले में दिए गए तर्कों को सही माना, जिसमें यह स्वीकार किया गया था कि संथाल समुदाय में महिलाओं को संपत्ति मिलने से जुड़ी प्रथाओं में काफी बदलाव आए।
आगे पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पत्नी की कमाने की क्षमता मात्र से भरण-पोषण का अधिकार खत्म नहीं होता: राजस्थान हाईकोर्ट
राजस्थान हाईकोर्ट ने कहा कि पत्नी की कमाने की क्षमता मात्र उसके भरण-पोषण के अधिकार को खत्म नहीं कर सकती। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि शैक्षणिक योग्यता और वास्तविक आर्थिक आत्मनिर्भरता दो अलग-अलग बातें हैं।
जस्टिस फरजंद अली ने कहा कि कानून यह अपेक्षा नहीं करता कि पत्नी केवल अपनी शैक्षणिक योग्यता के आधार पर अपना भरण-पोषण करे, खासकर तब जब उसके पास खुद का कोई स्थापित और पर्याप्त आय का स्रोत न हो। केवल यह कह देना कि पत्नी कमाने में सक्षम है, पति के भरण-पोषण के दायित्व को खत्म करने के लिए पर्याप्त नहीं है।
आगे पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
'तलाक-ए-हसन' के वैध उच्चारण और पत्नी तक इसकी सूचना पहुंचने का प्रमाण देने की जिम्मेदारी पति पर: राजस्थान हाईकोर्ट
राजस्थान हाईकोर्ट ने कहा कि तलाक-ए-हसन के आधार पर विवाह विच्छेद की घोषणा मांगने वाले पति पर ही यह साबित करने का पूरा भार है कि तलाक का वैध तरीके से उच्चारण किया गया और इसकी सूचना पत्नी तक पहुंचाई गई। केवल तलाक देने का दावा कर देने से विवाह समाप्त नहीं हो जाता।
जस्टिस अरुण मोंगा और जस्टिस योगेंद्र कुमार पुरोहित की खंडपीठ ने यह टिप्पणी फैमिली कोर्ट के उस आदेश के खिलाफ अपील पर सुनवाई करते हुए की, जिसमें सुन्नी मुस्लिम पर्सनल लॉ के तहत तलाक-ए-हसन के जरिए विवाह विच्छेद की घोषणा मांगने वाला पति का मुकदमा खारिज कर दिया गया।
आगे पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
लगातार तीन साल विदेशी चंदा न मिलने पर FCRA पंजीकरण रद्द नहीं किया जा सकता: गुवाहाटी हाईकोर्ट
गुवाहाटी हाईकोर्ट ने कहा है कि किसी संगठन को लगातार तीन साल तक विदेशी अंशदान नहीं मिलने का तथ्य अकेले उसके विदेशी अंशदान (विनियमन) अधिनियम, 2010 (FCRA) के तहत पंजीकरण रद्द करने का आधार नहीं हो सकता। जस्टिस देवाशीष बरुआ ने असम स्थित संस्था देशबंधु क्लब का FCRA पंजीकरण रद्द करने के गृह मंत्रालय के आदेशों को रद्द किया।
आगे पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
ST महिलाएं अदालत की डिक्री के बिना प्रथागत तलाक के आधार पर सरकारी नौकरी में तलाकशुदा कोटे का लाभ नहीं ले सकतीं: राजस्थान हाईकोर्ट
राजस्थान हाईकोर्ट की फुल बेंच ने फैसला सुनाया कि अनुसूचित जनजाति (ST) समुदाय की महिलाएं सक्षम अदालत से विवाह विच्छेद की घोषणा या डिक्री प्राप्त किए बिना केवल प्रथागत तलाक के आधार पर सरकारी नौकरियों में तलाकशुदा श्रेणी के तहत आरक्षण का दावा नहीं कर सकतीं।
चीफ जस्टिस संजय के. अग्रवाल, जस्टिस समीर जैन और जस्टिस प्रमिल कुमार माथुर की फुल बेंच ने कहा कि हिंदू विवाह अधिनियम, 1955 की धारा 2(2) के तहत अनुसूचित जनजाति के सदस्यों को अधिनियम के दायरे से मिली छूट का यह अर्थ नहीं है कि सार्वजनिक रोजगार में आरक्षण का दावा करने के लिए उन्हें सक्षम अदालत की डिक्री के जरिए अपना तलाकशुदा होना साबित करने की जरूरत नहीं है।
आगे पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
Cheque Dishonour | निदेशक को उनकी व्यक्तिगत हैसियत में भेजा गया डिमांड नोटिस कंपनी के लिए वैध नोटिस नहीं माना जाएगा: आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट
आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट ने कहा कि चेक बाउंस होने के मामले में, यदि किसी कंपनी के निदेशक को उनकी व्यक्तिगत हैसियत में डिमांड नोटिस भेजा जाता है तो इसे कंपनी के लिए वैध कानूनी नोटिस नहीं माना जाएगा। अदालत ने स्पष्ट किया कि शिकायत में निदेशक का उल्लेख होने का मतलब यह नहीं है कि कंपनी को आरोपी बनाने और उसे कानूनी नोटिस भेजने की अनिवार्य आवश्यकता पूरी हो गई।
आगे पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
ज़मींदारी उन्मूलन अधिनियम | किसी कब्ज़ेदार को भूमिधारी अधिकार मिलने से दूसरे दावेदार का मुकदमा दायर करना अपने आप नहीं रुक जाता: इलाहाबाद हाईकोर्ट
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा कि 'उत्तर प्रदेश ज़मींदारी उन्मूलन और भूमि सुधार अधिनियम, 1950' की धारा 122-B(4-F) के तहत किसी एक कब्ज़ेदार को भूमिधारी अधिकार मिलने का मतलब यह नहीं है कि कोई दूसरा दावेदार उसी संपत्ति पर अपने अधिकार साबित करने के लिए अधिनियम की धारा 229-B के तहत 'घोषणात्मक मुकदमा' (Declaratory Suit) दायर नहीं कर सकता।
अदालत ने यह भी कहा कि अधिनियम की धारा 333 के तहत ऐसे आदेश के खिलाफ दायर 'पुनरीक्षण याचिका' (Revision) खारिज होने का मतलब यह नहीं है कि ऐसा मुकदमा दायर करने पर रोक लग गई।
आगे पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
वैधानिक सीलें सही-सलामत हैं तो फ्यूल डिस्पेंसिंग यूनिट्स में अतिरिक्त फिटिंग मिलने के आधार पर पेट्रोल पंप की डीलरशिप रद्द नहीं की जा सकती: इलाहाबाद हाईकोर्ट
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा कि किसी फ्यूल रिटेल आउटलेट (पेट्रोल पंप) की डीलरशिप केवल इसलिए रद्द नहीं की जा सकती, क्योंकि डिस्पेंसिंग यूनिट्स के अंदर कुछ अतिरिक्त इलेक्ट्रॉनिक फिटिंग पाई गई हैं—खासकर तब, जब 'वेट्स एंड मेजर्स डिपार्टमेंट' (Weights and Measures Department) की सीलें सही-सलामत हों और तेल कंपनी के पास ऐसा कोई ठोस सबूत न हो, जो डीलर को ईंधन की डिलीवरी में कथित हेराफेरी से जोड़ता हो।
कोर्ट ने यह भी कहा कि 'मार्केटिंग डिसिप्लिन गाइडलाइंस, 2012' (Marketing Discipline Guidelines, 2012) के क्लॉज 8.6 के अनुसार, किसी गंभीर अनियमितता के लिए डीलरशिप रद्द करने से पहले संबंधित व्यक्ति को अपना पक्ष रखने का मौका (Personal Hearing) देना जरूरी है, जो कि इस मामले में नहीं दिया गया।
आगे पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
PG आवास 'लीज' के बजाय 'लाइसेंस' की प्रकृति का है, इस पर 'दिल्ली रेंट कंट्रोल एक्ट' लागू नहीं होता: हाईकोर्ट
दिल्ली हाईकोर्ट ने कहा कि 'पेइंग गेस्ट' (PG) आवास की व्यवस्था 'लीज' (पट्टे) की तुलना में 'लाइसेंस' के अधिक करीब है। ऐसा इसलिए है, क्योंकि इसमें रहने वाले व्यक्ति को केवल किसी विशेष कमरे या जगह का उपयोग करने की अनुमति होती है, जबकि पूरी जगह का प्रबंधन और नियंत्रण मालिक के पास ही रहता है।
जस्टिस नीना बंसल कृष्णा ने कहा कि ऐसी व्यवस्था में 'लाइसेंसी' (अनुमति प्राप्त व्यक्ति) के तौर पर रहने वाला व्यक्ति 'दिल्ली किराया नियंत्रण अधिनियम, 1958' के तहत सुरक्षा का दावा नहीं कर सकता। साथ ही लाइसेंस खत्म होने पर उसे वह जगह खाली करनी होगी।
आगे पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
यूपी लैंड रेवेन्यू एक्ट, 1901 की धारा 174 के तहत नीलामी बिक्री कन्फर्म हो जाने पर कमिश्नर उसे रद्द नहीं कर सकते: इलाहाबाद हाईकोर्ट
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा कि एक बार जब यूपी लैंड रेवेन्यू एक्ट, 1901 की धारा 174 के तहत नीलामी बिक्री कन्फर्म हो जाती है तो कमिश्नर उसे रद्द नहीं कर सकते। ऐसा तब भी नहीं किया जा सकता, जब बिक्री के प्रकाशन या संचालन में किसी बड़ी अनियमितता का आरोप लगाते हुए, तय समय-सीमा के बाद कोई आपत्ति दर्ज कराई गई हो।
कोर्ट ने कहा कि इस तरह का कोई भी आदेश, चाहे उसे किसी भी रूप में पेश किया जाए, असल में कन्फर्मेशन को फिर से खोलने जैसा है। जबकि, इस एक्ट के तहत कमिश्नर को किसी भी फैसले की समीक्षा (Review) करने का अधिकार नहीं दिया गया।
आगे पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
लंबे समय से काम कर रहे एड-हॉक कर्मचारी को ग्रेच्युटी देने से मना नहीं किया जा सकता; ऐसे कर्मचारी को रिटायरमेंट लाभों के लिए नियमित माना जाएगा: त्रिपुरा हाईकोर्ट
त्रिपुरा हाईकोर्ट ने कहा कि जिस कर्मचारी ने लगभग 33 वर्षों तक लगातार सेवा दी है, उसे रिटायरमेंट लाभों से वंचित करने के लिए 'तदर्थ' (एड-हॉक) कर्मचारी नहीं माना जा सकता। अदालत ने कहा कि रिटायरमेंट लाभों के उद्देश्य से, ऐसे कर्मचारी को नियमित कर्मचारी माना जाना चाहिए।
अदालत ने त्रिपुरा हॉर्टिकल्चर कॉर्पोरेशन लिमिटेड को निर्देश दिया कि वह कर्मचारी को 20 लाख रुपये की ग्रेच्युटी और उस पर 7% वार्षिक ब्याज का भुगतान करे।
आगे पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हिंदू-ईसाई के बीच शादी को 'हिंदू विवाह अधिनियम' के तहत पंजीकरण कराकर वैध नहीं कहा जा सकता: मद्रास हाईकोर्ट
मद्रास हाईकोर्ट ने कहा कि एक हिंदू और एक गैर-हिंदू के बीच की शादी 'हिंदू विवाह अधिनियम' (Hindu Marriage Act) के तहत नहीं हो सकती। ऐसी शादी को केवल पंजीकरण (Registration) करा लेने भर से वैध नहीं माना जा सकता। [2026 LiveLaw (Mad) 556]
जस्टिस सी.वी. कार्तिकेयन और जस्टिस एस. रवीकुमार की बेंच ने ईसाई पुरुष और हिंदू महिला के बीच हुई शादी को अमान्य (void) घोषित कर दिया। कोर्ट ने कहा कि यह शादी 'हिंदू विवाह अधिनियम' के तहत संपन्न ही नहीं हो सकती थी।
आगे पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
'केवल वाहन चालक पर 'आवश्यक वस्तु अधिनियम' के तहत मुकदमा नहीं चलाया जा सकता': पटना हाईकोर्ट
पटना हाईकोर्ट ने कहा कि किसी व्यक्ति पर 'आवश्यक वस्तु अधिनियम' (Essential Commodities Act) की धारा 7 के तहत केवल इसलिए मुकदमा नहीं चलाया जा सकता, क्योंकि वह ऐसा वाहन चला रहा था, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के अनाज को कहीं और भेजने (डायवर्जन) के लिए किया गया।
अदालत ने कहा कि यदि ऐसा कोई सबूत नहीं है, जो चालक को PDS स्टॉक के स्वामित्व, उसे सौंपे जाने, उसकी बिक्री या उसके दुरुपयोग से जोड़ता हो, तो केवल चालक होने के आधार पर उस पर आपराधिक जिम्मेदारी तय नहीं की जा सकती।
आगे पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
'वोटर ID या इलेक्टोरल फोटो आइडेंटिटी कार्ड (EPIC) नागरिकता का सबूत नहीं': गुवाहाटी हाईकोर्ट
असम की महिला को विदेशी घोषित करने वाले 'फॉरेनर्स ट्रिब्यूनल' (विदेशी न्यायाधिकरण) का फैसला सही ठहराते हुए गुवाहाटी हाईकोर्ट ने कहा कि किसी व्यक्ति का वोटर ID या इलेक्टोरल फोटो आइडेंटिटी कार्ड (EPIC) उसकी नागरिकता साबित नहीं करता।
जस्टिस कल्याण राय सुराना और जस्टिस सुष्मिता फुकन खाउंड की बेंच ने यह टिप्पणी तब की, जब उन्होंने ट्रिब्यूनल के 2022 के उस फैसले के खिलाफ महिला की याचिका खारिज की, जिसमें उसे विदेशी घोषित किया गया। ट्रिब्यूनल ने माना था कि वह 25 मार्च 1971 को या उसके बाद अवैध रूप से भारत में आई थी।
आगे पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
BRO के असैन्य अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही में UPSC से परामर्श अनिवार्य नहीं: गुवाहाटी हाईकोर्ट
गुवाहाटी हाईकोर्ट ने कहा कि सीमा सड़क संगठन (BRO) के असैन्य अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) से परामर्श करना आवश्यक नहीं है।
जस्टिस नचुम्बेमो मोजुई ने स्पष्ट किया कि UPSC (परामर्श से छूट) विनियम, 1958 के विनियम 5(2) के तहत रक्षा सेवा (असैन्य) से जुड़े व्यक्ति के मामले में सरकार को आयोग से परामर्श करने की छूट है।
आगे पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
धार्मिक संस्थाओं की संपत्ति की रक्षा करना राज्य का दायित्व, बेहतर उपयोग के नाम पर कब्जा नहीं कर सकता: पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट
पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने कहा कि राज्य किसी धार्मिक संस्था की संपत्ति का स्वामित्व तब तक अपने हाथ में नहीं ले सकता, जब तक वह कानून के अनुसार उसका अधिग्रहण न करे और मुआवजा न दे। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि राज्य का दायित्व धार्मिक संस्थाओं की संपत्ति को हड़पने से बचाना है, न कि बेहतर उपयोग के नाम पर खुद उस पर कब्जा करना।
जस्टिस पंकज जैन ने सुनाम तहसील स्थित डेरा साधन बाबा बिहारी गिर के श्रद्धालुओं की ओर से दाखिल याचिका स्वीकार कर ली। यह याचिका वर्ष 1994 से लंबित थी।
आगे पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
1994 के यूपी संशोधन के बाद राज्य से बाहर रजिस्टर्ड जमीन की सेल डीड शून्य, उससे बैंक के पक्ष में वैध बंधक भी नहीं बना: इलाहाबाद हाईकोर्ट
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा कि उत्तर प्रदेश में स्थित अचल संपत्ति से संबंधित सेल डीड का राज्य के बाहर रजिस्ट्रेशन वैध नहीं है, यदि यह रजिस्ट्रेशन अधिनियम, 1908 में उत्तर प्रदेश संशोधन अधिनियम, 1994 के लागू होने के बाद किया गया हो।
कोर्ट ने स्पष्ट किया कि संशोधन के बाद मुंबई के सब-रजिस्ट्रार के पास उत्तर प्रदेश की जमीन से संबंधित दस्तावेज रजिस्टर्ड करने का अधिकार क्षेत्र नहीं था। ऐसे रजिस्ट्रेशन को शून्य माना जाएगा और उन दस्तावेजों को बैंक में जमा करने मात्र से वैध न्यायसंगत बंधक (इक्विटेबल मॉर्गेज) नहीं बनता।
आगे पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
बेईमानी या धोखाधड़ी की मंशा न होने पर लिव-इन पार्टनर का मोबाइल फोन इस्तेमाल करना IT Act के तहत अपराध नहीं: कर्नाटक हाईकोर्ट
कर्नाटक हाईकोर्ट ने कहा कि लिव-इन रिलेशनशिप में रहने वाले पार्टनर द्वारा एक-दूसरे का मोबाइल फोन इस्तेमाल करना, रिश्ते में खटास आने के बाद अपने आप में सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) की धारा 65 और 66 के तहत अपराध नहीं बनता। इन धाराओं के तहत अपराध गठित होने के लिए बेईमानी या धोखाधड़ी की मंशा होना जरूरी है।
जस्टिस एच.पी. संदेश ने पूर्व लिव-इन पार्टनर्स की ओर से दायर तीन याचिकाएं स्वीकार करते हुए आपस में जुड़ी तीन आपराधिक कार्यवाहियां रद्द कीं। इनमें दो मामले महिला के खिलाफ और एक पुरुष के खिलाफ था। लिव-इन रिलेशनशिप टूटने के बाद दोनों ने एक-दूसरे पर कंप्यूटर स्रोत दस्तावेजों से छेड़छाड़, रेप और धोखाधड़ी के आरोप लगाए।
आगे पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
यौन मंशा से नाबालिग का हाथ पकड़ना POCSO Act के तहत 'यौन हमला': मध्य प्रदेश हाईकोर्ट
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने माना कि यौन मंशा से किसी नाबालिग लड़की का हाथ पकड़ना 'बच्चों को यौन अपराधों से संरक्षण अधिनियम' (POCSO Act) की धारा 7 के तहत 'यौन हमला' (Sexual Assault) माना जाएगा। [2026 LiveLaw (MP) 468]
जस्टिस आलोक अवस्थी की बेंच ने टिप्पणी की: "यौन मंशा से किसी नाबालिग लड़की का हाथ पकड़ना - उन परिस्थितियों में जो साबित हुई हैं (जैसे घर में अकेले होना, उम्र और रूप-रंग के बारे में निजी सवाल पूछना, विरोध करने पर भी हाथ न छोड़ना, और फिर धमकी देना) - स्पष्ट रूप से POCSO Act की धारा 7 के तहत 'यौन हमला' (Sexual Assault) के दायरे में आता है। (धारा 7 के अनुसार: 'जो कोई भी, यौन मंशा से बच्चे के जननांगों, गुदा या स्तन को छूता है, या बच्चे से अपने या किसी अन्य व्यक्ति के जननांगों, गुदा या स्तन को छुआता है, या यौन मंशा से कोई ऐसा अन्य कृत्य करता है जिसमें बिना प्रवेश (Penetration) के शारीरिक संपर्क शामिल हो')।"
आगे पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
POSH Act | क्रॉस एग्जामिनेशन करना पूर्ण अधिकार नहीं, लेकिन आरोपी को साक्ष्यों का जवाब देने का उचित अवसर देना जरूरी: दिल्ली हाईकोर्ट
दिल्ली हाईकोर्ट ने कहा कि यौन उत्पीड़न की कार्यवाही में क्रॉस एग्जामिनेशन करना पूर्ण अधिकार नहीं है लेकिन आरोपों का सामना कर रहे व्यक्ति को उसके खिलाफ इस्तेमाल किए जा रहे गवाहों के बयान और दस्तावेज उपलब्ध कराना तथा प्रतिकूल निष्कर्ष दर्ज करने से पहले उनका जवाब देने का उचित अवसर देना जरूरी है।
जस्टिस अमित महाजन ने कहा कि यौन उत्पीड़न की कार्यवाही की संवेदनशील प्रकृति प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों का पालन करने की आवश्यकता को समाप्त नहीं करती।
आगे पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
आरक्षण का दावा करने के बाद अनारक्षित श्रेणी में जाने का विकल्प उम्मीदवार का अधिकार नहीं: इलाहाबाद हाईकोर्ट
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा कि ऑनलाइन आवेदन में खुद को आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) का उम्मीदवार घोषित करने वाला अभ्यर्थी चयन प्रक्रिया के बाद के चरण में अनारक्षित (UR) श्रेणी में विचार किए जाने का दावा नहीं कर सकता, यदि भर्ती विज्ञापन में आवेदन की अंतिम तारीख के बाद श्रेणी बदलने पर रोक हो और आरक्षण का दावा साबित न होने पर अनारक्षित श्रेणी में जाने का कोई प्रावधान न हो।
जस्टिस मंजू रानी चौहान ने कहा कि अनारक्षित श्रेणी ऐसा वैकल्पिक रास्ता नहीं है, जिसका इस्तेमाल उम्मीदवार अपनी सुविधा के अनुसार आरक्षण का मूल दावा करने के बाद कर सके। हालांकि, आरक्षित श्रेणी का कोई उम्मीदवार बिना किसी छूट या रियायत का लाभ लिए अपनी योग्यता के आधार पर चयनित होता है, तो उसे अनारक्षित पद के लिए विचार किए जाने का अधिकार हो सकता है। लेकिन इस सिद्धांत का अर्थ यह नहीं है कि उम्मीदवार भर्ती विज्ञापन की स्पष्ट शर्तों को दरकिनार कर चयन प्रक्रिया के किसी भी चरण में अपनी घोषित श्रेणी बदल सकता है।
आगे पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
सीनियर सिटीजन को उनकी इच्छा के विरुद्ध अपने ही घर में बच्चों के साथ रहने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता: दिल्ली हाईकोर्ट
दिल्ली हाईकोर्ट ने कहा कि किसी सीनियर सिटीजन को उसकी इच्छा के विरुद्ध अपने ही घर में अपने बच्चों के साथ रहने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता। खासकर तब, जब उनके बीच के रिश्ते इतने खराब हो गए हों कि उन्हें बच्चों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करनी पड़े और पुलिस की मदद लेनी पड़े। जस्टिस अमित महाजन ने कहा, "85 साल की उम्र में याचिकाकर्ता को अपने ही घर में शांति और सम्मान के साथ रहने का पूरा अधिकार है।"
आगे पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
संज्ञान लेने से पहले रिटायर हो चुके लोक सेवक को कार्यकाल में कथित अपराध के लिए PC Act की धारा 19 का संरक्षण नहीं: पटना हाईकोर्ट
पटना हाईकोर्ट ने कहा कि जिस लोक सेवक के खिलाफ अदालत द्वारा अपराध का संज्ञान लेने से पहले ही सेवानिवृत्ति हो चुकी हो, वह केवल इस आधार पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (PC Act) की धारा 19 के तहत अभियोजन से संरक्षण का दावा नहीं कर सकता कि कथित अपराध उसके सरकारी कार्यकाल के दौरान हुआ था। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि केवल इस वजह से CrPC की धारा 197 का संरक्षण स्वतः नहीं मिल जाता कि कथित कृत्य लोक सेवक के पद पर रहते हुए किए गए।

