बेईमानी या धोखाधड़ी की मंशा न होने पर लिव-इन पार्टनर का मोबाइल फोन इस्तेमाल करना IT Act के तहत अपराध नहीं: कर्नाटक हाईकोर्ट

  • बेईमानी या धोखाधड़ी की मंशा न होने पर लिव-इन पार्टनर का मोबाइल फोन इस्तेमाल करना IT Act के तहत अपराध नहीं: कर्नाटक हाईकोर्ट

    कर्नाटक हाईकोर्ट ने कहा कि लिव-इन रिलेशनशिप में रहने वाले पार्टनर द्वारा एक-दूसरे का मोबाइल फोन इस्तेमाल करना, रिश्ते में खटास आने के बाद अपने आप में सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) की धारा 65 और 66 के तहत अपराध नहीं बनता। इन धाराओं के तहत अपराध गठित होने के लिए बेईमानी या धोखाधड़ी की मंशा होना जरूरी है।

    जस्टिस एच.पी. संदेश ने पूर्व लिव-इन पार्टनर्स की ओर से दायर तीन याचिकाएं स्वीकार करते हुए आपस में जुड़ी तीन आपराधिक कार्यवाहियां रद्द कीं। इनमें दो मामले महिला के खिलाफ और एक पुरुष के खिलाफ था। लिव-इन रिलेशनशिप टूटने के बाद दोनों ने एक-दूसरे पर कंप्यूटर स्रोत दस्तावेजों से छेड़छाड़, रेप और धोखाधड़ी के आरोप लगाए।

    पुरुष की शिकायत पर IT Act की धारा 65 और 66 के तहत दर्ज FIR में आरोप लगाया गया कि महिला ने उसके मोबाइल फोन तक अनधिकृत पहुंच बनाई, निजी डेटा का इस्तेमाल किया और उसे डिलीट किया।

    हाईकोर्ट ने कहा,

    “दोनों बिजनेस से जुड़े लोगों और पारिवारिक मित्रों के बारे में चर्चा करते थे। जब वे साथ रह रहे थे, तब एक-दूसरे का मोबाइल इस्तेमाल करने से IT Act की धारा 65 और 66 लागू नहीं होंगी। इन धाराओं के तहत अपराध बनने के लिए बेईमानी और धोखाधड़ी की मंशा होनी चाहिए।”

    कोर्ट ने कहा कि जब दो लोग रिश्ते में हों, तो केवल मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने के आधार पर आपराधिक मुकदमा शुरू नहीं किया जा सकता।

    कोर्ट ने आगे कहा,

    “इसमें कोई संदेह नहीं कि FIR रद्द करते समय अदालत को केवल शिकायत की सामग्री देखनी होती है। लेकिन मौजूदा मामले में यह ध्यान देना जरूरी है कि दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में थे और मोबाइल इस्तेमाल करने में कोई बेईमानी की मंशा नहीं हो सकती। इन परिस्थितियों को देखते हुए कोई आपराधिक मुकदमा नहीं चलाया जा सकता। सुप्रीम कोर्ट के भजन लाल मामले में बताए गए सिद्धांतों के अनुसार, रिश्ते में तनाव आने के बाद बदला लेने के इरादे से शिकायत दर्ज की गई।”

    इसी आधार पर हाईकोर्ट ने महिला के खिलाफ IT Act के तहत दर्ज कार्यवाही रद्द की।

    लिव-इन रिलेशनशिप टूटना अपने आप में आपराधिक मुकदमे का आधार नहीं

    सुप्रीम कोर्ट के फैसले प्रमोद कुमार नवरत्न बनाम छत्तीसगढ़ राज्य एवं अन्य (2026) पर भरोसा करते हुए हाईकोर्ट ने कहा कि सहमति से बने रिश्ते का केवल टूट जाना आपराधिक कार्यवाही शुरू करने का आधार नहीं हो सकता।

    कोर्ट ने कहा,

    “याचिकाकर्ता के वकील द्वारा जिन फैसलों पर भरोसा किया गया, उनमें निर्धारित सिद्धांत याचिकाकर्ता के पक्ष में हैं। दोनों के बीच लिव-इन रिलेशनशिप था और सहमति से बने रिश्ते का केवल टूट जाना आपराधिक कार्यवाही शुरू करने का आधार नहीं हो सकता, जैसा कि प्रमोद कुमार नवरत्न के फैसले के पैराग्राफ 27 में कहा गया है।”

    कोर्ट ने आगे कहा कि लिव-इन रिलेशनशिप में रहते हुए दोनों को उसके परिणामों की जानकारी थी। इसलिए रेप, घर में अनधिकृत प्रवेश और आपराधिक धमकी के आरोपों में दर्ज FIR रद्द करने के लिए CrPC की धारा 482 के तहत शक्तियों का इस्तेमाल करना उचित मामला है।.

    धोखाधड़ी और आपराधिक धमकी का मामला

    IPC की धारा 420 और 506 के तहत धोखाधड़ी और आपराधिक धमकी के आरोपों से जुड़े मामले पर विचार करते हुए हाईकोर्ट ने नोट किया कि दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में थे और उनकी सगाई की रस्म भी हुई।

    कोर्ट ने कहा कि वित्तीय लेनदेन को लेकर मतभेद और आरोप रिश्ते में तनाव आने के बाद सामने आए। लेनदेन की शुरुआत में धोखाधड़ी करने की कोई मंशा नहीं थी।

    पीठ ने कहा,

    “लेनदेन की शुरुआत में धोखाधड़ी करने की कोई मंशा नहीं थी। इसलिए IPC की धारा 420 और धारा 506 के तहत कार्यवाही नहीं चल सकती। यह शिकायत बाद में सोच-विचार कर दर्ज की गई प्रतीत होती है। जब IPC की धारा 420 के तहत अपराध के आवश्यक तत्व ही पूरे नहीं होते, तो आपराधिक मुकदमे का सामना करने का सवाल नहीं उठता।”

    इस आधार पर हाईकोर्ट ने शिकायत से उत्पन्न आपराधिक कार्यवाही भी रद्द की।


    Next Story