वैधानिक सीलें सही-सलामत हैं तो फ्यूल डिस्पेंसिंग यूनिट्स में अतिरिक्त फिटिंग मिलने के आधार पर पेट्रोल पंप की डीलरशिप रद्द नहीं की जा सकती: इलाहाबाद हाईकोर्ट

  • वैधानिक सीलें सही-सलामत हैं तो फ्यूल डिस्पेंसिंग यूनिट्स में अतिरिक्त फिटिंग मिलने के आधार पर पेट्रोल पंप की डीलरशिप रद्द नहीं की जा सकती: इलाहाबाद हाईकोर्ट

    इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा कि किसी फ्यूल रिटेल आउटलेट (पेट्रोल पंप) की डीलरशिप केवल इसलिए रद्द नहीं की जा सकती, क्योंकि डिस्पेंसिंग यूनिट्स के अंदर कुछ अतिरिक्त इलेक्ट्रॉनिक फिटिंग पाई गई हैं—खासकर तब, जब 'वेट्स एंड मेजर्स डिपार्टमेंट' (Weights and Measures Department) की सीलें सही-सलामत हों और तेल कंपनी के पास ऐसा कोई ठोस सबूत न हो, जो डीलर को ईंधन की डिलीवरी में कथित हेराफेरी से जोड़ता हो।

    कोर्ट ने यह भी कहा कि 'मार्केटिंग डिसिप्लिन गाइडलाइंस, 2012' (Marketing Discipline Guidelines, 2012) के क्लॉज 8.6 के अनुसार, किसी गंभीर अनियमितता के लिए डीलरशिप रद्द करने से पहले संबंधित व्यक्ति को अपना पक्ष रखने का मौका (Personal Hearing) देना जरूरी है, जो कि इस मामले में नहीं दिया गया।

    जस्टिस इरशाद अली ने कहा,

    "05.05.2017 की निरीक्षण रिपोर्ट से स्पष्ट है कि भले ही चार डिस्पेंसिंग यूनिट्स में कथित तौर पर अतिरिक्त फिटिंग पाई गईं, लेकिन 'वेट्स एंड मेजर्स डिपार्टमेंट' की सीलें सही-सलामत थीं। साथ ही, केवल एक नोजल से ईंधन की कम डिलीवरी (Short Delivery) का पता चला था। प्रतिवादी (तेल कंपनी) ऐसे कोई ठोस सबूत पेश नहीं कर पाए, जिनसे यह साबित हो सके कि याचिकाकर्ताओं ने खुद ये फिटिंग लगवाईं, या इन फिटिंग की वजह से वास्तव में ईंधन की डिलीवरी में कोई हेराफेरी हुई।"

    याचिकाकर्ता नंबर 1 एक पार्टनरशिप फर्म है। इसकी डीलरशिप सबसे पहले 1990 में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन द्वारा याचिकाकर्ता नंबर 2 को दी गई, जो लगभग 27 वर्षों तक चली। इस आउटलेट पर चार अलग-अलग कंपनियों की पांच डिस्पेंसिंग यूनिट्स थीं, और हर यूनिट में चार नोजल लगे थे।

    05.05.2017 को स्पेशल टास्क फोर्स, लीगल मेट्रोलॉजी और सप्लाई डिपार्टमेंट, तेल कंपनी और निर्माताओं के सर्विस इंजीनियरों की एक संयुक्त टीम ने आउटलेट का निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि चार यूनिट्स के 'पल्सर कार्ड' (Pulsar Cards) में अतिरिक्त फिटिंग लगी थीं। इसके अलावा, GVR यूनिट के एक नोजल से 5 लीटर ईंधन में 150 मिलीलीटर की कमी पाई गई। हालांकि, यह भी नोट किया गया कि 'वेट्स एंड मेजर्स डिपार्टमेंट' की सीलें पूरी तरह सुरक्षित (Intact) थीं।

    इसके बाद 03.07.2017 को डीलरशिप रद्द कर दी गई और सिक्योरिटी डिपॉजिट जब्त कर लिया गया। तेल उद्योग के 'डिस्प्यूट रेजोल्यूशन पैनल' (Dispute Resolution Panel) के समक्ष दायर अपील को भी 24.05.2019 को खारिज कर दिया गया।

    हाईकोर्ट के सामने याचिकाकर्ताओं ने दलील दी कि ये यूनिट्स कॉरपोरेशन की थीं और इनकी सर्विसिंग केवल निर्माताओं के प्रतिनिधियों द्वारा ही की जाती थी। इसलिए जब तक ये यूनिट्स कानूनी सील के साथ बंद थीं, तब तक याचिकाकर्ताओं की इन मशीनों के अंदरूनी हिस्सों तक कोई पहुंच नहीं थी। उन्होंने बताया कि 'पल्सर असेंबली' को 13.07.2017 को, यानी डीलरशिप खत्म किए जाने के बाद लैब में जांच के लिए भेजा गया। साथ ही 'लीगल मेट्रोलॉजी (जनरल) रूल्स, 2011' के तहत जरूरी टेस्टिंग प्रक्रिया का पालन भी नहीं किया गया।

    यह भी तर्क दिया गया कि उन्हें अपना पक्ष रखने का कोई मौका (पर्सनल हियरिंग) नहीं दिया गया। इसके अलावा, उसी निरीक्षण से जुड़े एक मामले में मजिस्ट्रेट ने 06.04.2019 को उन्हें बरी कर दिया।

    कॉर्पोरेशन ने कहा कि इन फिटिंग्स के जरिए इलेक्ट्रॉनिक सिग्नल्स में हेरफेर करके, असल में दिए गए ईंधन से ज्यादा ईंधन रिकॉर्ड किया जा सकता था। उन्होंने यह भी कहा कि ये यूनिट्स डीलर की कस्टडी में थीं, इसलिए उसकी जानकारी के बिना ये फिटिंग्स नहीं लगाई जा सकतीं। साथ ही कॉरपोरेशन का तर्क था कि पहले हुए संतोषजनक निरीक्षणों का मतलब यह नहीं है कि बाद में पकड़ी गई गड़बड़ियों के लिए उन्हें छूट मिल जाएगी।

    कोर्ट ने पाया कि लैब में जांच, डीलरशिप खत्म करने के आदेश के बाद की गई। GVR और MIDCO की रिपोर्टें मुख्य रूप से केवल देखकर की गई जांच पर आधारित थीं, न कि किसी फंक्शनल टेस्टिंग (काम करने की क्षमता की जांच) पर। वहीं, टोकहेम (Tokheim) की रिपोर्ट में कोई खराबी नहीं मिली। इसलिए इन तकनीकी रिपोर्टों से यह साबित नहीं होता कि याचिकाकर्ताओं की इसमें कोई मिलीभगत थी। कोर्ट ने यह भी गौर किया कि तय टेस्टिंग प्रक्रिया का पालन किए जाने का कोई सबूत नहीं मिला।

    डीलरशिप खत्म करने से पहले अपनाई गई प्रक्रिया पर कोर्ट ने कहा,

    “'मार्केटिंग डिसिप्लिन गाइडलाइंस, 2012' के क्लॉज 8.6 में साफ तौर पर कहा गया कि अगर कोई गंभीर अनियमितता पाई जाती है, तो डीलरशिप खत्म करने से पहले संबंधित व्यक्ति को अपना पक्ष रखने का मौका (पर्सनल हियरिंग) दिया जाना चाहिए। यह बात साफ है कि याचिकाकर्ताओं को ऐसी कोई सुनवाई का मौका नहीं दिया गया। इसके अलावा, सील की गई पल्सर असेंबली को बाद में जब खोला और जांचा गया तो उसमें याचिकाकर्ताओं को शामिल नहीं किया गया।”

    कोर्ट ने माना कि 'मैसर्स प्रकाश ऑटोमोबाइल्स' (इंडियन ऑयल डीलर) का मामला भी याचिकाकर्ताओं के मामले जैसा ही है। इसमें कोई खास अंतर नहीं है। कोर्ट ने कहा कि अपीलीय प्राधिकरण (Appellate Authority) ने फंक्शनल टेस्टिंग, लैब रिपोर्ट की विश्वसनीयता, प्राकृतिक न्याय (Natural Justice) और मिलीभगत के सबूत न होने जैसे मुद्दों पर स्वतंत्र रूप से विचार नहीं किया। इसलिए अपीलीय आदेश भी बिना उचित सोच-विचार के दिया गया।

    आगे कहा गया,

    “लगभग 27 वर्षों से चल रही डीलरशिप को समाप्त करना, साथ ही सिक्योरिटी डिपॉजिट को जब्त कर लेना - वह भी बिना किसी ठोस सबूत के याचिकाकर्ताओं की संलिप्तता साबित किए और बिना अनिवार्य प्रक्रिया का पालन किए - मनमाना है और कानून की नजर में टिक नहीं सकता।”

    इसके अनुसार, कोर्ट ने रिट याचिका स्वीकार की और दोनों विवादित आदेशों को रद्द कर दिया। साथ ही प्रतिवादियों को निर्देश दिया कि वे डीलरशिप को बहाल करें और सामान्य आपूर्ति फिर से शुरू करें। यह बहाली डीलरशिप समझौते की कानूनी शर्तों के पालन के अधीन होगी, और याचिकाकर्ताओं को कानून के अनुसार मिलने वाले सभी लाभ भी दिए जाएंगे।

    Case Title : M/s Aliganj Service Station Through its Partners and Ors. v. Indian Oil Corporation Ltd. Through its M.D. Lucknow and Ors

    अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

    Next Story