लगातार तीन साल विदेशी चंदा न मिलने पर FCRA पंजीकरण रद्द नहीं किया जा सकता: गुवाहाटी हाईकोर्ट
Amir Ahmad
26 Nov 2026 1:20 PM IST

गुवाहाटी हाईकोर्ट ने कहा है कि किसी संगठन को लगातार तीन साल तक विदेशी अंशदान नहीं मिलने का तथ्य अकेले उसके विदेशी अंशदान (विनियमन) अधिनियम, 2010 (FCRA) के तहत पंजीकरण रद्द करने का आधार नहीं हो सकता।
जस्टिस देवाशीष बरुआ ने असम स्थित संस्था देशबंधु क्लब का FCRA पंजीकरण रद्द करने के गृह मंत्रालय के आदेशों को रद्द किया।
हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि FCRA की धारा 14(1)(e) के तहत किसी संस्था का पंजीकरण तभी रद्द किया जा सकता है, जब उसने लगातार दो वर्षों तक समाज के लाभ के लिए अपने चुने हुए क्षेत्र में कोई उचित गतिविधि न की हो या वह निष्क्रिय हो गई हो। केवल विदेशी धन प्राप्त नहीं होना इन दोनों में से किसी भी स्थिति को साबित नहीं करता।
अदालत ने कहा कि पंजीकरण रद्द करने के आदेश में ऐसा कोई निष्कर्ष दर्ज नहीं किया गया कि याचिकाकर्ता संस्था ने लगातार दो वर्षों तक समाज के लाभ के लिए अपने क्षेत्र में उचित गतिविधियां नहीं कीं या वह निष्क्रिय हो गई। आदेश में पंजीकरण रद्द करने का एकमात्र आधार यह बताया गया कि संस्था को लगातार तीन वर्षों तक विदेशी अंशदान प्राप्त नहीं हुआ। यह कारण अधिनियम की धारा 14(1)(e) के अनुरूप नहीं है। इसलिए 27 मार्च 2026 का आदेश कानूनन कायम नहीं रह सकता।
मामले के अनुसार, संस्था का FCRA पंजीकरण मार्च 2022 में नवीनीकृत किया गया। नवंबर 2025 में गृह मंत्रालय ने उसे कारण बताओ नोटिस जारी किया। इसमें आरोप लगाया गया कि संस्था ने लगातार दो वर्षों तक उचित गतिविधियां नहीं कीं या वह निष्क्रिय हो गई।
संस्था ने जवाब में कहा कि उसे वित्त वर्ष 2022-23 से 2024-25 के दौरान विदेशी अंशदान नहीं मिला, लेकिन उसने घरेलू धन के जरिए अपनी स्थानीय गतिविधियां जारी रखीं। संस्था ने इसके समर्थन में अपनी वार्षिक रिपोर्ट और ऑडिट किए गए वित्तीय विवरण भी प्रस्तुत किए।
हालांकि, मंत्रालय ने मार्च 2026 में यह कहते हुए संस्था का पंजीकरण रद्द किया कि वह लगातार तीन वित्तीय वर्षों तक विदेशी अंशदान प्राप्त नहीं होने और उसका उपयोग न किए जाने के संबंध में संतोषजनक स्पष्टीकरण देने में विफल रही। संस्था की पुनरीक्षण याचिका भी जुलाई 2026 में खारिज कर दी गई।
हाईकोर्ट ने पाया कि पंजीकरण रद्द करने के आदेश में ऐसा कोई निष्कर्ष नहीं था कि संस्था ने अपनी उचित गतिविधियां बंद कर दी थीं या वह निष्क्रिय हो गई। अधिकारियों ने केवल विदेशी अंशदान प्राप्त नहीं होने के तथ्य पर भरोसा किया।
इस आधार पर अदालत ने पंजीकरण रद्द करने और पुनरीक्षण याचिका खारिज करने, दोनों आदेशों को रद्द किया। साथ ही संस्था का FCRA पंजीकरण बहाल करने और उसके लिए निर्धारित FCRA बैंक खाते को फिर से चालू करने का निर्देश दिया।
हालांकि, अदालत ने स्पष्ट किया कि यदि अधिनियम की धारा 14(1) में दिए गए किसी अन्य आधार की मौजूदगी सामने आती है, तो संबंधित अधिकारी नए सिरे से कार्यवाही शुरू करने के लिए स्वतंत्र होंगे।

