'कॉकरोच जनता पार्टी' के लिए ट्रेडमार्क की मांग, दो आवेदन दायर

Update: 2026-05-21 11:44 GMT

"कॉकरोच जनता पार्टी" वाक्यांश के लिए दो ट्रेडमार्क आवेदन दायर किए गए। यह एक व्यंग्यात्मक सोशल मीडिया आंदोलन है, जो सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) सूर्यकांत की हालिया टिप्पणियों के बाद शुरू हुआ।

पिछले हफ़्ते एक मामले की सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस ने एक टिप्पणी की थी। उन्होंने मीडिया, सोशल मीडिया और RTI के ज़रिए सक्रियता की ओर मुड़ रहे बेरोज़गार युवाओं की तुलना कॉकरोच से की थी। इसके बाद सोशल मीडिया पर #CockroachJanataParty हैशटैग तेज़ी से वायरल हो गया। बाद में CJI ने स्पष्ट किया कि उनकी टिप्पणियां उन लोगों पर लक्षित थीं, जो फ़र्ज़ी डिग्रियों के साथ पेशों में शामिल हो रहे हैं।

जैसे ही CJI की टिप्पणियां वायरल हुईं, एक सोशल मीडिया आंदोलन शुरू हो गया। कई युवाओं ने दावा किया कि वे "कॉकरोच" हैं, जो व्यवस्था पर सवाल उठाने से नहीं डरते। अभिजीत दिपके ने "कॉकरोच जनता पार्टी" नाम से एक पेज और उसके सोशल मीडिया अकाउंट शुरू किए। कुछ ही दिनों में X और Instagram पर उसके अकाउंट्स के लाखों फ़ॉलोअर्स हो गए।

बता दें, अभिजीत दीपके एक राजनीतिक संचार रणनीतिकार हैं और पहले आम आदमी पार्टी (AAP) के साथ काम कर चुके हैं।

भारत सरकार की ओर से मिली कानूनी मांग के बाद गुरुवार को "कॉकरोच जनता पार्टी" का X हैंडल सस्पेंड कर दिया गया।

इस आंदोलन का फ़ायदा उठाने की कोशिश में दो ट्रेडमार्क आवेदन दायर किए गए।

ट्रेड मार्क्स रजिस्ट्री के पब्लिक सर्च पोर्टल के रिकॉर्ड दिखाते हैं कि "COCKROACH JANTA PARTY" / "Cockroach Janta Party" शब्द-चिह्न के लिए दो अलग-अलग आवेदन क्लास 45 के तहत दायर किए गए। इस क्लास में कानूनी और कुछ व्यक्तिगत सेवाएं शामिल हैं।

पहला आवेदन का नंबर 7737937 है। इसे अज़ीम आदमभाई जाम द्वारा "COCKROACH JANTA PARTY" शब्द-चिह्न के लिए दायर किया गया। दूसरे आवेदन का नंबर 7741481 है, अखंड स्वरूप द्वारा "Cockroach Janta Party" के लिए दायर किया गया। दोनों आवेदनों की वर्तमान स्थिति "Formalities Chk Pass" (औपचारिकताएँ पूरी) दिखा रही है।

Tags:    

Similar News