अमेरिकी संघीय अदालत ने भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को 235 महीने (19 साल और सात महीने) की जेल की सजा सुनाई। उन पर न्यूयॉर्क शहर में अमेरिका स्थित सिख अलगाववादी नेता गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या के लिए साजिश रचने का आरोप है।

अमेरिकी न्याय विभाग ने शुक्रवार (20 नवंबर) को इस सजा की घोषणा की। न्यूयॉर्क के दक्षिणी जिले के अमेरिकी जिला जज विक्टर मारेरो ने यह सजा सुनाई।

55 वर्षीय गुप्ता ने फरवरी 2026 में तीन आरोपों में अपना अपराध स्वीकार कर लिया था: हत्या के लिए साजिश रचना, हत्या की साजिश में शामिल होना और मनी लॉन्ड्रिंग की साजिश रचना।

अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, गुप्ता ने भारतीय सरकारी कर्मचारी विकास यादव के निर्देश पर गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की योजना बनाई थी। पन्नू एक वकील और राजनीतिक कार्यकर्ता हैं, जो भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिक हैं।

अभियोजन पक्ष का आरोप है कि यादव ने मई 2023 में पन्नू की हत्या की साजिश रचने के लिए गुप्ता को काम पर रखा था। यादव के कहने पर गुप्ता ने एक ऐसे व्यक्ति से संपर्क किया, जिसे वह अपना आपराधिक साथी समझता था, ताकि हत्या का सौदा (कॉन्ट्रैक्ट किलिंग) तय किया जा सके। हालांकि, वह व्यक्ति असल में अमेरिकी ड्रग एन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) के साथ काम करने वाला एक गुप्त सूत्र था।

बाद में उस गुप्त सूत्र ने गुप्ता का परिचय एक कथित हत्यारे (हिटमैन) से कराया, जो असल में DEA का अंडरकवर अधिकारी था।

आरोप है कि गुप्ता के जरिए हुई बातचीत के बाद यादव ने पन्नू की हत्या के लिए उस अंडरकवर अधिकारी को 100,000 डॉलर देने पर सहमति जताई। 9 जून 2023 को गुप्ता और यादव ने अपने एक साथी के जरिए हत्या के लिए एडवांस पेमेंट के तौर पर 15,000 डॉलर नकद भिजवाए।

आरोप पत्र में यह भी कहा गया कि यादव ने गुप्ता को पन्नू की निजी जानकारी दी, जिसमें न्यूयॉर्क में उनका घर का पता, फोन नंबर और उनकी दिनचर्या की जानकारी शामिल थी। इसके बाद गुप्ता ने यह सारी जानकारी उस अंडरकवर अधिकारी को दी और हत्या की योजना के बारे में लगातार अपडेट देता रहा। इसमें पन्नू की निगरानी के दौरान ली गई तस्वीरें भी शामिल थीं।

आरोप है कि गुप्ता ने अंडरकवर अधिकारी को जल्द-से-जल्द हत्या करने का निर्देश दिया था, लेकिन विशेष रूप से यह कहा कि भारतीय प्रधानमंत्री की अमेरिका की आधिकारिक राजकीय यात्रा—जो 20 जून, 2023 से शुरू होने वाली थी—के दौरान ऐसा न किया जाए।

न्याय विभाग ने 18 जून, 2023 को कनाडा में सिख अलगाववादी नेता और पन्नून के सहयोगी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या का भी जिक्र किया।

अभियोग के अनुसार, निज्जर की हत्या के अगले दिन, गुप्ता ने अंडरकवर अधिकारी से कहा कि निज्जर “भी एक टारगेट था” और “हमारे पास कई और टारगेट हैं”। उसने आगे कहा कि निज्जर की हत्या के बाद अब पन्नून की हत्या करने के लिए “इंतजार करने की कोई जरूरत नहीं है”।

गुप्ता को अमेरिका के अनुरोध पर 30 जून, 2023 को चेक गणराज्य में गिरफ्तार किया गया। बाद में जून 2024 में उसे अमेरिका प्रत्यर्पित कर दिया गया।

न्याय विभाग ने बताया कि इस मामले में विकास यादव पर भी आरोप लगाए गए, लेकिन इन आरोपों के संबंध में उसे अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया।

सजा की घोषणा करते हुए अमेरिकी अटॉर्नी जेमी मैकडोनाल्ड ने कहा कि यह सजा गुप्ता के आचरण की गंभीरता को दर्शाती है और एक चेतावनी के रूप में काम करती है कि अमेरिका उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई करेगा, जो अमेरिकी धरती पर या अमेरिकी नागरिकों के खिलाफ हिंसा करने की कोशिश करते हैं, चाहे वे कहीं भी हों।

इस जांच को DEA की न्यूयॉर्क ड्रग एनफोर्समेंट टास्क फोर्स और FBI के काउंटरइंटेलिजेंस डिवीजन ने अंजाम दिया, जिसमें अन्य अमेरिकी एजेंसियों और चेक अधिकारियों ने भी सहायता की।

2024 में सुप्रीम कोर्ट ने चेक गणराज्य में अपनी हिरासत को चुनौती देने वाली गुप्ता की 'हेबियस कॉर्पस' (बंदी प्रत्यक्षीकरण) याचिका पर सुनवाई करने से इनकार किया था।

अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

Tags: