मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की मुख्य पीठ, जबलपुर परिसर में 6 नवंबर 2026 को बाल देखरेख संस्थाओं में निवासरत बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 'बाल सृजन' प्रदर्शनी-सह-विक्रय का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में बच्चों द्वारा तैयार की गई हस्तनिर्मित एवं सजावटी वस्तुओं को प्रदर्शित किया गया। इन वस्तुओं की बिक्री से प्राप्त पूरी राशि संबंधित बाल देखरेख संस्थाओं के बच्चों के कल्याण एवं हितार्थ उपयोग की जाएगी।

यह आयोजन मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के मुख्य संरक्षक एवं मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधिपति न्यायमूर्ति अल्पेश वाई. कोग्जे के प्रेरणादायी नेतृत्व तथा प्राधिकरण के कार्यपालक अध्यक्ष एवं प्रशासनिक न्यायाधिपति न्यायमूर्ति विवेक रुसिया के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।

प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य बाल देखरेख संस्थाओं और संप्रेक्षण गृहों में रहने वाले बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा एवं कलात्मक कौशल को प्रोत्साहित करना, उनके आत्मविश्वास और आत्मसम्मान को बढ़ाना तथा उन्हें अपनी कला के माध्यम से आर्थिक रूप से लाभान्वित होने का अवसर प्रदान करना था।

प्रदर्शनी में बच्चों द्वारा बनाई गई पेंटिंग्स, दीपावली के लिए हस्तनिर्मित सजावटी दीपक, तोरण, लाइट लैम्प्स और अन्य सजावटी वस्तुएं प्रदर्शित की गईं। इसमें जबलपुर स्थित राजकुमारी बाई बाल निकेतन, जागृति बाल गृह, लाडली बसेरा (सेवा भारती) और शासकीय बाल गृह के बच्चों द्वारा तैयार उत्पाद शामिल रहे।

मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के न्यायमूर्तियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और बच्चों के कलात्मक कौशल की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। न्यायमूर्तियों ने प्रदर्शित वस्तुओं की खरीदारी भी की। इसके अलावा, हाईकोर्ट विधिक सेवा समिति, अधिवक्ताओं, न्यायालयीन कर्मचारियों और न्यायालय में उपस्थित पक्षकारों ने भी प्रदर्शनी में रुचि दिखाई और बच्चों द्वारा तैयार वस्तुओं की खरीदारी की।

इस आयोजन को सफल बनाने में मध्यप्रदेश महिला एवं बाल विकास विभाग का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल श्री धरमिंदर सिंह, रजिस्ट्री के अधिकारीगण, मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की सदस्य सचिव श्रीमती सुमन श्रीवास्तव, हाईकोर्ट विधिक सेवा समिति के पदाधिकारी, किशोर न्याय समिति के अधिकारी तथा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर सदस्य सचिव सुश्री सुमन श्रीवास्तव ने कहा कि यह पहल समाज को संदेश देती है कि उचित मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर प्रत्येक बच्चे की प्रतिभा को निखारा जा सकता है।

'बाल सृजन' पहल बच्चों की प्रतिभा को पहचानने, उनकी रचनात्मकता को सम्मान देने और उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रोत्साहित करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

Tags: