ज़मानत पर विचार करते समय अपीलीय अदालत केवल BNSS की धारा 430 की व्याख्या निर्देशात्मक के रूप में नहीं कर सकती: उत्तराखंड हाईकोर्ट

Update: 2026-05-19 04:23 GMT

उत्तराखंड हाईकोर्ट ने फैसला सुनाया कि वैधानिक आपराधिक अपील में सज़ा के निलंबन और ज़मानत के आवेदन पर विचार करते समय अपीलीय अदालत को केवल इस बात की व्याख्या करने के बजाय कि BNSS की धारा 430(1) निर्देशात्मक है या अनिवार्य, दोषसिद्धि के गुण-दोष की जांच करना आवश्यक है।

अदालत ने टिप्पणी की कि एक बार जब दोषसिद्धि के खिलाफ अपील स्वीकार की जाती है तो अपीलीय अदालत को यह जांच करनी चाहिए थी कि दोषसिद्धि गलत थी या नहीं, और ऐसा न कर पाना न्यायिक विवेक का उपयोग न करने को दर्शाता है।

जस्टिस राकेश थपलियाल, रुड़की के फर्स्ट एडिशनल सेशन जज द्वारा पारित आदेश के खिलाफ दायर आपराधिक पुनरीक्षण याचिका पर सुनवाई कर रहे थे, जिसमें अपील लंबित रहने के दौरान ज़मानत और सज़ा के निलंबन की मांग करने वाले आवेदन को खारिज कर दिया गया था।

पुनरीक्षणकर्ता पर 2018 की एक FIR से उत्पन्न IPC की धारा 363 और 506 के तहत अपराधों के लिए मुकदमा चलाया गया। 28.02.2026 के फैसले के द्वारा ट्रायल कोर्ट ने उसे IPC की धारा 506 के तहत अपराध से बरी किया, लेकिन IPC की धारा 363 के तहत दोषी ठहराया और सात साल के साधारण कारावास के साथ-साथ जुर्माना भी लगाया।

दोषसिद्धि और सज़ा से व्यथित होकर पुनरीक्षणकर्ता ने रुड़की के फर्स्ट एडिशनल सेशन जज के समक्ष एक वैधानिक आपराधिक अपील दायर की, जिसके साथ उसने ज़मानत और सज़ा के निलंबन की मांग करते हुए एक आवेदन भी प्रस्तुत किया। यद्यपि अपील 06.03.2026 को स्वीकार की गई, लेकिन सज़ा के निलंबन का आवेदन उसी दिन खारिज कर दिया गया।

विवादास्पद आदेश का अवलोकन करने पर हाईकोर्ट ने पाया कि दोषसिद्धि के गुण-दोष की जांच करने के बजाय अपीलीय अदालत ने BNSS की धारा 430(1) के दायरे की व्याख्या की और यह निष्कर्ष निकाला कि दोषसिद्धि का निलंबन अनिवार्य नहीं था, क्योंकि यह प्रावधान प्रकृति में निर्देशात्मक है।

न्यायालय ने कहा,

“ऐसा लगता है कि रुड़की के फर्स्ट एडिशनल सेशन जज ने बिना अपने न्यायिक विवेक का इस्तेमाल किए ही विवादित आदेश पारित कर दिया, जबकि पुनरीक्षणकर्ता (दोषी) द्वारा दायर अपील एक वैधानिक अपील थी, जिसे स्वीकार कर लिया गया और मामले की मेरिट पर जाने के बजाय— कि दोषसिद्धि सही है या नहीं—माननीय जज ने BNSS 2023 की धारा 430(1) के दायरे की व्याख्या की।”

न्यायालय ने आगे दोहराया,

“यदि दोषी अपनी दोषसिद्धि के विरुद्ध अपील दायर करता है तो अपीलीय न्यायालय को यह जांचना चाहिए कि दोषसिद्धि सही है या नहीं; यह बात विवादित आदेश में पूरी तरह से नदारद है।”

जमानत याचिका के संबंध में पुनरीक्षणकर्ता ने प्रस्तुत किया कि वह विचारण के दौरान जमानत पर रहा था और उसे दी गई स्वतंत्रता का उसने कभी भी दुरुपयोग नहीं किया। आगे यह भी तर्क दिया गया कि दोषसिद्धि के बाद उसने आत्मसमर्पण कर दिया और उसके बाद जमानत याचिका दायर की थी।

यह तर्क भी दिया गया कि दोषसिद्धि गलत थी, क्योंकि पीड़िता की आयु का निर्धारण किशोर न्याय अधिनियम के तहत निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार नहीं किया गया। इसके अतिरिक्त, पीड़िता ने स्वयं भी अभियोजन पक्ष के मामले का समर्थन नहीं किया था।

राज्य पक्ष ने जमानत के दुरुपयोग न किए जाने के संबंध में उपरोक्त प्रस्तुतियों का कोई विरोध नहीं किया।

अतः, इस बात को ध्यान में रखते हुए कि पुनरीक्षणकर्ता विचारण के दौरान बिना किसी दुरुपयोग के जमानत पर रहा था, कि उसे दी गई अधिकतम सजा सात वर्ष का साधारण कारावास थी, और यह कि उसकी वैधानिक आपराधिक अपील पहले ही स्वीकार की जा चुकी थी, हाईकोर्ट ने यह निर्णय दिया कि पुनरीक्षणकर्ता अपील के लंबित रहने के दौरान जमानत पर रिहा किए जाने का हकदार है।

तदनुसार, आपराधिक पुनरीक्षण याचिका स्वीकार की गई; सजा का निलंबन अस्वीकार करने वाला आदेश रद्द कर दिया गया और ट्रायल कोर्ट द्वारा दी गई दोषसिद्धि तथा सजा अपील के लंबित रहने की अवधि तक के लिए निलंबित कर दिया गया।

Tags:    

Similar News