Hindu Minority & Guardianship Act | सुप्रीम कोर्ट ने नाबालिग की संपत्ति के लिए अभिभावक द्वारा धारा 8 के तहत आवेदन पर सिद्धांतों को स्पष्ट किया

Update: 2026-06-04 07:40 GMT

सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार (3 जून) को फैसला सुनाया कि हिंदू अप्राप्तवयता और संरक्षकता अधिनियम, 1956 (HMGA) की धारा 8 के तहत प्राकृतिक अभिभावकों के उन आवेदनों की जांच करते समय, जिनमें वे नाबालिग की संपत्ति के प्रबंधन की मांग करते हैं, अदालतों को इस बात का यथार्थवादी मूल्यांकन करना चाहिए कि क्या प्रस्तावित लेनदेन से नाबालिग को "स्पष्ट लाभ" मिल रहा है; न कि ऐसे आवेदनों को तकनीकी या अनुमानित आधारों पर खारिज कर देना चाहिए।

जस्टिस संजय करोल और जस्टिस नोंगमेइकपम कोटिसवार सिंह की खंडपीठ ने टिप्पणी की,

"संबंधित अदालत को बारीकी से यह जांचना होगा कि क्या कोई प्रस्तावित व्यवस्था बच्चे के वर्तमान या भविष्य के अधिकारों से समझौता कर सकती है, यह ध्यान में रखते हुए कि नाबालिग ऐसे लेनदेन के परिणामों को पूरी तरह से समझ या सराह नहीं सकता है। बच्चे का सर्वोत्तम हित केवल एक निष्क्रिय विचार नहीं है, बल्कि एक सशक्त सिद्धांत है, जिसके लिए नाबालिग की संपत्ति को प्रभावित करने वाले हर मामले में दूरदर्शिता, सावधानी और बारीकी से जांच की आवश्यकता होती है - 'नाबालिग के लिए स्पष्ट लाभ' के उद्देश्य से।"

खंडपीठ ने यह टिप्पणी करते हुए एक मां की उस याचिका को स्वीकार कर लिया जिसमें उसने अपने नाबालिग बेटे को विरासत में मिली अचल संपत्ति के संबंध में एक विकास समझौता (Development Agreement) निष्पादित करने की अनुमति मांगी थी।

अदालत ने धारा 8 पर उन सिद्धांतों को संक्षेप में प्रस्तुत किया, जो विभिन्न पूर्व निर्णयों से लिए गए, जो इस प्रकार हैं:

1. धारा 8 नाबालिग की अचल संपत्ति के संबंध में एक प्राकृतिक अभिभावक की शक्तियों पर एक वैधानिक प्रतिबंध लगाती है और सुरक्षात्मक उपाय के रूप में संपत्ति के हस्तांतरण (alienation) के लिए संबंधित अदालत की पूर्व अनुमति की आवश्यकता होती है।

2. धारा 8(2) के तहत परिकल्पित अनुमति के बिना किया गया नाबालिग की अचल संपत्ति का हस्तांतरण शुरू से ही शून्य (void ab initio) नहीं होता है, बल्कि नाबालिग या नाबालिग के माध्यम से दावा करने वाले किसी भी व्यक्ति के कहने पर उसे रद्द किया जा सकता है (voidable)।

3. अनधिकृत हस्तांतरण रद्द करने का अधिकार नाबालिग को वयस्कता प्राप्त करने पर मिलता है। इसका प्रयोग कानून द्वारा निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाना चाहिए।

4. धारा 8(3) के तहत हस्तांतरण रद्द करना (Avoidance) जरूरी नहीं कि किसी औपचारिक घोषणात्मक मुकदमे के माध्यम से ही किया जाए। इसे ऐसे स्पष्ट और असंदिग्ध आचरण के माध्यम से भी व्यक्त किया जा सकता है, जो उस लेनदेन की निरंतर वैधता के विपरीत हो, बशर्ते ऐसा आचरण निर्धारित समय सीमा के भीतर किया गया हो।

5. कब्जे की बहाली या अनन्य स्वामित्व के दावे जैसी राहतें, विवादित हस्तांतरण को पहले रद्द करने पर निर्भर करती हैं; और जब तक वह लेनदेन रद्द नहीं किया जाता, तब तक वह नाबालिग के हितों को बांधे रखता है।

6. धारा 8 किसी नाबालिग की अलग या खुद से अर्जित संपत्ति के हस्तांतरण को नियंत्रित करती है। यह हिंदू कानून के पारंपरिक सिद्धांतों के अनुसार किए गए अविभाजित संयुक्त परिवार की संपत्ति के हस्तांतरण पर लागू नहीं होती है।

7. धारा 8 के तहत पहले से अनुमति लेने की शर्त नाबालिग के कल्याण पर आधारित है। इसे एक विशेष उद्देश्य के साथ लागू किया जाना चाहिए—यह देखते हुए कि क्या वह लेन-देन नाबालिग के लिए आवश्यक है या स्पष्ट रूप से फायदेमंद है।

8. अनधिकृत हस्तांतरणों को 'शून्य' (void) के बजाय 'शून्यकरणीय' (voidable) बनाकर धारा 8 एक तरफ नाबालिग के संपत्ति संबंधी हितों की सुरक्षा और दूसरी तरफ संपत्ति के लेन-देन में निश्चितता और स्थिरता बनाए रखने की आवश्यकता के बीच संतुलन स्थापित करती है।

मामले की पृष्ठभूमि

यह मामला उस संपत्ति से संबंधित है जिसे मूल रूप से 1957 में नाबालिग के परदादा ने खरीदा था। परिवार में उत्तराधिकार के कई क्रमों के बाद—जिसमें 2018 में नाबालिग के पिता, बासुदेव चक्रवर्ती की मृत्यु भी शामिल है—नाबालिग को उस ज़मीन में एक अविभाजित हिस्सा प्राप्त हुआ।

2022 में सह-मालिकों ने एक डेवलपर के साथ 'विकास समझौता' (Development Agreement) करने का प्रस्ताव रखा, जिसके तहत उस संपत्ति का पुनर्विकास किया जाना था। इसके बदले में नाबालिग को लगभग 399.33 वर्ग फुट के क्षेत्रफल वाले पहली मंज़िल के एक फ्लैट में एक-तिहाई हिस्सा और ₹10 लाख की नकद राशि मिलने का अधिकार था।

नाबालिग की माँ ने HMGA की धारा 8 के तहत अनुमति लेने के लिए ज़िला कोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया। उनका आवेदन इस आधार पर खारिज किया गया कि वह नाबालिग के लिए "आवश्यकता" या "स्पष्ट लाभ" को साबित करने में विफल रही थीं। हाईकोर्ट ने भी इस निर्णय को सही ठहराया।

इन निष्कर्षों को चुनौती देते हुए माँ ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया।

मुद्दा

अदालत के सामने मुद्दा HMGA की धारा 8 की व्याख्या से जुड़ा था, जो किसी प्राकृतिक अभिभावक को अदालत की पहले से अनुमति लिए बिना किसी नाबालिग की अचल संपत्ति को बेचने, हस्तांतरित करने या किसी अन्य तरीके से अलग करने से रोकती है। धारा 8(4) के तहत ऐसी अनुमति केवल "आवश्यकता" के मामलों में या जहाँ लेन-देन नाबालिग के "स्पष्ट लाभ" के लिए हो, तभी दी जा सकती है।

निर्णय

विवादित निष्कर्षों को रद्द करते हुए जस्टिस करोल द्वारा लिखे गए फैसले में यह टिप्पणी की गई कि, चूंकि प्राकृतिक अभिभावक नाबालिग की संपत्ति को एक न्यासी (Fiduciary) की हैसियत से अपने पास रखते हैं, इसलिए यह उनकी ज़िम्मेदारी है कि वे अदालत को संतुष्ट करें कि प्रस्तावित लेन-देन या तो आवश्यक है या स्पष्ट रूप से नाबालिग के लाभ के लिए है।

अदालत ने माँ की इस दलील को स्वीकार किया कि ज़मीन में अविकसित और अविभाजित हिस्सा अक्सर सीमित व्यावहारिक उपयोगिता ही प्रदान कर पाता है, जबकि एक तैयार आवासीय इकाई और नकद धनराशि नाबालिग को तत्काल और ठोस लाभ प्रदान कर सकती है। इस प्रकार, यह HMGA की धारा 8 के तहत 'पैरेंस पैट्रियाई' (Parens Patriae) सिद्धांत के वास्तविक उद्देश्य को पूरा करता है।

उपर्युक्त बातों को ध्यान में रखते हुए अपील स्वीकार की गई। इसके परिणामस्वरूप, माँ को नाबालिग के लाभ के लिए बिल्डर के साथ एक विकास समझौता (Development Agreement) करने हेतु आवेदन करने की अनुमति मिल गई।

Cause Title: SHEPHALI CHAKRABORTY VERSUS THE STATE OF WEST BENGAL

Tags:    

Similar News