लिंचिंग मामले में 'गौ-रक्षकों' को दोषी ठहराने के बाद मध्य प्रदेश की जज पर हो रहे सांप्रदायिक हमले, सरकार और कोर्ट ने साधी चुप्पी

Update: 2026-06-30 12:14 GMT

मध्य प्रदेश की जिला जज को लिंचिंग केस में 'गौ-रक्षकों' को दोषी ठहराने वाला फैसला सुनाने के बाद गंभीर सांप्रदायिक हमलों का सामना करना पड़ा है।

इस महीने की शुरुआत में,नर्मदापुरम जिले की एडिशनल डिस्ट्रिक्ट एंड सेशंस जज तबस्सुम खान ने 2022 में ट्रक ड्राइवर शेख लाला नज़ीर अहमद की गौ-तस्करी के शक में पीट-पीटकर हत्या (लिंचिंग) करने के मामले में 7 लोगों को उम्रकैद की सज़ा सुनाई थी।

फैसले वाले दिन, दोषियों के परिवारों ने विरोध प्रदर्शन किया और दोषी ठहराए गए लोगों को जेल ले जा रही पुलिस गाड़ी को रोकने की कोशिश की।

फैसले के कुछ ही समय बाद कई ऑनलाइन वीडियो और पोस्ट सामने आए, जिनमें जज को उनकी धार्मिक पहचान के आधार पर निशाना बनाया गया।

सिवनी मालवा में मध्य प्रदेश पुलिस ने जज तबस्सुम खान के खिलाफ चलाए गए टारगेटेड, सांप्रदायिक ऑनलाइन कैंपेन के बाद अज्ञात लोगों के खिलाफ BNS की धारा 302 और 196 के तहत FIR दर्ज की।

X (पहले ट्विटर) पर एक वीडियो बड़े पैमाने पर शेयर किया गया, जिसका सोर्स पता नहीं है। इसमें गुजरात के विशाल सिंह नाम के व्यक्ति को जज को धमकी देते और सांप्रदायिक अपशब्द कहते हुए देखा जा सकता है, जो दोषी ठहराए गए लोगों को 10 दिनों के भीतर रिहा करने की मांग कर रहा है।

एक अन्य वीडियो में कई लोगों को - जो कथित तौर पर पंजाब के मोहाली से है - जज का पुतला जलाते हुए और दोषियों की रिहाई की मांग करते हुए दिखाया गया।

'हिंदूनेशन' नाम के एक अन्य ट्विटर अकाउंट ने एक ट्वीट में कहा,

"जज तबस्सुम खान ने अपनी शक्ति का दुरुपयोग करते हुए माननीय अदालत के नियमों को नज़रअंदाज़ किया और दुर्भावनापूर्ण पक्षपात दिखाते हुए गौ-रक्षकों को उम्रकैद की सज़ा सुनाई। माननीय सुप्रीम कोर्ट से अनुरोध है कि जज तबस्सुम खान को सस्पेंड किया जाए, जो जनता के प्रति पक्षपाती हैं और जिन्होंने न्यायपालिका के नियमों का उल्लंघन किया है, ताकि जनता को न्याय मिल सके और गाय को बचाने वाले सभी गौ-रक्षकों को रिहा किया जा सके ताकि वे फिर से गायों की सेवा कर सकें और इस तथाकथित धार्मिक जज के पूरे कार्यकाल के दौरान दिए गए सभी फैसलों की दोबारा जांच की जानी चाहिए।"

एक अन्य वीडियो में गौ-रक्षकों का एक जुलूस दोषियों की रिहाई की मांग करता हुआ दिखाई दिया। यह वीडियो एक यूज़र ने शेयर किया, जिसने जज पर धर्म के आधार पर फैसले सुनाने का आरोप लगाया और उन्हें हटाने की मांग की। यूज़र ने दावा किया कि गौ-रक्षा कोई अपराध नहीं है। सिवनी मालवा इलाके में प्रैक्टिस करने वाले वकीलों समेत कई जाने-माने लोगों ने एक न्यायिक अधिकारी के खिलाफ हो रही इस ऑनलाइन बदसलूकी को रोकने के लिए असरदार कदम न उठाए जाने की निंदा की।

राज्यसभा सदस्य और इंडियन नेशनल कांग्रेस के नेता पवन खेड़ा ने जज को निशाना बनाने वाले एक वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा,

"सभी दोषी हिंदू पुरुष ही हैं। लेकिन उन्हें उनके धर्म की वजह से दोषी नहीं ठहराया गया; उन्हें इसलिए दोषी ठहराया गया, क्योंकि जांच में वे दंगा करने, हत्या की कोशिश और हत्या के दोषी पाए गए। फिर भी वीडियो में दिख रहे हमारे हिंदू भाई को उनके व्यवहार पर कोई गुस्सा नहीं है। उनका गुस्सा सिर्फ़ एक बात पर है: कि जिन जज ने उन्हें दोषी ठहराया, वे एक मुस्लिम महिला हैं।"

खेड़ा ने सवाल किया कि जज के खिलाफ नफरत फैलाने वालों के खिलाफ कोई त्वरित कानूनी कार्रवाई क्यों नहीं की गई।

सीनियर वकील विवेक तन्खा ने जज पर हुए हमलों की निंदा करते हुए कहा,

"अब समय आ गया है कि कानूनी बिरादरी और जागरूक नागरिक उन जजों की सराहना करें और उनकी रक्षा करें, जो कानून के शासन (Rule of Law) के साथ खड़े होने और उसे बनाए रखने का साहस दिखाते हैं। खासकर तब, जब वे न्यायपालिका के निचले स्तर पर हों।"

तन्खा ने आगे कहा कि इस मामले में उच्च न्यायपालिका और सरकार की चुप्पी हैरान करने वाली है।

यह मामला 2 और 3 अगस्त, 2022 की दरमियानी रात का है, जब पीड़ित मवेशियों को नरदरवाड़ा से महाराष्ट्र ले जा रहे थे और उन्हें सिवनी मालवा के बराखंड गांव के पास रोका गया। ग्रामीणों की एक भीड़ ने गाड़ी को रोक लिया और लाठियों व लकड़ी के डंडों से उन लोगों पर हिंसक हमला किया। इस हमले में नज़ीर अहमद की मौत हो गई, जबकि उनके साथी शेख मुश्ताक घायल हो गए।

Tags:    

Similar News