दहेज देने की क्षमता न होना, अपने आप में दहेज के लिए परेशान करने के आरोपों को गलत साबित नहीं करता: सुप्रीम कोर्ट
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि भले ही किसी महिला के परिवार की आर्थिक स्थिति ऐसी न हो कि वे दहेज की मांग पूरी कर सकें, लेकिन केवल इसी आधार पर दहेज के लिए परेशान करने के आरोपों को खारिज नहीं किया जा सकता। हालांकि, ऐसे आरोपों की सच्चाई का पता लगाने के लिए यह एक महत्वपूर्ण तथ्य हो सकता है।
जस्टिस मनोज मिश्रा और जस्टिस विजय बिश्नोई की बेंच ने दहेज के कारण हुई मौत के एक मामले में पति और उसके रिश्तेदारों को बरी करने का फैसला बरकरार रखा। कोर्ट ने कहा कि अभियोजन पक्ष ठोस सबूतों के साथ यह साबित करने में नाकाम रहा कि महिला की मौत से कुछ समय पहले उसे दहेज की मांग को लेकर परेशान किया गया।
कोर्ट ने स्पष्ट किया कि जब यह जांचा जा रहा हो कि क्या वास्तव में दहेज की मांग की गई तो शिकायतकर्ता के परिवार की आर्थिक स्थिति को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
कोर्ट ने कहा:
"भले ही दहेज देने की क्षमता न होना, अपने आप में दहेज की मांग को लेकर लगाए गए उत्पीड़न के आरोपों को खारिज करने के लिए काफी न हो, लेकिन आरोपों की सच्चाई का आकलन करते समय यह एक प्रासंगिक तथ्य है।"
कोर्ट ने आगे कहा कि शिकायतकर्ता के परिवार की आर्थिक स्थिति पर तब विचार किया जा सकता है, जब यह देखा जा रहा हो कि क्या आरोपियों ने इतनी बड़ी रकम दहेज में मांगी, जबकि उन्हें पता था कि परिवार के पास इसे पूरा करने के कोई साधन नहीं हैं।
कोर्ट ने सवाल किया,
"कोई व्यक्ति ऐसी मांग क्यों करेगा, जब उसे पता हो कि जिससे मांग की जा रही है, उसके पास उसे पूरा करने की क्षमता ही नहीं है?"
यह टिप्पणी तब आई, जब शिकायतकर्ता ने आरोपियों को भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 304B और 498A के तहत बरी किए जाने के खिलाफ अपील दायर की। ट्रायल कोर्ट ने दहेज की बड़ी मांग के आरोपों की जांच करते समय शिकायतकर्ता के परिवार की आर्थिक स्थिति पर ध्यान दिया। विशेष रूप से इस तथ्य पर कि परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य—मृतका का भाई—हर महीने 2,300 रुपये कमाता था।
सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि परिवार का दहेज देने में असमर्थ होना, अपने आप में अभियोजन पक्ष के खिलाफ कोई निर्णायक सबूत नहीं है। हालांकि, यह तय करते समय कि क्या दहेज की मांग की गई और उसके कारण उत्पीड़न हुआ, अन्य सबूतों के साथ इस बात पर भी विचार किया जा सकता है।
बता दें, इस मामले में ट्रायल कोर्ट ने दहेज की कथित मांग के संबंध में अभियोजन पक्ष के गवाहों के बयानों को अविश्वसनीय माना। सुप्रीम कोर्ट को इस मूल्यांकन में कोई त्रुटि नहीं दिखी और उसने कहा कि साक्ष्य अधिनियम (एविडेंस एक्ट) की धारा 113B के तहत 'दहेज मृत्यु' की धारणा लागू करने के लिए जरूरी बुनियादी तथ्य साबित नहीं हो पाए।
इसलिए कोर्ट ने बरी किए जाने के फैसले में दखल देने से इनकार किया।
Case Title : NEERAJ KUMAR VERSUS SURAJ PRAKASH & ORS.