जहां स्थिति मिलिट्री सर्विस से संबंधित नहीं है, वहां कोई दिव्यांगता पेंशन नहीं: केरल हाईकोर्ट
केरल हाईकोर्ट ने हाल ही में आर्म्ड फोर्सेज ट्रिब्यूनल के उस आदेश को चुनौती देने वाली रिट याचिका खारिज की, जिसमें पूर्व सैनिक की जनरलाइज्ड एंग्जायटी डिसऑर्डर के लिए विकलांगता पेंशन न दिए जाने के खिलाफ आवेदन को खारिज कर दिया गया।
जस्टिस के. नटराजन और जस्टिस जॉनसन जॉन की डिवीजन बेंच ने कहा कि कैजुअल्टी पेंशनरी अवार्ड्स, 1982 के एंटाइटेलमेंट नियमों के तहत सेवा में शामिल होने के समय सदस्य की अच्छी मानसिक स्थिति के बारे में जो अनुमान लगाए जाते हैं, वे तब लागू नहीं होते जब मेडिकल असेसमेंट से यह पता नहीं चलता कि विकलांगता मेडिकल सर्विस के कारण हुई है या उससे बढ़ी है।
याचिकाकर्ता 1969 में सेना में भर्ती हुआ और 1976 में कम मेडिकल कैटेगरी के कारण उसे सेवा से बाहर कर दिया गया। इनवैलिडिंग मेडिकल बोर्ड ने पाया कि वह दो साल से 30% तक 'न्यूरोसिस' की दिव्यांगता से पीड़ित था। यह भी पाया गया कि दिव्यांगता न तो मिलिट्री सर्विस के कारण थी और न ही उससे बढ़ी थी, और उसे विकलांगता पेंशन नहीं दी गई।
बाद में 2013 में उसने इसे आर्म्ड फोर्सेज ट्रिब्यूनल में चुनौती दी, लेकिन उसे भी यह कहते हुए खारिज कर दिया गया कि दिव्यांगता की अवधि 1979 में समाप्त हो गई और यह भी ध्यान में रखते हुए कि दिव्यांगता सेवा से जुड़ी नहीं थी। यह भी देखा गया कि याचिकाकर्ता अपनी दिव्यांगता का आकलन करने के लिए मेडिकल बोर्ड द्वारा फिर से मूल्यांकन के लिए याचिका दायर करने का हकदार है।
2015 में री-असेसमेंट मेडिकल बोर्ड ने पाया कि याचिकाकर्ता जीवन भर 40% तक "जनरलाइज्ड एंग्जायटी डिसऑर्डर" से पीड़ित है। फिर से वह 2018 में ट्रिब्यूनल के सामने आया, लेकिन उसका आवेदन यह पाते हुए खारिज कर दिया गया कि री-असेसमेंट मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट यह नहीं दिखाती है कि विकलांगता मिलिट्री सर्विस के कारण है या उससे बढ़ी है और एक सैनिक की दिव्यांगता पेंशन का हक उसके डिस्चार्ज की तारीख से 39 साल से अधिक समय बाद किए गए मेडिकल जांच के आधार पर तय नहीं किया जा सकता है।
याचिकाकर्ता ने तर्क दिया कि नियमों के नियम 5, 9 और 14 को एक साथ और सामंजस्यपूर्ण रूप से पढ़ने से पता चलता है कि एक सदस्य को सेवा में शामिल होने के समय अच्छी मानसिक स्थिति में माना जाता है। यदि उसे बाद में मेडिकल कारणों से सेवा से छुट्टी दे दी जाती है तो यह माना जाना चाहिए कि स्वास्थ्य में यह गिरावट मिलिट्री सर्विस के कारण हुई। नियम 5 के अनुसार, कैज़ुअल्टी पेंशनरी अवॉर्ड के हक और दिव्यांगता के मूल्यांकन पर कुछ मान्यताओं के आधार पर विचार किया जाना चाहिए: (i) यह माना जाता है कि सेवा में शामिल होने के समय एक सदस्य मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ था, सिवाय उन शारीरिक विकलांगताओं के जो प्रवेश के समय दर्ज की गईं, और (ii) अगर बाद में उसे मेडिकल कारणों से सेवा से डिस्चार्ज किया जाता है तो यह माना जाएगा कि स्वास्थ्य में गिरावट सेवा के कारण हुई।
नियम 9 के अनुसार, दावेदार को हक की शर्तों के मामले में उचित संदेह का लाभ मिलेगा और उसे इसे साबित करने के लिए नहीं कहा जाएगा। फील्ड या समुद्री सेवा के मामलों में दावेदार को इसका लाभ अधिक उदारता से दिया जाना चाहिए।
नियम 14 में कहा गया कि ऐसे मामलों में जहां यह साबित हो जाता है कि मिलिट्री सर्विस की स्थितियों ने बीमारी की शुरुआत को तय नहीं किया या उसमें योगदान नहीं दिया, लेकिन उसके बाद के कोर्स को प्रभावित किया तो उसे बीमारी बढ़ने के आधार पर स्वीकार किया जाएगा। इसमें आगे कहा गया कि अगर किसी बीमारी की वजह से किसी व्यक्ति को डिस्चार्ज किया गया या उसकी मौत हुई तो आमतौर पर यह माना जाएगा कि वह सर्विस के दौरान हुई, अगर एंट्री के समय इसका कोई नोट नहीं बनाया गया, लेकिन अगर मेडिकल राय यह मानती है कि एंट्री से पहले मेडिकल जांच में बीमारी का पता नहीं चल सकता था, तो यह धारणा नहीं होगी। इसके अलावा, जब किसी बीमारी को सर्विस के दौरान हुआ माना जाता है तो यह साबित होना चाहिए कि मिलिट्री सर्विस की स्थितियों ने बीमारी की शुरुआत को तय किया या उसमें योगदान दिया और ये स्थितियां मिलिट्री सर्विस ड्यूटी की परिस्थितियों के कारण थीं।
2015 की री-असेसमेंट रिपोर्ट का हवाला देते हुए कोर्ट ने टिप्पणी की कि याचिकाकर्ता को उसकी विकलांगता के बाद से सामाजिक-व्यावसायिक क्षेत्रों में काम करने लायक पाया गया। हालांकि उसने चिंता के एपिसोड होने का दावा किया।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि उसके शुरुआती एडमिशन के समय मूल्यांकन में पता चला था कि उसके पास पिता की पुरानी बीमारी, बड़ी बहन का तलाक और दिव्यांगता के बाद उसकी नौकरी जैसे अन्य तनाव कारक थे, लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं था जो यह बताता हो कि दिव्यांगता मिलिट्री सर्विस के कारण बढ़ी थी या उससे जुड़ी थी। इसलिए कोर्ट को लगा कि याचिकाकर्ता राहत का हकदार नहीं है।
कोर्ट ने कहा:
"ऐसा कोई सबूत न होने पर जो यह बताए कि इनवैलिडेटिंग मेडिकल बोर्ड या री-असेसमेंट मेडिकल बोर्ड द्वारा आंकी गई विकलांगता मिलिट्री सर्विस के कारण है या उससे बढ़ी है, यह नहीं माना जा सकता कि मौलिक अधिकार का कोई उल्लंघन हुआ है या कोई न्यायिक गलती या रिकॉर्ड में कोई स्पष्ट गलती है, जिसके लिए भारत के संविधान के अनुच्छेद 226 के तहत हस्तक्षेप की आवश्यकता हो। शुरुआती मेडिकल बोर्ड मूल्यांकन और री-असेसमेंट मेडिकल बोर्ड में मेडिकल विशेषज्ञों द्वारा व्यक्त की गई राय को देखते हुए हम पाते हैं कि रिट याचिकाकर्ता एंटाइटेलमेंट नियमों (ऊपर) के नियम 5, 9 और 14 के आधार पर अनुमानों का लाभ पाने का हकदार नहीं है। इसलिए हम पाते हैं कि यह रिट याचिका खारिज किए जाने योग्य है।"
Case Title: Rajendran P. v. Union of India and Ors.