गुजरात हाईकोर्ट ने गुरुवार (26 नवंबर) को सिंगल जज के उस आदेश पर रोक लगाई, जिसमें सूरत के नासिर नगर इलाके में जून में की गई तोड़फोड़ की कार्रवाई को चुनौती देने वाले मामले में सूरत नगर आयुक्त और नगर निगम की स्थायी समिति के अध्यक्ष को व्यक्तिगत रूप से पेश होने का निर्देश दिया गया।
बता दें, पिछले महीने सिंगल जज ने कहा था कि इन अधिकारियों की उपस्थिति इसलिए जरूरी है ताकि वह यह स्पष्ट कर सकें कि निवासियों को वैकल्पिक आवास न देने के मामले में उन्होंने अपना रुख क्यों बदला, खासकर तब जब राज्य के सबसे वरिष्ठ कानून अधिकारी ने इस संबंध में आश्वासन दिया था। सिंगल जज ने कहा था कि अधिकारियों की यह उपस्थिति इस बात का आधार हो सकती है कि उनके खिलाफ 'न्यायालय की अवमानना अधिनियम' (Contempt of Courts Act) के तहत कार्रवाई क्यों न की जाए; इन्हीं कारणों से अधिकारियों का उपस्थित रहना आवश्यक है।
इसके खिलाफ, स्थायी समिति के अध्यक्ष ने अपील करने की अनुमति (Leave to Appeal) मांगने के लिए एक आवेदन दायर किया, और नगर आयुक्त ने एक अपील दाखिल की।
एक्टिंग चीफ जस्टिस मानस रंजन पाठक और जस्टिस निर्जर एस. देसाई की डिवीजन बेंच ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद नोटिस जारी किया और मामले की अगली सुनवाई 22 दिसंबर के लिए तय की। साथ ही प्रतिवादियों को निर्देश दिया कि वे अपील की अनुमति मांगने वाले आवेदन पर अपनी आपत्तियों से जुड़ा विस्तृत हलफनामा (Affidavit) दाखिल करें।
अदालत ने निवासियों के वकील की उस आपत्ति पर भी ध्यान दिया, जिसमें उन्होंने अपील की अनुमति देने का विरोध किया, क्योंकि सिंगल जज का आदेश कोई अंतिम आदेश नहीं था।
अदालत ने अपने आदेश में कहा,
"अगली सुनवाई की तारीख तक SCA (विशेष नागरिक आवेदन) में 23-10-2026 को पारित आदेश पर रोक रहेगी।"
नगर आयुक्त द्वारा दायर अपील के संबंध में अदालत ने मौखिक रूप से यह भी कहा कि इन मामलों में एक साझा आदेश पारित किया जाएगा।