कॉकरोच जनता पार्टी' के प्रस्तावित प्रदर्शन पर तत्काल सुनवाई से दिल्ली हाईकोर्ट का इनकार
'दिल्ली हाईकोर्ट ने शनिवार को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित 'कॉकरोच जनता पार्टी' के प्रदर्शन को लेकर दायर जनहित याचिका पर तत्काल सुनवाई करने से इनकार किया।
इस याचिका में प्रदर्शन के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और महत्वपूर्ण सार्वजनिक ढांचे की सुरक्षा के लिए एहतियाती कदम उठाने की मांग की गई थी।
अवकाशकालीन पीठ, जिसमें जस्टिस सौरभ बनर्जी और जस्टिस अमित शर्मा शामिल थे, के समक्ष मामले का उल्लेख किया गया। हालांकि पीठ ने इसे तत्काल सूचीबद्ध करने से मना कर दिया।
यह याचिका सेव इंडिया फाउंडेशन नामक संस्था की ओर से दायर की गई थी। याचिका में केंद्र सरकार दिल्ली पुलिस और अन्य संबंधित प्राधिकरणों को निर्देश देने की मांग की गई कि वे सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने तथा आवश्यक सेवाओं के निर्बाध संचालन के लिए उचित कदम उठाएं।
याचिका के अनुसार 'कॉकरोच जनता पार्टी' नाम से चल रहे अभियान के तहत 6 जून को जंतर-मंतर और राष्ट्रीय राजधानी के अन्य हिस्सों में बड़े पैमाने पर जुटान का आह्वान किया गया।
दावा किया गया है कि यह अभियान सोशल मीडिया के माध्यम से तेजी से फैला है और बड़ी संख्या में युवाओं को इससे जोड़ा गया।
याचिकाकर्ता का आरोप है कि इस अभियान से जुड़े कुछ ऑनलाइन संदेशों में भड़काऊ सामग्री, कानून-प्रवर्तन एजेंसियों का विरोध करने के संकेत तथा सार्वजनिक ढांचे को बाधित करने जैसी बातें शामिल हैं।
याचिका में कहा गया कि यदि इस तरह की भीड़ को नियंत्रित नहीं किया गया तो इससे यातायात, सुरक्षा व्यवस्था और सार्वजनिक शांति प्रभावित हो सकती है।
याचिका में यह भी कहा गया कि संस्था ने 4 जून को दिल्ली पुलिस आयुक्त को एक प्रतिनिधित्व भेजकर आवश्यक एहतियाती और भीड़ प्रबंधन संबंधी कदम उठाने का अनुरोध किया था लेकिन अब तक कोई स्पष्ट सार्वजनिक योजना सामने नहीं आई है।
याचिका में दिल्ली पुलिस और नागरिक निकायों को प्रस्तावित सभा को नियंत्रित करने, आवश्यक होने पर उसका स्थान बदलने, पर्याप्त भीड़ नियंत्रण व्यवस्था करने तथा इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और प्रमुख परिवहन केंद्रों जैसे संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश देने की मांग की गई।
साथ ही यह भी अनुरोध किया गया है कि आपातकालीन सेवाएं और सार्वजनिक संस्थान बिना किसी व्यवधान के कार्य करते रहें।
गौरतलब है कि 'कॉकरोच जनता पार्टी' नामक यह व्यंग्यात्मक सोशल मीडिया अभियान हाल ही में एक अदालती टिप्पणी के बाद चर्चा में आया था। बाद में संबंधित टिप्पणी को लेकर स्पष्टीकरण भी दिया गया था। इस बीच, इस अभियान से जुड़े कई सोशल मीडिया खातों को निलंबित कर दिया गया।
फिलहाल दिल्ली हाईकोर्ट ने याचिका पर तत्काल सुनवाई से इनकार किया और मामले में आगे की कार्यवाही को लेकर कोई अंतरिम आदेश पारित नहीं किया।