ट्विशा शर्मा दहेज हत्या मामला | भोपाल कोर्ट ने माता-पिता की दूसरे पोस्टमॉर्टम की अर्जी खारिज की

Update: 2026-05-20 15:22 GMT

भोपाल जिला कोर्ट ने बुधवार (20 मई) को ट्विशा शर्मा के माता-पिता द्वारा दायर अर्जी आंशिक रूप से स्वीकार की। कोर्ट ने AIIMS या किसी अन्य प्रमाणित मेडिकल संस्था द्वारा दूसरी बार पोस्टमॉर्टम कराने की उनकी मांग तो खारिज की, लेकिन शव को -80 डिग्री सेल्सियस तापमान पर सुरक्षित रखने की उनकी मांग स्वीकार कर ली।

प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट अनुदिता गुप्ता ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे ऐसी किसी सुविधा का पता लगाएं, जहां शव को सुरक्षित रखा जा सके। यह निर्देश उन्होंने AIIMS की उस रिपोर्ट पर संज्ञान लेते हुए दिया, जिसमें बताया गया कि -4 डिग्री सेल्सियस से कम तापमान पर शव को सुरक्षित रखने की सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं।

33 वर्षीय ट्विशा शर्मा 12 मई को अपने पति के घर में मृत पाई गई थीं। इसके बाद उनके पति और पेशे से वकील समर्थ सिंह और उनकी सास के खिलाफ FIR दर्ज की गई। उनकी सास भोपाल जिला कोर्ट की रिटायर जज हैं और वर्तमान में जिला उपभोक्ता फोरम की अध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं।

बता दें, पति के खिलाफ IPC की धारा 80(2) (दहेज हत्या), 85 (क्रूरता) और 3(5) (सामान्य आशय) तथा दहेज निषेध अधिनियम की धारा 3 (दहेज देना या लेना) और 4 (दहेज की मांग करना) के तहत मामला दर्ज किया गया।

15 मई को कोर्ट ने ट्विशा की सास को अग्रिम जमानत दी। हालांकि, एडिशनल सेशन जज पल्लवी द्विवेदी ने 18 मई को उनके पति की जमानत अर्जी खारिज की। कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि FIR की सामग्री और WhatsApp चैट से ऐसा प्रतीत होता है कि मुख्य आरोप सिंह पर ही लगाए गए।

कोर्ट के आदेश के अनुसार, यह जोड़ा एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट के माध्यम से मिला था और 9 दिसंबर, 2025 को दोनों ने शादी की थी। शादी से पहले ट्विशा एक मॉडल और एक्ट्रेस के रूप में काम करती थीं और उन्होंने तेलुगू तथा अन्य भाषाओं की फिल्मों में एक्टिंग की थी।

आदेश में आगे यह भी कहा गया कि पति और सास ने यह दावा किया था कि ट्विशा में गांजे (Marijuana) के सेवन की आदत छूटने के लक्षण दिखाई दे रहे थे। इसी कारण डॉक्टरों ने उन्हें गर्भपात कराने की सलाह दी थी। आवेदक ने यह भी बताया कि अस्पताल से लौटते समय ट्विशा ने नोएडा में अपने माता-पिता के घर जाने के लिए अपना सामान पैक कर लिया था और कहा था कि वह "अब और एक गृहिणी होने का दिखावा नहीं कर सकती।"

हालांकि, ट्विशा के माता-पिता का दावा है कि उनकी बेटी को दहेज की माँग को लेकर परेशान किया जा रहा था, और जब ट्विशा गर्भवती थी तो उसके पति और सास ने बच्चे के पिता होने की बात मानने से इनकार कर दिया था और उसे गर्भपात करवाने के लिए मजबूर किया था।

Tags:    

Similar News