चुनाव आयोग की 'स्पेशल इंटेंसिव रिविज़न' (SIR) प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए सीनियर वकील कपिल सिब्बल ने शनिवार को कहा कि वोटर लिस्ट से उनकी बहन का नाम हटा दिया गया। सिब्बल ने आगे कहा कि इसी तरह जजों और विदेशी राजनयिकों के नाम भी हटाई गई लिस्ट में पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि बड़े पैमाने पर नाम हटाए गए हैं, लेकिन बहुत कम लोगों ने नाम जुड़वाने के लिए फ़ॉर्म भरा है क्योंकि उन्हें डर है कि उन्हें परेशान किया जाएगा।

वह कोच्चि में 'ऑल इंडिया लॉयर्स यूनियन' द्वारा 'हॉर्स-ट्रेडिंग और लोकतंत्र' पर आयोजित कार्यक्रम में दर्शकों के एक सवाल का जवाब दे रहे थे। एक सदस्य ने पूछा कि क्या राजनीतिक समानता के लिए एक बड़ी लड़ाई के हिस्से के तौर पर 'दलबदल-मुक्त भारत' की लड़ाई की कल्पना करना व्यावहारिक है - जो SIR प्रक्रिया के खिलाफ भी एक लड़ाई है, जिसने उनके अनुसार निष्पक्ष चुनाव की अवधारणा को खत्म कर दिया है।

इस पर जवाब देते हुए सिब्बल ने कहा:

"सबसे पहले, SIR का मतलब क्या है? 'सर' किसे कहा जाता है? भारत के प्रधानमंत्री को। SIR का मतलब यही है: 'सर, हम वही करेंगे जो आप चाहेंगे'। हम जानते हैं कि ज़मीनी हकीकत क्या है। हम जानते हैं कि बड़े पैमाने पर नाम हटाए जा रहे हैं। यह पूरी प्रक्रिया चुनाव आयोग के अपने तौर-तरीकों के खिलाफ है। 1950 के बाद से कभी किसी को फ़ॉर्म भरने की ज़रूरत नहीं पड़ी। अब एक स्कूल टीचर, जो BLO (बूथ लेवल ऑफिसर) होता है, वोटर लिस्ट में किसी वोटर के नाम के आगे 'D' यानी 'डाउटफुल' (संदिग्ध) लिख देता है, और वह वोटर वोट नहीं डाल पाता।"

उन्होंने आगे कहा कि BLO द्वारा किसी को संदिग्ध वोटर बताने का न तो कोई आधार होता है और न ही वोटर को यह बताया जाता है कि उसे संदिग्ध वोटर की श्रेणी में क्यों रखा गया।

"विदेश सेवा में ऐसे लोग हैं, जिन्हें 'डाउटफ़ुल वोटर' (संदिग्ध मतदाता) माना गया, ऐसे जज हैं जिनके नाम लिस्ट में नहीं हैं, आम लोग हैं, सेना के लोग हैं और मेरी अपनी बहन का नाम भी लिस्ट में नहीं है। ऐसे बहुत से लोग हैं, जिनके नाम लिस्ट में नहीं हैं। अब उन्हें फ़ॉर्म भरना होगा। भारत में जिस तरह की सामाजिक असमानताएं हैं, लोग फ़ॉर्म भरने की हिम्मत नहीं जुटा पाते, क्योंकि उन्हें लगता है कि उन्हें परेशान किया जाएगा। कई मामलों में, खास समुदायों के लोगों के नाम बड़े पैमाने पर हटा दिए जाते हैं तो ऐसे में वे कहां जाएं? इस समस्या को सुलझाने के लिए कोई तेज़ प्रक्रिया नहीं है। हर कोई सुप्रीम कोर्ट आकर यह नहीं कह सकता कि हमारे मामले का फ़ैसला करें, उनके पास इसके लिए ज़रूरी साधन नहीं हैं। पूरी प्रक्रिया ही दूषित है।"

ECI की SIR (मतदाता सूची के सत्यापन) की प्रक्रिया चलाने की संवैधानिक वैधता को चुनौती देते हुए कई याचिकाएं दायर की गई थीं, लेकिन इस साल मई में सुप्रीम कोर्ट ने इस प्रक्रिया को संवैधानिक करार दिया।

इस कार्यक्रम का वीडियो यहां देखा जा सकता है।

अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

Tags: