'Shit Show', 'Weed Or Opium' वाली टिप्पणियां अपमानजनक: Newslaundry को TV Today के खिलाफ़ वाला कंटेंट हटाने का आदेश

Update: 2026-03-20 08:52 GMT

दिल्ली हाईकोर्ट ने शुक्रवार को डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म Newslaundry को निर्देश दिया कि वह TV Today के खिलाफ़ अपमानजनक कंटेंट वाले अपने बयान हटा ले। TV Today के ही न्यूज़ चैनल India Today और Aaj Tak हैं।

जस्टिस सी हरि शंकर और जस्टिस ओम प्रकाश शुक्ला की डिवीज़न बेंच ने कहा कि Newslaundry की टिप्पणियां, जिनमें TV Today के कंटेंट को "shit show" और "weed or opium" कहा गया, अपमानजनक हैं।

कोर्ट ने कहा कि वह सिंगल जज के इस निष्कर्ष से सहमत है कि TV Today की तरफ़ से अपमान का एक "Prima Facie Case" (प्रथम दृष्टया मामला) बनता है।

कोर्ट ने आगे कहा कि अगर ये अपमानजनक बयान नहीं हटाए जाते और ऑनलाइन बने रहते हैं तो इससे TV Today को गंभीर और भरपाई न हो सकने वाला नुकसान होगा।

यह देखते हुए कि इस मामले में अंतरिम सुरक्षा की ज़रूरत है, कोर्ट ने कहा:

"हम अपील को आंशिक रूप से इस हद तक मंज़ूर करते हैं कि सिंगल जज द्वारा जिन बयानों या टिप्पणियों को व्यावसायिक अपमान माना गया है, उन्हें हटा दिया जाए।"

कोर्ट ने कहा,

"ये बयान साफ़ तौर पर अपमानजनक हैं और ऑनलाइन इनकी लगातार मौजूदगी से वादी (TV Today) की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचेगा। प्रतिवादियों को निर्देश दिया जाता है कि वे तुरंत 'shit reporters', 'shit show', 'weed or opium' जैसी टिप्पणियां या बयान हटा लें। साथ ही मुक़दमे के अंतिम निपटारे तक उन्हें अपने-अपने सोशल मीडिया अकाउंट और हैंडल से हटाए रखें।"

कोर्ट ने Newslaundry और TV Today द्वारा दायर क्रॉस अपीलों पर फ़ैसला सुनाया। इन अपीलों में सिंगल जज के उस आदेश को चुनौती दी गई, जिसमें न्यूज़ चैनल की अंतरिम रोक (Interim Injunction) की याचिका खारिज की गई।

हालांकि, सिंगल जज ने अंतरिम रोक लगाने से इनकार किया था, लेकिन उन्होंने यह भी कहा था कि TV Today के पक्ष में एक "Prima Facie Case" बनता है और Newslaundry द्वारा दिए गए बयानों के लिए स्पष्टीकरण की ज़रूरत है।

Newslaundry द्वारा पोस्ट किए गए कुल 75 वीडियो पर TV Today ने आपत्ति जताई थी।

अपीलों में TV Today की तरफ़ से वकील ऋषिकेश बरुआ पेश हुए, जबकि Newslaundry का प्रतिनिधित्व सीनियर वकील राजशेखर राव और वकील बानी दीक्षित ने किया।

यह विवाद 2022 में तब शुरू हुआ, जब TV Today Network ने Newslaundry, उसके CEO अभिनंदन सेखरी और अन्य व्यक्तियों के खिलाफ़ सिंगल जज के सामने एक मुक़दमा दायर किया। इस मुक़दमे में कॉपीराइट उल्लंघन और अपने एंकरों, मैनेजमेंट और कर्मचारियों की मानहानि के लिए 2 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की गई। मुकदमे में आरोप लगाया गया कि Newslaundry ने अपनी वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर कई वीडियो अपलोड किए, जिससे TV Today Network के कॉपीराइट का उल्लंघन हुआ। यह भी आरोप लगाया गया कि इस ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल ने उसके एंकरों और मैनेजमेंट के बारे में "अनुचित, असत्य और अपमानजनक टिप्पणियां" भी कीं।

Title: Newslaundry v. TV Today Network Pvt Ltd & Other Connected Matter

Tags:    

Similar News