भरण-पोषण की कार्यवाही फैमिली कोर्ट से ग्राम न्यायालय में स्थानांतरित करना वैध: इलाहाबाद हाईकोर्ट
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने ग्राम न्यायालय अधिनियम, 2008 की धारा 16 के तहत भरण-पोषण की कार्यवाही फैमिली कोर्ट से ग्राम न्यायालयों में ट्रांसफर करने का फैसला सही ठहराया।
यह देखते हुए कि जिन प्रावधानों के तहत भरण-पोषण की कार्यवाही फैमिली कोर्ट से ग्राम न्यायालय में ट्रांसफर करने का आदेश पारित किया गया, उन्हें चुनौती नहीं दी गई, जस्टिस अजीत कुमार और जस्टिस स्वरूपामा चतुर्वेदी की खंडपीठ ने यह फैसला सुनाया:
“यह स्थापित सिद्धांत लागू करते हुए कि असंगति की स्थिति में बाद में बना कानून पहले बने कानून पर प्रभावी होता है, फैमिली कोर्ट एक्ट, 1984 के तहत गठित फैमिली कोर्ट से ग्राम न्यायालय अधिनियम, 2008 की धारा 16 के तहत ग्राम न्यायालय में भरण-पोषण की कार्यवाही का ट्रांसफर वैध माना जाता है।”
याचिकाकर्ताओं ने फैमिली कोर्ट के उस प्रशासनिक आदेश को चुनौती दी, जिसके तहत उनके मामलों को संबंधित ग्राम न्यायालयों में ट्रांसफर कर दिया गया।
अधिनियम की पहली अनुसूची के भाग II, बिंदु (v) के साथ पढ़ी जाने वाली धारा 12(1)(b), ग्राम न्यायालयों को दंड प्रक्रिया संहिता (CrPC) के अध्याय IX (धारा 125 से 128) और भारतीय न्याय सुरक्षा संहिता के अध्याय X (धारा 144 से 147) के तहत उत्पन्न होने वाले भरण-पोषण के दावों पर सुनवाई करने का अधिकार देती है। अधिनियम की धारा 16 लंबित मामलों के स्थानांतरण का प्रावधान करती है। साथ ही धारा 18 यह प्रावधान करती है कि जहां अधिनियम के प्रावधान CrPC के प्रावधानों से असंगत हों, वहां इस अधिनियम का प्रभाव CrPC पर अधिभावी (overriding) होगा।
न्यायालय ने यह टिप्पणी की कि फैमिली कोर्ट एक्ट पारिवारिक विवादों के निपटारे का प्रावधान करता है।
न्यायालय ने यह फैसला सुनाया कि फैमिली कोर्ट एक्ट, 1984 और ग्राम न्यायालय अधिनियम, 2008 दो विशेष कानून हैं, जो अलग-अलग और स्पष्ट रूप से परिभाषित क्षेत्रों में कार्य करते हैं। किसी भी संभावित टकराव की स्थिति में दोनों कानूनों को पूर्ण प्रभाव देने के लिए उन्हें आपस में सामंजस्य बिठाते हुए पढ़ा जाना चाहिए।
आगे कहा गया,
“हमारा यह मत है कि दोनों कानूनों के पीछे विधायी मंशा मुकदमेबाजों के लिए अधिक अनुकूल और आसानी से सुलभ न्यायिक मंच उपलब्ध कराना है, जैसा कि ग्राम न्यायालय अधिनियम, 2008 की धारा 9 और फैमिली कोर्ट एक्ट, 1984 के ढांचे से स्पष्ट है। इसके अतिरिक्त, न्यायिक कार्यवाही को मुकदमेबाजों के घर तक पहुंचाने का प्रावधान भी इसे बल देता है, जिससे सामाजिक-आर्थिक और भौगोलिक बाधाओं को दूर किया जा सके। यदि दोनों कानूनों की सामंजस्यपूर्ण व्याख्या की जाए तो कोई विरोधाभास नहीं है और दोनों पारिवारिक विवादों में फंसे मुकदमेबाजों को अधिक अनुकूल वातावरण प्रदान करने के लिए उठाए गए अलग-अलग कदम हैं, जहां पहले मध्यस्थता और समाधान का प्रयास किया जाता है, जिसके लिए एक सौहार्दपूर्ण वातावरण आवश्यक है।”
जब तक दोनों अधिनियमों की सामंजस्यपूर्ण व्याख्या संभव न हो और एक अधिनियम दूसरे का उल्लंघन न करे, तब तक न्यायालय ने यह माना कि एक कानून को बाद के कानून के लिए अप्रत्यक्ष रूप से निरस्त नहीं किया जा सकता।
सारतः, यह सिद्धांत अंतिम उपाय के रूप में कार्य करता है, जिसका प्रयोग केवल तभी किया जाता है, जब सुलह असंभव हो जाती है। इसका अनुप्रयोग परस्पर विरोधी आदेशों के सह-अस्तित्व को रोककर कानूनी व्यवस्था में सामंजस्य सुनिश्चित करता है। साथ ही नवीनतम विधायी आशय की सर्वोच्चता का सम्मान भी करता है। उपरोक्त सिद्धांत तब महत्वपूर्ण हो जाता है, जब एक ही क्षेत्र में दो विशेष कानून लागू हों और उनमें परस्पर विरोधी प्रावधान हों; प्राथमिकता का प्रश्न केवल किसी भी कानून की विशेष प्रकृति का हवाला देकर हल नहीं किया जा सकता है; ऐसी परिस्थितियों में बाद वाले विशेष कानून को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
अदालत ने पाया कि ग्राम न्यायालय अधिनियम के उन प्रावधानों को चुनौती नहीं दी गई, जो ग्राम न्यायालय को इस प्रकार की स्थानांतरित कार्यवाही पर विचार करने का अधिकार देते हैं। तदनुसार, न्यायालय ने माना कि रिट क्षेत्राधिकार के अंतर्गत इस आदेश में हस्तक्षेप नहीं किया जा सकता।
तदनुसार, रिट याचिका खारिज की गई।
Case Title: Civil Court Bar Association And Another v. High Court Of Judicature At Allahabad And 3 Others 2026 LiveLaw (AB) 157