पति को उसके अपने बुरे बर्ताव के लिए इनाम नहीं मिल सकता: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने पत्नी के घर छोड़ने के मामले में तलाक का फैसला रद्द किया
Shahadat
28 Nov 2026 3:34 PM IST

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने एक पति को मिले तलाक का फैसला रद्द किया। कोर्ट ने पाया कि पत्नी ने पति की नशे की लत, दुर्व्यवहार और मारपीट के कारण घर छोड़ा था। कोर्ट ने कहा कि अगर कोई जीवनसाथी अपने क्रूर बर्ताव से दूसरे को अलग रहने के लिए मजबूर करता है, तो उस अलगाव को दूसरे साथी की क्रूरता मानकर तलाक नहीं दिया जा सकता।
जस्टिस पार्थ प्रतिम साहू और जस्टिस सुषमा सावंत की खंडपीठ पत्नी द्वारा दायर अपील पर सुनवाई कर रही थी। पत्नी ने फैमिली कोर्ट के उस फैसले को चुनौती दी, जिसमें हिंदू विवाह अधिनियम, 1955 की धारा 13(1)(i-a) और 13(1)(i-b) के तहत क्रूरता और परित्याग (घर छोड़ देने) के आधार पर शादी खत्म कर दी गई।
पति का आरोप था कि पत्नी सितंबर 2022 में अपनी मर्जी से घर छोड़कर चली गई, कई बार कोशिश करने के बावजूद साथ रहने से मना किया और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।
वहीं पत्नी ने आरोप लगाया कि उसके पति को शराब और अन्य नशीले पदार्थों की लत थी। जब भी वह उसकी इन आदतों का विरोध करती, तो पति उसके साथ दुर्व्यवहार और मारपीट करता था। पत्नी ने यह भी बताया कि नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती होने के बावजूद पति ने उसके साथ मारपीट जारी रखी। अक्टूबर 2020 में हुई एक ऐसी ही मारपीट के बाद उसे पुलिस की मदद लेनी पड़ी थी।
फैमिली कोर्ट ने पति के इस दावे को खारिज किया कि पत्नी ने उसे छोड़ दिया, क्योंकि कोर्ट ने माना कि पत्नी के पास अलग रहने का ठोस कारण था। फिर भी कोर्ट ने इस आधार पर तलाक दे दिया कि पत्नी का लंबे समय तक अलग रहना ही एक तरह की क्रूरता है।
हाईकोर्ट ने गौर किया कि फैमिली कोर्ट ने खुद पति की नशे की लत, मारपीट से जुड़े मेडिकल रिकॉर्ड और पति की मां के इस कबूलनामे को संज्ञान में लिया कि उसने पत्नी के साथ मारपीट की। कोर्ट ने पाया कि पति ने फैमिली कोर्ट के सामने पूरी सच्चाई नहीं रखी और अहम तथ्यों को छिपाने की कोशिश की।
खंडपीठ ने माना कि पति का नशे की हालत में घर आना, और साथ ही दुर्व्यवहार व मारपीट करना, पत्नी के लिए अपने नाबालिग बच्चे के साथ अलग रहने का एक पर्याप्त कारण था।
अदालत ने टिप्पणी की,
“प्रतिवादी/पति का नशे की हालत में घर आना, लगातार गाली-गलौज करना, परेशान करना और अपीलकर्ता/पत्नी के साथ मारपीट करना—जिसके आधार पर एक आपराधिक मामला भी दर्ज किया गया—यह साबित करने के लिए काफी है कि पति के साथ क्रूरता नहीं हो रही थी, बल्कि पति का पत्नी के प्रति व्यवहार ही क्रूरतापूर्ण था। यही वह कारण है, जिसकी वजह से पत्नी अपने नाबालिग बच्चे के साथ पति से अलग रहने को मजबूर हुई।”
अदालत ने आगे कहा कि हालांकि फैमिली कोर्ट ने इन तथ्यों पर सही ढंग से विचार किया, लेकिन बाद में पत्नी के अलग रहने को ही 'क्रूरता' मानकर उसने अपने ही पिछले निष्कर्ष (कि पत्नी ने पति को छोड़ा है) का खंडन किया।
अदालत ने कहा,
“ट्रायल कोर्ट ने गलती से पत्नी के अलग रहने को क्रूरता मान लिया। फैमिली कोर्ट का यह निष्कर्ष, 'मुद्दे संख्या 1' (Issue No. 1) पर दिए गए उसके अपने ही निष्कर्ष के विपरीत है, जो कि कानूनी रूप से टिक नहीं सकता।”
अदालत ने यह भी कहा कि किसी जीवनसाथी के साथ क्रूरता हुई या नहीं, इसका फैसला पूरे मामले के तथ्यों और सबूतों को एक साथ देखकर किया जाना चाहिए, न कि किसी एक बयान या घटना को अलग से देखकर।
अदालत ने आगे कहा,
“किस जीवनसाथी के साथ क्रूरता हुई, यह तय करने के लिए पूरे मामले के तथ्यों और सबूतों का समग्र मूल्यांकन करना जरूरी है। किसी एक घटना या सबूत/तथ्य के एक वाक्य को अलग से निकालकर कोई निष्कर्ष निकालना सही और कानूनी नहीं होगा।”
अदालत ने स्पष्ट किया कि अगर कोई जीवनसाथी किसी ठोस और वाजिब कारण से दूसरे से अलग रहने को मजबूर होता है तो उसके अलग रहने को 'क्रूरता' नहीं माना जा सकता। बल्कि, जिस व्यवहार के कारण उसे अलग होने के लिए मजबूर होना पड़ा, वह खुद ही क्रूरता की श्रेणी में आ सकता है।
इसके अनुसार, हाईकोर्ट ने पत्नी की अपील स्वीकार की और फैमिली कोर्ट के 27 नवंबर, 2024 के फैसले और डिक्री रद्द की।
Case Title: Varsha Sahu v. Rajesh Kumar Sahu [FA(MAT) No. 436 of 2024]

