पिता द्वारा ज़बरदस्ती ले जाए गए बच्चे को वापस पाने के लिए मजिस्ट्रेट BNSS के तहत तलाशी का प्रावधान लागू कर सकते हैं: बॉम्बे हाईकोर्ट
Shahadat
16 July 2026 9:37 AM IST

बॉम्बे हाईकोर्ट ने कहा कि मजिस्ट्रेट, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत तलाशी के प्रावधानों का इस्तेमाल करके उस बच्चे को वापस ला सकते हैं जिसे कथित तौर पर उसके पिता ने माँ की कस्टडी से ज़बरदस्ती ले लिया था।
मालेगाँव में मजिस्ट्रेट के उन आदेशों को सही ठहराते हुए, जिनमें पुलिस को पिता के घर की तलाशी लेने और फिर तीन साल के बच्चे की कस्टडी माँ को सौंपने का निर्देश दिया गया, कोर्ट ने पाया कि सेशंस कोर्ट ने उन निर्देशों में दखल देकर गलती की थी।
सिंगल-जज जस्टिस माधव जामदार ने मालेगाँव, नासिक की सेशंस कोर्ट के 13 जनवरी, 2026 का देश रद्द किया। सेशंस कोर्ट ने मजिस्ट्रेट कोर्ट के दो आदेशों को रद्द किया था और महिला को तीन साल के बेटे की कस्टडी पिता को सौंपने का आदेश दिया था।
विवादित आदेश पारित करते समय सेशंस कोर्ट ने मालेगाँव शहर की मजिस्ट्रेट कोर्ट द्वारा पारित दो आदेशों - 28 नवंबर, 2025 और 15 दिसंबर, 2025 - को रद्द कर दिया था।
गौरतलब है कि मजिस्ट्रेट कोर्ट ने 28 नवंबर, 2025 को नाबालिग बेटे के लिए पति के घर की गहन तलाशी का आदेश दिया, क्योंकि उसने बच्चे को उसकी माँ की कस्टडी से बंदूक की नोक पर ज़बरदस्ती ले लिया था। 15 दिसंबर, 2025 को पिता को बच्चे की कस्टडी अपनी पत्नी को सौंपने का आदेश दिया गया।
इन दो आदेशों से नाराज़ होकर पति ने सेशंस कोर्ट में याचिका दायर की, जिसने मजिस्ट्रेट के आदेश को पलट दिया।
माँ द्वारा दायर अपील पर सुनवाई करते हुए जस्टिस जामदार ने कहा कि मजिस्ट्रेट कोर्ट ने ये दो आदेश तब पारित किए, जब यह पाया गया कि बच्चा, जो शुरू में माँ की कस्टडी में था, उसे पिता ने बंदूक की नोक पर ज़बरदस्ती ले लिया था। हालांकि, जस्टिस जामदार ने कहा कि सेशंस कोर्ट ने मामले के इस पहलू पर विचार नहीं किया।
जस्टिस जामदार ने कहा,
"रिकॉर्ड से साफ़ पता चलता है कि पति/पिता ने रिवॉल्वर दिखाकर माँ की कस्टडी से बच्चे को ज़बरदस्ती छीन लिया और उसे किसी दूसरी जगह पर रखा। इसलिए इन बातों को पूरी तरह नज़रअंदाज़ करके 13 जनवरी, 2026 को दिया गया आदेश ग़लत और गैर-कानूनी है। तथ्यों और हालात को देखते हुए मजिस्ट्रेट ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 100 के तहत अपनी शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए सही आदेश दिया। इसलिए इन तथ्यों और हालात में एडिशनल सेशंस जज को मजिस्ट्रेट के आदेश में दखल नहीं देना चाहिए।"
इसके अलावा, जज ने ध्यान दिलाया कि इस आदेश पर हाईकोर्ट के एक दूसरे सिंगल-जज ने पहले ही फरवरी 2026 में रोक लगाई और नतीजतन, बच्चा अभी भी माँ के पास ही है। इसलिए जज ने अब सेशंस कोर्ट का आदेश रद्द कर दिया।
Case Title: SSNA vs SAAR (Criminal Application 213 of 2026)


