RTE Act | स्कूल, राज्य द्वारा आवंटित स्टूडेंट का एडमिशन योग्यता पर विवाद का बहाना बनाकर नहीं रोक सकते: सुप्रीम कोर्ट

Update: 2026-04-28 12:45 GMT

सुप्रीम कोर्ट ने फैसला दिया कि प्राइवेट "पड़ोस के स्कूलों" को शिक्षा का अधिकार अधिनियम, 2009 (RTE Act) के तहत राज्य द्वारा आवंटित स्टूडेंट्स को तुरंत एडमिशन देना होगा। इस मामले में वे इस आधार पर एडमिशन से मना नहीं कर सकते कि छात्र की योग्यता को लेकर कोई विवाद अभी लंबित है।

कोर्ट ने साफ किया कि भले ही स्कूल को किसी स्टूडेंट की योग्यता को लेकर कोई शक हो तो भी वह स्पष्टीकरण के लिए अधिकारियों से संपर्क कर सकता है, लेकिन इस बीच वह एडमिशन नहीं रोक सकता।

जस्टिस पमिदिघंतम श्री नरसिम्हा और जस्टिस आलोक अराधे की बेंच ने यह टिप्पणी की,

"...हम पाते हैं कि याचिकाकर्ता जैसे स्कूल, जिन्हें सरकार द्वारा किए गए चयन से कुछ असहमति हो सकती है, वे संबंधित अधिकारी के सामने अपनी बात रख सकते हैं। हालांकि, उन्हें ऐसी अर्जी के नतीजे का इंतज़ार नहीं करना चाहिए। इसके बजाय उन्हें उस स्टूडेंट को एडमिशन देना अनिवार्य है, जिसका नाम इस बीच स्कूल को भेजी गई सूची में शामिल है। यह तत्परता भारतीय संविधान के अनुच्छेद 21A के वादे को साकार करने के लिए ज़रूरी है।"

यह मामला तब सामने आया, जब उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा याचिकाकर्ता स्कूल के लिए चुने और आवंटित किए गए एक स्टूडेंट को योग्यता को लेकर "अनिश्चितता" के आधार पर एडमिशन देने से मना कर दिया गया।

इलाहाबाद हाईकोर्ट के विचार को सही ठहराते हुए कोर्ट ने साफ किया कि एक बार जब राज्य चयन प्रक्रिया पूरी कर लेता है और सूची भेज देता है तो स्कूल के पास एडमिशन से मना करने या उसमें देरी करने का कोई अधिकार नहीं रह जाता।

कोर्ट ने हाईकोर्ट के फैसले का समर्थन करते हुए कहा,

"...स्कूल राज्य सरकार द्वारा लिए गए फैसले के खिलाफ अपील की तरह काम नहीं कर सकते।"

कोर्ट ने बताया कि 'पड़ोस के स्कूलों' सहित सभी स्कूल, कमजोर और वंचित समूहों के बच्चों के लिए 25% आरक्षण देने हेतु राज्य द्वारा निर्धारित एडमिशन प्रक्रिया का पालन करने के लिए कानूनी रूप से बाध्य हैं।

अदालत ने टिप्पणी की,

“RTE Act, 2009 की धारा 12 के तहत 'पड़ोस के स्कूल' का यह दायित्व है कि वह हमारे समाज के कमज़ोर और वंचित वर्गों के बच्चों को क्लास की कुल संख्या के पच्चीस प्रतिशत तक, एडमिशन दे। इस दायित्व में हमारे समाज की सामाजिक संरचना को बदलने की असाधारण क्षमता है। इसका ईमानदारी से पालन सचमुच एक बड़ा बदलाव ला सकता है। यह न केवल 'युवा भारत' को शिक्षित करने की दिशा में एक कदम है, बल्कि 'दर्जे की समानता' के प्रस्तावना वाले उद्देश्य को हासिल करने की दिशा में भी एक ठोस उपाय है… ऐसे स्टूडेंट्स का एडमिशन सुनिश्चित करना 'राष्ट्रीय मिशन' होना चाहिए। साथ ही यह उचित सरकार तथा स्थानीय प्राधिकरण का दायित्व होना चाहिए। इसी तरह अदालतें—चाहे वे संवैधानिक हों या दीवानी—उन्हें उन माता-पिता को आसान पहुंच और प्रभावी राहत देने के लिए अतिरिक्त प्रयास करने चाहिए, जो अपने अधिकार से वंचित किए जाने की शिकायत करते हैं।”

अदालत ने आगे कहा,

“एक्ट की धारा 12 के तहत दिए गए आदेश को पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ लागू किया जाना चाहिए। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि गैर-सहायता प्राप्त स्कूलों में क्लास की कुल संख्या के कम-से-कम पच्चीस प्रतिशत बच्चों का एडमिशन कमज़ोर और वंचित समूहों से हो। यह निश्चित रूप से एक 'राष्ट्रीय मिशन' है। इस वैधानिक नीति का प्रभावी ढंग से पालन करना एक बड़ा बदलाव लाएगा। इस संबंध में हममें से हर कोई—चाहे वह कोई संस्था हो या कोई व्यक्ति, चाहे वह केंद्र सरकार हो या राज्य सरकार, सलाहकार परिषदें हों या आयोग—सभी अपने-अपने दायित्वों को निभाने के लिए बाध्य हैं। इसमें सबसे महत्वपूर्ण भूमिका 'पड़ोस के स्कूलों' की है। इस मिशन में न्यायपालिका पर भी यह सुनिश्चित करने का दायित्व है कि एडमिशन की प्रक्रिया सभी के लिए आसानी से सुलभ, प्रभावी और कुशल हो। अदालत को यह भी सुनिश्चित करना चाहिए कि किसी भी प्रकार की निष्क्रियता या अकुशलता के विरुद्ध उपलब्ध न्यायिक उपचारों का समाधान प्रभावी ढंग से और शीघ्रता से किया जाए।”

तदनुसार, अपील खारिज की गई।

Cause Title: LUCKNOW PUBLIC SCHOOL, ELDICO AND ANR. VERSUS THE STATE OF UTTAR PRADESH & ORS.

Tags:    

Similar News