Twisha Sharma Dowry Death: गिरिबाला सिंह की अग्रिम ज़मानत की चुनौतियों पर फैसला सुरक्षित, CBI को पक्षकार बनने की अनुमति

Update: 2026-05-27 13:07 GMT

मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने राज्य सरकार और त्विशा शर्मा के माता-पिता की उन याचिकाओं पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया, जिनमें त्विशा की सास गिरिबाला सिंह को दहेज हत्या के कथित मामले में दी गई अग्रिम ज़मानत को चुनौती दी गई।

जस्टिस देव नारायण मिश्रा की सिंगल-जज बेंच ने सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया।

सुनवाई के दौरान, त्विशा के माता-पिता की ओर से पेश सीनियर वकील सिद्धार्थ लूथरा ने दलील दी कि भोपाल कोर्ट का वह आदेश, जिसमें ट्विशा की सास गिरिबाला (रिटायर्ड जज) को अग्रिम ज़मानत दी गई थी, जल्दबाजी में दिया गया। उन्होंने कहा कि यह आदेश तब पारित किया गया, जब गिरिबाला ने जांच में "एक दिन के लिए भी" सहयोग नहीं किया।

लूथरा ने ट्विशा की आत्महत्या से कुछ दिन पहले की WhatsApp चैट का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि इन चैट से कथित तौर पर यह पता चलता है कि त्विशा "घुटन महसूस कर रही थी" और उसने अपने माता-पिता से उसे वापस ले जाने की गुहार लगाई।

उन्होंने दलील दी कि सेशंस कोर्ट ने इस बात पर गलत तरीके से ज़ोर दिया कि 'मुख्य आरोप पति के खिलाफ थे'।

उन्होंने कहा,

"यह एक वाक्य संदर्भ से हटाकर लिया गया और अग्रिम ज़मानत देने का आधार बन गया... FIR अभी शुरुआती चरण में है... क्या इस चरण में कोर्ट द्वारा अग्रिम ज़मानत पर विचार करना जल्दबाजी नहीं है?... कोर्ट ने सभी चैट को नज़रअंदाज़ कर दिया और संदर्भ से हटाकर सिर्फ एक वाक्य को चुना और उसे अग्रिम ज़मानत देने का आधार बना लिया।"

अंत में उन्होंने यह दलील भी दी कि गिरिबाला का काफी रसूख है और जिस घर में यह घटना हुई, वह तीन दिनों तक उन्हीं के कब्ज़े में रहा।

माता-पिता की ओर से पेश अन्य वकील अनुराग श्रीवास्तव ने भी गिरिबाला के रसूख पर ज़ोर देते हुए कहा कि पुलिस ने FIR दर्ज करने में देरी की। इस बीच गिरिबाला ने अग्रिम ज़मानत के लिए अर्जी दी।

उन्होंने दलील दी,

"12 तारीख (आत्महत्या की तारीख) के बाद से माता-पिता लगातार FIR दर्ज कराने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन 15 तारीख तक FIR दर्ज नहीं की गई। जबकि, ज़मानत की अर्जी 14 तारीख को ही दायर कर दी गई। क्या पुलिस के पास इतनी जांच करने का समय था कि भोपाल कोर्ट तथ्यों पर विचार करके ज़मानत दे पाता?"

वकील ने आगे कहा कि ससुराल वालों की पहुंच सभी वीडियोग्राफी और CCTV फुटेज तक है।

उन्होंने कहा,

"उन्होंने (ससुराल वालों ने) तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना नहीं दी, और मुर्दाघर को भी 12 मई के बजाय 13 मई को सूचित किया गया... उन्होंने अस्पताल को भी सूचना नहीं दी और न ही एम्बुलेंस बुलाई। मेडिकल पेशेवर उसके शव को तीसरी मंज़िल से नीचे ला सकते थे। उसके बचने की थोड़ी-बहुत संभावना हो सकती थी... वे उसके शव को अपने घर के सबसे नज़दीकी अस्पताल में ले जाने के बजाय AIIMS जैसे इतने दूर के अस्पताल में ले गए।"

राज्य की ओर से पेश हुए एडवोकेट जनरल प्रशांत सिंह ने भी अग्रिम ज़मानत दिए जाने का विरोध करते हुए कहा कि भोपाल कोर्ट ने आरोपी द्वारा पेश किए गए सभी बचाव दस्तावेज़ों पर विचार किया, जबकि जांच एजेंसी को FIR दर्ज होने के बाद कोई भी सामग्री इकट्ठा करने का समय नहीं दिया गया।

उन्होंने कहा,

"इतने सारे दस्तावेज़, जिनमें उसकी (त्विशा की) दवाएँ और उसकी मानसिक स्थिति से जुड़े दस्तावेज़ भी शामिल हैं, जिन्हें एजेंसी ने इकट्ठा नहीं किया था, लेकिन कोर्ट ने उन पर विचार किया... ऐसा लगता है जैसे ट्रायल जज ज़मानत अर्ज़ी पर ही एक 'मिनी-ट्रायल' (छोटा मुकदमा) चला रहे हैं।"

इसके अलावा, गिरिबाला के आचरण की ओर इशारा करते हुए AG ने कहा,

"आरोपी को अग्रिम ज़मानत दी गई थी, और उसने 18 तारीख को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई। उसने एक मृत व्यक्ति पर बेबुनियाद आरोप लगाए, जो उन आरोपों का जवाब नहीं दे सकता।"

इसके अलावा, उन्होंने दावा किया कि वह ज़मानत की उस शर्त का पालन करने में विफल रही, जिसके तहत उसे जांच में सहयोग करना था; उसने तीन नोटिस दिए जाने के बावजूद पुलिस के सामने पेश होने से इनकार किया।

आगे कहा गया,

"वह पेश नहीं हो रही है; वह मीडिया को संबोधित करने और अपनी कहानी को बड़े पैमाने पर फैलाने के लिए स्वतंत्र है। लेकिन वह एजेंसी के साथ सहयोग नहीं कर रही है।"

AG ने त्विशा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारणों का भी ज़िक्र किया। साथ ही बताया कि उसके सिर पर चोट का निशान मिला था।

उन्होंने कहा,

"यह दहेज हत्या का एक अनुमान है... उसके सिर पर चोट पहुंचाए जाने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता... ये चोटें 'एंटी-मॉर्टम' (मौत से पहले की) हैं।"

उन्होंने पोस्टमार्टम रिपोर्ट से आगे पढ़कर सुनाया,

"नीले रंग के चोट के निशान (contusions) सामान्य प्रकृति के हैं और तीन दिन पुराने हैं। कोहनी से पहले के चोट के निशान मौत से कुछ ही समय पहले के हैं।"

CBI को जांच सौंपी गई है। उसने भी कोर्ट को एक लिखित नोट सौंपा, जिसमें गिरिबाला से हिरासत में पूछताछ करने के कारणों का उल्लेख किया गया। गिरिबाला सिंह की ओर से पेश सीनियर एडवोकेट नित्या रामकृष्णन ने दलील दी कि अभियोजन पक्ष और शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए कई आरोप "रिकॉर्ड के विपरीत" थे और "झूठे बयानों" पर आधारित थे।

उन्होंने बताया कि त्विशा शर्मा 12 मई को रात करीब 10:30 बजे फंदे से लटकी मिली थीं और उन्हें बीस मिनट के अंदर ही AIIMS भोपाल ले जाया गया। रामकृष्णन ने दलील दी कि 13 मई की सुबह तक, पुलिस ने परिसर को अपने कब्ज़े में ले लिया था और एक बाथरूम तथा एक कमरे को छोड़कर पूरे घर को सील कर दिया था।

उन्होंने कहा,

"इसलिए यह कहना कि यह पूरी चीज़ हमारी हिरासत में थी, बिल्कुल गलत है।"

सहयोग न करने के आरोपों को खारिज करते हुए सीनियर वकील ने कहा कि वह जांच एजेंसी के लिए हर समय उपलब्ध रहीं। उन्होंने 20-21 मई की रात करीब 2:30 बजे "बेहद बेवक़्त" भेजे गए नोटिसों का खुद जवाब दिया।

उन्होंने कहा,

"मुझे नहीं लगता कि सरकार को हाईकोर्ट के सामने झूठे बयान देने चाहिए।"

साथ ही यह भी बताया कि उन्होंने अपना मोबाइल फ़ोन पुलिस को सौंप दिया और ज़ब्ती मेमो पर खुद हस्ताक्षर किए।

रामकृष्णन ने आगे दलील दी कि यह तर्क कि गिरिबाला सिंह एक पूर्व न्यायिक अधिकारी होने के नाते जांच को प्रभावित कर सकती हैं, "पूरी तरह से अनुचित" है, खासकर इसलिए क्योंकि 13 मई के बाद सील किए गए इलाकों तक उनकी कोई पहुंच नहीं थी।

मामले के गुण-दोष पर बात करते हुए रामकृष्णन ने दलील दी कि दहेज मृत्यु के मामलों में भी अग्रिम ज़मानत (Anticipatory Bail) दी जा सकती है। साथ ही दहेज मृत्यु से जुड़े प्रावधानों के तहत कानूनी अनुमान तभी लगाया जा सकता है, जब बुनियादी तथ्य स्थापित हो जाएं, "न कि केवल FIR में आरोप लगाने मात्र से।"

अभियोजन पक्ष द्वारा पेश की गई WhatsApp चैट का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता पक्ष उन बातों का ऐसा अर्थ निकाल रहा था "जो वहां मौजूद ही नहीं था।" उनके अनुसार, चैट में सास के खिलाफ क्रूरता या दहेज की मांग का कोई आरोप नहीं था; इसके विपरीत, चैट से यह पता चलता था कि मृतका की शिकायतें उसके पति के खिलाफ थीं।

रामकृष्णन ने दलील दी,

"उसने स्पष्ट रूप से अपने पति पर आरोप लगाए।"

उन्होंने चैट के उन हिस्सों का भी हवाला दिया, जिनमें कथित तौर पर त्विशा की मां ने अपनी बेटी को सलाह दी थी कि वह "अपनी सास को विश्वास में ले"; उन्होंने तर्क दिया कि अगर गिरिबाला सिंह दहेज की मांग कर रही होतीं तो ऐसी सलाह कभी नहीं दी जाती।

ट्रायल कोर्ट के अग्रिम ज़मानत के आदेश का बचाव करते हुए रामकृष्णन ने कहा,

"दुनिया में ऐसा कोई कानून नहीं है, जो यह कहता हो कि अग्रिम ज़मानत के मामलों में आप रिकॉर्ड पर मौजूद सामग्री को नहीं देख सकते।"

सीनियर वकील ने यह भी कहा कि आरोपी परिवार ने त्विशा को आर्थिक मदद दी थी और उसे काफी बड़ी रकम ट्रांसफर की थी। उन्होंने दलील दी कि रिकॉर्ड पर मौजूद सबूतों से पता चलता है कि मृतक और उसके पति के बीच वैवाहिक जीवन में खुशहाली नहीं थी, न कि इसमें सास का कोई हाथ था।

उन्होंने कहा,

"इसका मतलब यह नहीं है कि मैं इसमें शामिल थी।"

गर्भावस्था और मेडिकल फैसलों से जुड़े आरोपों पर रामकृष्णन ने कहा कि उस समय त्विशा अपने मायके वालों के साथ रह रही थी और गर्भावस्था को मेडिकल तरीके से खत्म करने का फैसला आखिरकार उसी ने लिया था।

उन्होंने दलील दी,

"तो आप यह कैसे मान सकते हैं कि उसके फैसले में किसी ने दखल दिया?"

अपनी दलीलें जारी रखते हुए सीनियर वकील नित्या रामकृष्णन ने ज़ब्ती के रिकॉर्ड का हवाला दिया और दोहराया कि जांच अधिकारी उस पूरे समय के दौरान गिरिबाला सिंह के साथ मौजूद थे।

उन्होंने असहयोग के आरोपों का खंडन करते हुए दलील दी,

"पूरे दिन वे उसके साथ थे, और अब वे कह रहे हैं कि वह उपलब्ध नहीं थी।"

WhatsApp पर हुई बातचीत का हवाला देते हुए रामकृष्णन ने आगे कहा कि घटना से कुछ दिन पहले भी मृतक ने अपनी सास को "एक प्यार भरा मैसेज" भेजा था।

उन्होंने कहा,

"मैं जो कह रही हूं, वह यह है कि रिकॉर्ड में ऐसा कुछ भी नहीं है, जिससे यह साबित हो सके कि मैंने उसके साथ कोई क्रूरता की हो।"

सीनियर वकील ने दहेज हत्या के मामलों में अग्रिम ज़मानत की वैधता का बचाव करते हुए सावित्री अग्रवाल और अन्य बनाम महाराष्ट्र राज्य (2009) मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले का भी हवाला दिया। इस आलोचना का ज़िक्र करते हुए कि FIR दर्ज होने से पहले ही अग्रिम ज़मानत मांगी गई थी।

उन्होंने कहा:

"क्या अपनी आज़ादी की रक्षा के लिए अदालत जाना कोई पाप है?"

जांच को प्रभावित करने के आरोपों पर जवाब देते हुए रामकृष्णन ने कहा कि परिवार ने न केवल राज्य पुलिस के साथ, बल्कि 25 मई को CBI के आने के बाद उसके साथ भी सहयोग किया।

मामले को लेकर मीडिया की बारीकी से जांच का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा,

"हर कोई इस मामले को लेकर बहुत ज़्यादा चर्चा कर रहा है।"

गिरिबाला सिंह की ओर से पेश वकील एनोश जॉर्ज ने भी दलील दी कि अगर शिकायतकर्ता ज़मानत मिलने के बाद के आचरण के आधार पर ज़मानत रद्द करवाना चाहता है तो इसका सही उपाय ट्रायल कोर्ट के सामने है, न कि सीधे हाई कोर्ट के सामने।

अग्रिम ज़मानत का विरोध करते हुए सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने दलील दी कि मौजूदा कार्यवाही केवल ज़मानत रद्द करने के लिए नहीं है, बल्कि अग्रिम ज़मानत के आदेश को ही रद्द करने के लिए है। उन्होंने कहा कि हालांकि FIR दर्ज होने से पहले अग्रिम ज़मानत देना कानूनी रूप से मना नहीं हो सकता, लेकिन ट्रायल कोर्ट को एक गंभीर दहेज हत्या के मामले में राहत देने से पहले इंतज़ार करना चाहिए था, जिसमें "एक न्यायिक संस्था में काफ़ी ताक़त रखने वाला एक ताक़तवर व्यक्ति" शामिल है।

मेहता ने दलील दी,

"तथ्यों पर विचार करने के लिए ट्रायल कोर्ट एक दिन का इंतज़ार कर सकता था।"

साथ ही कहा कि कोर्ट ने जिन आधारों पर भरोसा किया — जैसे कि आरोपी 63 साल की महिला है और भोपाल में रहती है — वे बहुत ही सामान्य हैं।

उन्होंने कहा,

"अगर ये ही आधार हैं तो 90% मामलों में अग्रिम ज़मानत दी जानी चाहिए।"

सॉलिसिटर जनरल ने आगे आरोप लगाया कि मीडिया से बातचीत और प्रेस कॉन्फ्रेंस के ज़रिए लोगों की राय को गढ़ा जा रहा है।

उन्होंने दलील दी,

"प्रेस कॉन्फ्रेंस पूरे आत्मविश्वास के साथ की जाती हैं। ये प्रेस कॉन्फ्रेंस एक माहौल बनाती हैं और गवाहों को प्रभावित करती हैं।"

मेहता ने यह सवाल भी उठाया कि क्या परिसर को सील करने से पहले घटनास्थल पर मौजूद सबूतों के साथ छेड़छाड़ की गई। गिरिबाला सिंह द्वारा जांच अधिकारी को भेजे गए ईमेल का ज़िक्र करते हुए उन्होंने दलील दी कि प्रतिवादी, जो कानूनी रूप से प्रशिक्षित है, इस बात से पूरी तरह वाकिफ़ थी कि आम तौर पर सूर्यास्त के बाद किसी महिला से पूछताछ नहीं की जा सकती।

उन्होंने आगे कहा कि सबूत इकट्ठा करने के लिए हिरासत में पूछताछ ज़रूरी है। दलील दी कि मृतक ने अपनी सास के खिलाफ शिकायतें की थीं। 7 मई की एक चैट का ज़िक्र करते हुए मेहता ने दावा किया कि सास ने मृतक और उसके पति के बीच "दरार पैदा कर दी थी" और वह इसके लिए "ज़िम्मेदार" थी। मृतक के परिवार की ओर से पेश हुए सीनियर एडवोकेट सिद्धार्थ लूथरा ने सुप्रीम कोर्ट के पहले के फैसलों, जिनमें समुंदर सिंह, इदलराम और मंगला के मामले शामिल हैं, उसका हवाला देते हुए यह दलील दी कि गंभीर अपराधों में चार्जशीट दाखिल होने के बाद भी अग्रिम ज़मानत रद्द की जा सकती है।

जवाब में रामकृष्णन ने कहा कि यह वही थीं जिन्होंने घटना वाली रात पुलिस को इस बारे में जानकारी दी थी।

सुनवाई के आखिर में कोर्ट ने CBI को तीसरे प्रतिवादी के तौर पर मामले में शामिल होने की इजाज़त दी और इस मामले पर अपना फ़ैसला सुरक्षित रख लिया।

Tags:    

Similar News