गुवाहाटी हाईकोर्ट ने कहा कि बीमित वाहन में बीमा पॉलिसी की शर्तों का उल्लंघन करते हुए कथित तौर पर गांजा ले जाए जाने के आधार पर बीमा कंपनी सड़क दुर्घटना में मारे गए व्यक्ति के परिवार को मुआवजा देने से इनकार नहीं कर सकती।

कोर्ट ने कहा कि बीमा कंपनी को पहले पीड़ित परिवार को पूरा मुआवजा देना होगा और बाद में वाहन मालिक से यह रकम वसूलने की छूट होगी।

जस्टिस करदक एते ने कहा कि तीसरे पक्ष के दुर्घटना पीड़ितों के अधिकार बीमा कंपनी और वाहन मालिक के बीच विवाद से प्रभावित नहीं होने चाहिए।

अदालत ने स्पष्ट किया कि दुर्घटना के समय वाहन का बीमा वैध था और मृतक के परिजन बीमा अनुबंध के तीसरे पक्ष हैं। इसलिए बीमा कंपनी को मुआवजे का भुगतान करने की जिम्मेदारी से मुक्त नहीं किया जा सकता।

अदालत ने कहा,

“रिकॉर्ड पर उपलब्ध सामग्री, विशेष रूप से बीमा कंपनी के गवाह DW-1 की गवाही और उसके द्वारा भरोसा किए गए पुलिस रिकॉर्ड से यह बात नजरअंदाज नहीं की जा सकती कि दुर्घटना में शामिल वाहन का इस्तेमाल प्रतिबंधित सामान ले जाने के लिए किया जा रहा था। यह वाहन मालिक की ओर से पॉलिसी की शर्तों के उल्लंघन का संकेत देता है। हालांकि, दुर्घटना के समय वाहन का बीमा होना विवादित नहीं है। विवाद मूल रूप से बीमा पॉलिसी की शर्तों के उल्लंघन और वाहन मालिक के प्रति बीमा कंपनी की देनदारी से जुड़ा है। ऐसी स्थिति में बीमाकर्ता और बीमित व्यक्ति के बीच विवाद के कारण तीसरे पक्ष के दावेदारों के हितों को नुकसान नहीं पहुंचाया जा सकता।”

हाईकोर्ट ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी की उस अपील पर सुनवाई कर रहा था, जिसमें मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (MACT) द्वारा वर्ष 2011 की सड़क दुर्घटना में मारे गए व्यक्ति के परिवार को 10.52 लाख रुपये मुआवजा देने के आदेश को चुनौती दी गई।

दावेदारों के अनुसार, मृतक 9 जून 2011 को नगांव से समागुरी की ओर टाटा DI वाहन चला रहा था। वह बोरालीगांव में रुका हुआ था, तभी सामने से आ रहे एक ट्रक ने उसके वाहन को टक्कर मार दी। दुर्घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

बीमा कंपनी ने दलील दी कि दुर्घटना के समय ट्रक में गांजा ले जाया जा रहा था। उसने पुलिस की जनरल डायरी में दर्ज प्रविष्टियों और अपने गवाह की गवाही पर भरोसा करते हुए कहा कि वाहन मालिक ने बीमा पॉलिसी की शर्तों का उल्लंघन किया। इसलिए कंपनी मृतक के परिवार को मुआवजा देने के लिए उत्तरदायी नहीं है।

हाईकोर्ट ने माना कि रिकॉर्ड पर मौजूद सामग्री से संकेत मिलता है कि ट्रक का इस्तेमाल प्रतिबंधित सामान ले जाने के लिए किया जा रहा था। हालांकि, दुर्घटना के समय वाहन का बीमा वैध होने पर कोई विवाद नहीं था।

अदालत ने कहा कि वाहन मालिक की ओर से पॉलिसी की शर्तों का उल्लंघन किए जाने से बीमा कंपनी की तीसरे पक्ष के पीड़ितों के प्रति जिम्मेदारी समाप्त नहीं होती।

इस संबंध में अदालत ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड बनाम श्री नंजप्पन (2004) 13 SCC 224 का हवाला दिया। इस फैसले के सिद्धांत के अनुसार बीमा कंपनी को पहले मुआवजे की पूरी रकम अदा करने और उसके बाद वाहन मालिक से वसूली करने का निर्देश दिया जा सकता है।

हाईकोर्ट ने निर्देश दिया कि ओरिएंटल इंश्योरेंस पहले मृतक के परिवार को पूरा मुआवजा दे और इसके बाद ट्रक मालिक से रकम वसूल सकती है।

अदालत ने स्पष्ट किया कि वसूली के लिए बीमा कंपनी को अलग से मुकदमा दायर करने की जरूरत नहीं होगी। वह इस उद्देश्य से निष्पादन अदालत का रुख कर सकती है।

हाईकोर्ट ने मुआवजे की राशि पर भी दोबारा विचार किया। दावा अधिकरण ने भविष्य की संभावनाओं के मद में 50 प्रतिशत राशि जोड़ी थी। सुप्रीम कोर्ट के फैसले नेशनल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड बनाम प्रणय सेठी (2017) 16 SCC 680 के आधार पर हाईकोर्ट ने कहा कि 40 वर्ष से कम आयु के ऐसे मृतक, जो निश्चित वेतन पर काम कर रहे हों या स्वरोजगार में हों, के मामले में भविष्य की संभावनाओं के लिए 40 प्रतिशत राशि जोड़ी जानी चाहिए।

इस आधार पर अदालत ने मुआवजे की रकम 10.52 लाख रुपये से घटाकर 9.77 लाख रुपये की। हालांकि, दावा याचिका दाखिल करने की तारीख से 6 प्रतिशत सालाना ब्याज देने का आदेश बरकरार रखा गया।

इन निर्देशों के साथ हाईकोर्ट ने बीमा कंपनी की अपील आंशिक रूप से स्वीकार की।

अंग्रेजी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

Tags: