पर्सनालिटी राइट्स की सुरक्षा के लिए रामदेव पहुंचे दिल्ली हाईकोर्ट, एक्स कॉर्प ने कहा- सटायर हटाया नहीं जा सकता

Update: 2026-02-17 12:42 GMT

योग गुरु और पतंजलि आयुर्वेद के संस्थापक रामदेव ने अपने पर्सनालिटी राइट्स की सुरक्षा के लिए दिल्ली हाइकोर्ट का रुख किया। मामले की सुनवाई जस्टिस ज्योति सिंह के समक्ष हुई, जिन्होंने संक्षिप्त सुनवाई के बाद इसे कल के लिए सूचीबद्ध किया।

रामदेव की ओर से सीनियर एडवोकेट राजीव नायर ने पैरवी की। वहीं सोशल मीडिया मंच एक्स कॉर्प (पूर्व में ट्विटर) की ओर से पेश वकील ने दलील दी कि राजनीतिक टिप्पणी, व्यंग्य, निष्पक्ष टिप्पणी और सार्वजनिक भाषण को व्यक्तित्व अधिकारों के नाम पर हटाने का आदेश नहीं दिया जा सकता।

अदालत का निर्देश

अदालत ने रामदेव और सोशल मीडिया कंपनियों दोनों से कहा कि वे उस सामग्री की सूची या विस्तृत नोट दाखिल करें, जिस पर आपत्ति जताई जा रही है।

रामदेव की मांग

रामदेव ने प्रतिवादियों, जिनमें अज्ञात व्यक्ति (जॉन डो) भी शामिल हैं, को उनके नाम, उपाधि, छवि, आवाज, बोलने की विशिष्ट शैली और अन्य पहचान संबंधी विशेषताओं का बिना अनुमति व्यावसायिक लाभ के लिए उपयोग करने से रोकने की मांग की।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनकी पहचान का दुरुपयोग विभिन्न प्रारूपों में किया जा रहा है, जिसमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और डीपफेक के माध्यम से तैयार की गई सामग्री भी शामिल है।

पूर्व के मामलों का संदर्भ

दिल्ली हाईकोर्ट की समन्वय पीठें पहले भी कई प्रसिद्ध हस्तियों के पर्सनालिटी राइट्स की रक्षा कर चुकी हैं। इनमें आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण, पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर अभिनेता आर. माधवन और एनटीआर जूनियर शामिल हैं। एक्टर सलमान खान ने भी इसी प्रकार का वाद दायर किया।

इसके अतिरिक्त, आर्ट ऑफ लिविंगबफाउंडेशन के संस्थापक श्री श्री रविशंकर, तेलुगु एक्टर नागार्जुन, बॉलीवुड एक्ट्रेस ऐश्वर्या राय बच्चन, एक्टर अभिषेक बच्चन और फिल्म निर्माता करण जौहर के पर्सनालिटी राइट्स की भी न्यायालय ने रक्षा की।

हाल ही में न्यायालय ने पत्रकार सुधीर चौधरी के व्यक्तित्व अधिकारों की भी सुरक्षा की थी, जिन्होंने अपने खिलाफ कथित भ्रामक और एआई-निर्मित वीडियो के प्रसार को लेकर राहत मांगी थी।

इसी प्रकार पॉडकास्टर राज शमानी के पर्सनालिटी राइट्स की सुरक्षा के लिए भी जॉन डो आदेश यह कहते हुए पारित किया गया कि वे भारत में विशेषकर कंटेंट क्रिएशन के क्षेत्र में एक पहचाना चेहरा हैं।

मामले की अगली सुनवाई मंगलवार को होगी।

Tags:    

Similar News