उत्तम नगर होली हिंसा: तरुण के परिवार की सुरक्षा के लिए सुप्रीम कोर्ट ने याचिकाकर्ताओं को दिल्ली पुलिस से संपर्क की अनुमति दी
सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को उस याचिका पर सुनवाई करते हुए याचिकाकर्ताओं को दिल्ली पुलिस आयुक्त के समक्ष प्रतिनिधित्व देने की अनुमति दी, जिसमें होली के दौरान दिल्ली के उत्तम नगर में हुई हिंसक झड़प में मारे गए 27 वर्षीय तरुण बुटोलिया के परिवार को सुरक्षा देने की मांग की गई थी।
चीफ़ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस विपुल पंचोली की खंडपीठ ने यह आदेश हरि शंकर जैन, आशीष कुमार द्विवेदी, हरिनंदन सिंह और योगेश कुमार द्वारा दायर रिट याचिका पर पारित किया।
कोर्ट ने CBI जांच की मांग को खारिज करते हुए कहा,
“याचिकाकर्ताओं ने 4 मार्च 2026 की दुर्भाग्यपूर्ण घटना, जिसमें एक 27 वर्षीय युवक की असमय मृत्यु हुई और कई लोग घायल हुए, के संबंध में कुछ निर्देश मांगे हैं। हम पाते हैं कि मांगे गए निर्देशों में से कुछ प्रशासनिक प्रकृति के हैं, जो पीड़ित के परिवार की सुरक्षा से जुड़े हैं। इस पहलू की जांच दिल्ली पुलिस कर सकती है, इसलिए याचिकाकर्ताओं को पुलिस आयुक्त के समक्ष विस्तृत प्रतिनिधित्व देने की अनुमति दी जाती है।”
कोर्ट ने यह भी कहा कि यदि दिल्ली पुलिस द्वारा शिकायतों का प्रभावी समाधान नहीं किया जाता है, तो याचिकाकर्ता हाईकोर्ट का रुख कर सकते हैं।
कोर्ट ने कहा, “यह स्पष्ट है कि पुलिस प्राधिकरण खतरे के स्तर का आकलन करेंगे और आवश्यक कदम उठाएंगे। यदि शिकायतों का समाधान नहीं होता है, तो हाईकोर्ट जाने की स्वतंत्रता दी जाती है,”
सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं की ओर से एडवोकेट विष्णु शंकर जैन ने कहा कि एक पानी के गुब्बारे को लेकर यह हिंसक घटना हुई, जिसमें एक युवक की जान चली गई। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के तहसीन पूनावाला मामले का हवाला देते हुए पीड़ित परिवार के लिए राहत उपायों की मांग की।
इस पर CJI ने CBI जांच के आदेश देने में असमर्थता जताते हुए कहा, “हर दिन CBI के अधिकारी कहते हैं कि उनके पास पहले से ही बहुत काम है।”
इसके बाद याचिकाकर्ता के वकील ने स्पष्ट किया कि वे CBI जांच पर जोर नहीं दे रहे हैं, बल्कि पीड़ित परिवार के लिए सुरक्षा और अन्य उपाय चाहते हैं।
CJI ने कहा, “दिल्ली पुलिस एक पेशेवर बल है। पूरे पुलिस बल का मनोबल गिराने की कोशिश न करें। पहले पुलिस आयुक्त के पास जाएं, और यदि समाधान न मिले तो दिल्ली हाईकोर्ट का रुख करें।”
दिल्ली पुलिस के अनुसार, यह घटना होली के दिन पानी के गुब्बारे को लेकर दो पड़ोसी परिवारों—हिंदू और मुस्लिम समुदाय—के बीच हुए विवाद के बाद हुई, जिसमें तरुण बुटोलिया की मौत हो गई।