"लंबित आपराधिक मामला पदोन्नति से इनकार करने का आधार नहीं": इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उत्तर प्रदेश सरकार को पुलिस निरीक्षक को डिप्टी एसपी के पद पर प्रमोट करने का आदेश दिया
इलाहाबाद हाईकोर्ट
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उत्तर प्रदेश सरकार को सिविल पुलिस में तैनात एक पुलिस निरीक्षक को पुलिस उपाधीक्षक के पद पर पदोन्नति देने का निर्देश दिया है।
इसी के साथ जस्टिस नीरज तिवारी की खंडपीठ ने अपर मुख्य सचिव गृह के उस आदेश को निरस्त कर दिया जिसमें याचिकाकर्ता का नाम सीलबंद लिफाफे में रखा गया था और उसके कनिष्ठों को पदोन्नति दी गई थी।
मामला
याचिकाकर्ता को सिविल पुलिस विभाग में उप-निरीक्षक के पद पर वर्ष 1990 में नियुक्त किया गया था, और उसके खिलाफ वर्ष 1999 में आरोप पत्र प्रस्तुत किया गया था।
जिसके बाद वर्ष 2006 में उन्हें निरीक्षक के पद पर पदोन्नत किया गया और पुलिस उपाधीक्षक के पद पर पदोन्नति के लिए 01.01.2018 को पहली डीपीसी भी आयोजित की गई, जिसमें याचिकाकर्ता के नाम पर विचार किया गया, लेकिन उसके खिलाफ आपराधिक कार्यवाही लंबित होने के कारण उसका नाम सीलबंद लिफाफे में रखा गया था और उसके कनिष्ठों को पदोन्नति प्रदान की गई।
हालांकि, एडीजीपी, प्रशासन की 20.08.2020 की टिप्पणियों के अनुसार, याचिकाकर्ता को उनकी सेवा के अंतिम दस वर्षों में कई उत्कृष्ट प्रविष्टियां दी गईं थी, इस तथ्य के साथ कि याचिकाकर्ता को कोई भी सजा, मामूली या बड़ी नहीं दी गई और पदोन्नति के बाद उन्होंने कभी भी किसी भी तरह से अपने पद का दुरुपयोग नहीं किया।
हालांकि पदोन्नति न होने पर उन्होंने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया और अधिकारियों को सील कवर लिफाफा खोलने और याचिकाकर्ता को सभी परिणामी लाभों के साथ डिप्टी एसपी के पद पर प्रमोट करने की मांग की।
निष्कर्ष
शुरुआत में, कोर्ट ने कहा कि एक आपराधिक कार्यवाही शुरू होने के बाद भी याचिकाकर्ता को 2006 में इंस्पेक्टर के पद पर पदोन्नति दी गई थी, जिस पर वह अभी भी पद के दुरुपयोग के बिना काम कर रहा है।
इसके अलावा, कोर्ट ने नोट किया कि याचिकाकर्ता को पिछले 10 वर्षों के लिए उत्कृष्ट प्रविष्टियां दी गई थीं, और इस प्रकार, कोर्ट ने पाया कि केवल एक आपराधिक मामले की पेंडेंसी के साथ-साथ याचिकाकर्ता को सेवा में बने रहने की अनुमति दी गई है और पदोन्नति भी दी गई है। यह पदोन्नति से इंकार करने का आधार नहीं हो सकता।
नतीजतन, कोर्ट ने नोट किया कि अतिरिक्त तथ्यों को ध्यान में रखा जा सकता है यानी सीलबंद लिफाफे को खोलते समय याचिकाकर्ता के बाद के सेवा रिकॉर्ड और यदि याचिकाकर्ता के बाद के सेवा रिकॉर्ड को बिना किसी सजा के उत्कृष्ट, बेदाग पाया जाता है, तो वह पदोन्नति देने के लिए अतिरिक्त आधार में एक होना चाहिए।
इसलिए, ऐसे तथ्यों और परिस्थितियों में, रिट याचिका की अनुमति दी गई थी और यूपी सरकार को सभी परिणामी लाभों के साथ सीलबंद लिफाफे को खोलने और याचिकाकर्ता को अधिकतम छह सप्ताह के भीतर पदोन्नति देने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया था।
केस टाइटल- उमेश प्रताप सिंह बनाम यूपी राज्य और 5 अन्य [WRIT - A No. 7917 Of 2022 ]
केस साइटेशन: 2022 लाइव लॉ (एबी) 460