महिला वकील की गोली मारकर हत्या, सरकारी क्वार्टर में मिला शव, पुलिस को करीबी पर शक

Update: 2019-08-08 03:26 GMT

उत्तर प्रदेश के एटा जिले में एक महिला सरकारी वकील की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सोमवार रात को उनके सरकारी आवास पर उनका शव पाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और कुछ संदिग्ध लोगों के नाम भी सामने आए हैं।

महिला वकील का नाम नूतन यादव है और वे एटा में सहायक अभियोजन अधिकारी ( सरकारी वकील) थीं। पुलिस के अनुसार नूतन को एक के बाद एक पांच गोली मारी गईं और जिस तरह से वारदात को अंजाम दिया गया है, पुलिस को किसी करीबी पर शक़ है।

नूतन यादव अपने सरकारी आवास में अकेली रहती थीं और पुलिस के अनुसार घटना से पहले कोई करीबी व्यक्ति उनसे मिलने आया था। यह वारदात एटा पुलिस लाइन के सामने बने सरकारी क्वार्टर में हुई। पुलिस के अनुसार जो लोग नूतन यादव से मिलने आते थे, उन सभी पर शक है।

उत्तर प्रदेश में पिछले दो महीने में किसी महिला वकील के कत्ल की यह दूसरी वारदात है। इससे पहले उत्तर प्रदेश बार काउंसिल की पहली चेयरमैन 38 वर्षीय महिला अध्यक्ष दरवेश यादव की दिन दहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उनके एक साथी वकील ने ही आगरा कोर्ट परिसर में दरवेश यादव को गोली मारी थी। इसके बाद आरोपी ने खुद को भी गोली मार ली थी।  

Tags:    

Similar News