सुप्रीम कोर्ट ने दिव्यांगता आयुक्तों की सिफारिशों को सख्ती से लागू करने की मांग वाली PIL पर केंद्र को नोटिस जारी किया
सुप्रीम कोर्ट ने उस PIL पर नोटिस जारी किया, जिसमें 'विकलांग व्यक्तियों के अधिकार अधिनियम, 2016' के तहत शिकायत निवारण तंत्र को मजबूत करने और विकलांग व्यक्तियों के लिए मुख्य आयुक्त तथा राज्य आयुक्तों द्वारा की गई सिफारिशों को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश देने की मांग की गई।
जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस प्रसन्ना बी. वराले की खंडपीठ ने इस याचिका को 21 जुलाई, 2026 को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया।
याचिका में दिव्यांगता आयुक्तों द्वारा जारी सिफारिशों को प्रभावी ढंग से लागू करने और पूरे देश में दिव्यांगता आयोगों की संरचना, संसाधनों तथा कार्यप्रणाली में मौजूद कमियों को दूर करने के निर्देश देने की मांग की गई।
'विकलांग व्यक्तियों के अधिकार अधिनियम' के तहत विकलांग व्यक्तियों के लिए मुख्य आयुक्त (CCPD) और दिव्यांग व्यक्तियों के लिए राज्य आयुक्त (SCPDs) दिव्यांगता अधिकारों की निगरानी और उन्हें लागू करने वाली प्राथमिक संस्थाएं हैं।
याचिका में तर्क दिया गया कि इन संस्थाओं को नियंत्रित करने वाली कई वैधानिक आवश्यकताओं को व्यवहार में लागू नहीं किया जा रहा है, जिसके परिणामस्वरूप शिकायत निवारण तंत्र अप्रभावी हो गया।
अधिनियम की धारा 76 और 81 के तहत अधिकारियों के लिए यह अनिवार्य है कि वे दिव्यांगता आयुक्तों द्वारा जारी सिफारिशों पर तीन महीने के भीतर कार्रवाई करें। यदि कोई अधिकारी सिफारिशों का पालन करने से इनकार करता है तो उसे पालन न करने के कारणों की जानकारी संबंधित आयुक्त के साथ-साथ पीड़ित व्यक्ति को भी देनी होगी।
याचिका में आरोप लगाया गया कि बड़ी संख्या में मामलों में अधिकारी न तो सिफारिशों का पालन करते हैं और न ही पालन न करने के कारणों की जानकारी देते हैं।
याचिका में कहा गया,
"उदाहरण के तौर पर, भारत सरकार के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 2022 और 2024 के बीच, जिन मामलों में CCPD की सिफारिशों का पालन नहीं किया गया, उनमें से केवल 10-15% मामलों में ही संबंधित पक्ष (Respondent) द्वारा पालन न करने के कारणों की जानकारी दी गई। ऐसे मामलों में दिव्यांगता आयोगों को धारा 93 के तहत ऐसे अधिकारियों पर जुर्माना लगाने का अधिकार दिया गया, लेकिन व्यवहार में सिफारिशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए इस प्रावधान का उपयोग नहीं किया जा रहा है।"
'सतेंद्र सिंह बनाम भारत सरकार' मामले में सुप्रीम कोर्ट के समक्ष लंबित कार्यवाही के दौरान केंद्र सरकार द्वारा जारी किए गए आंकड़ों का हवाला देते हुए याचिका में दावा किया गया कि CCPD की सिफारिशें अक्सर बिना लागू हुए ही रह जाती हैं और आयुक्तों को जुर्माना लगाने का अधिकार देने वाले वैधानिक प्रावधानों का प्रभावी ढंग से उपयोग नहीं किया जा रहा है।
याचिका में यह भी बताया गया कि ज़्यादातर राज्य विकलांगता आयोगों के पास ऑनलाइन शिकायत पोर्टल नहीं हैं, कई आयोगों की वेबसाइटें ठीक से काम नहीं करतीं और अधिनियम की धारा 74(8) और 79(7) के तहत अनिवार्य सलाहकार समितियाँ अभी तक गठित नहीं की गईं।
याचिका में कहा गया,
“अभी, दिव्यांग व्यक्तियों के लिए केवल 4 राज्य आयुक्तों [SGPDs] के पास शिकायतों के पंजीकरण के लिए एक ऑनलाइन पोर्टल है। इसके अलावा, 20 SCPDs के पास कोई काम करने वाली वेबसाइट नहीं है। साथ ही RPwD Act में दिव्यांगता आयोगों की सहायता के लिए विषय विशेषज्ञों वाली सलाहकार समितियों की नियुक्ति की परिकल्पना की गई [मुख्य आयुक्त के संबंध में धारा 74(8) और राज्य आयोगों के संबंध में धारा 79(7)]। हालांकि, सार्वजनिक रूप से उपलब्ध जानकारी के अनुसार, अभी न तो मुख्य आयुक्त और न ही किसी राज्य आयुक्त के पास कोई सलाहकार समिति है।”
केंद्रीय स्तर पर याचिकाकर्ता का कहना है कि 2019 से कोई पूर्णकालिक मुख्य आयुक्त नहीं है और धारा 74(2) के तहत परिकल्पित आयुक्त के दो पदों में से एक पद अभी भी खाली है।
याचिका में इस बात पर ज़ोर दिया गया,
“इसलिए तीन सदस्यों के पैनल के रूप में जिसकी परिकल्पना की गई, वह अब घटकर केवल एक पूर्णकालिक सदस्य तक सीमित रह गया है।”
याचिका में यह तर्क दिया गया कि मुख्य आयुक्त के कार्यालय को कई अन्य वैधानिक आयोगों की तुलना में काफ़ी कम धनराशि मिलती है। इसमें बताया गया कि कार्यालय को केंद्रीय बजट 2025-26 में केवल ₹5.5 करोड़ और 2026-27 के लिए ₹6.5 करोड़ का आवंटन मिला।
याचिका में यह बात उठाई गई,
“केंद्रीय बजट 2025-26 में कई वैधानिक और अर्ध-न्यायिक निगरानी संस्थाओं को पहचान योग्य और विशेष रूप से निर्धारित आवंटन मिले हैं। केंद्रीय सूचना आयोग को 42.49 करोड़ रुपये, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को 75.53 करोड़ रुपये और राष्ट्रीय हरित अधिकरण को 52.68 करोड़ रुपये उनके संस्थागत कामकाज के लिए आवंटित किए गए । इसके बिल्कुल विपरीत, दिव्यांग व्यक्तियों के लिए मुख्य आयुक्त को मात्र 5.5 करोड़ रुपये का मामूली आवंटन मिला, जिसमें से केवल 4.54 करोड़ रुपये ही खर्च किए गए। इसी तरह 2026-27 के बजटीय आवंटन के लिए दिव्यांगता आयुक्त को 6.5 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की गई, जबकि अन्य आयोगों जैसे राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग और राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग को क्रमशः 40 करोड़ रुपये और 43.36 करोड़ रुपये आवंटित किए गए।”
याचिका में दिशानिर्देशों की मांग की गई ताकि दिव्यांगता आयुक्तों द्वारा जारी की गई सिफारिशों का प्रभावी और समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके, और अनुपालन न करने पर परिणाम निर्धारित किए जा सकें, जिसमें RPwD Act की धारा 89 और 93 के तहत जुर्माना लगाना भी शामिल है।
इसमें केंद्रीय दिव्यांग व्यक्ति आयोग में अतिरिक्त आयुक्त के रिक्त पद को भरने, अधिनियम की धारा 74(8) और 79(7) के तहत सलाहकार समितियों का गठन करने और मुख्य आयुक्त तथा राज्य आयुक्तों के कार्यालयों का स्वतंत्र ऑडिट कराने के निर्देश भी मांगे गए, ताकि बुनियादी ढांचे की कमियों की पहचान की जा सके और उन्हें दूर किया जा सके।
याचिकाकर्ता का प्रतिनिधित्व एडवोकेट राहुल बजाज ने एडवोकेट ऑन रिकॉर्ड तलहा अब्दुल रहमान के साथ मिलकर किया।
Case Title – Shashank Pandey v. Union of India