चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने सर्विस से जुड़े लाभों और रिटायरमेंट बेनिफिट्स की मांग को लेकर बार-बार अदालतों का रुख करने वाले न्यायिक अधिकारियों पर नाराजगी जताई है।

सुनवाई के दौरान CJI ने सवाल उठाया कि न्यायिक अधिकारी अपनी न्यायिक जिम्मेदारियों पर पर्याप्त ध्यान क्यों नहीं दे रहे हैं और अदालतों में लंबित मामलों का निपटारा करने के बजाय सर्विस बेनिफिट्स की मांग को लेकर आवेदन क्यों दाखिल कर रहे हैं।

CJI ने टिप्पणी की, "अब वे कुछ ज्यादा ही बोलने लगे हैं। हर मामले में न्यायिक अधिकारी आवेदन लेकर आ रहे हैं कि हमें यह सुविधा दी जाए। वे अदालतों में काम क्यों नहीं करते? हमें पता है कि उनका निपटारा कितना है और वे पूरे दिन क्या करते हैं।"

ट्रायल कोर्ट के कामकाज पर भी उठाए सवाल

CJI सूर्यकांत ने निचली अदालतों के कामकाज पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार न्यायिक अधिकारी कामकाजी घंटों के दौरान अदालत कक्ष में उपलब्ध नहीं होते।

उन्होंने कहा, "आप सुबह 10 बजे जाकर देखिए, अदालत में कोई नहीं होता। चैंबर में बैठकर कॉफी पी रहे होते हैं। जैसे हमें पता ही नहीं है कि वहां क्या हो रहा है।"

CJI ने चिंता जताई कि न्यायिक अधिकारी अपने सामने लंबित मामलों के निपटारे के बजाय सर्विस कंडीशंस और रिटायरमेंट से जुड़े लाभों को लेकर अधिक चिंतित दिखाई देते हैं।

उन्होंने कहा,"24 घंटे वे यही सोचते रहते हैं कि उन्हें कौन-सी सुविधाएं और सर्विस बेनिफिट्स मिलेंगे! रिटायरमेंट की उम्र बढ़ेगी या नहीं। बाहर लोग कतार में खड़े होकर इंतजार कर रहे हैं, लेकिन वे उन मामलों पर ध्यान नहीं देते।"

CJI की ये टिप्पणियां न्यायिक अधिकारियों की ओर से सर्विस संबंधी विभिन्न लाभों और सेवा शर्तों में बदलाव की मांग को लेकर दाखिल आवेदनों की सुनवाई के दौरान आईं।

CJI ने न्यायिक अधिकारियों की प्राथमिकताओं और अदालतों में उनके कामकाज को लेकर सवाल उठाए।

इस खबर को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए क्लिक करें 

Tags: