BREAKING | सुप्रीम कोर्ट का फैसला, सभी जज अपनी संपत्ति की सार्वजनिक रूप से करेंगे घोषणा

न्यायपालिका में पारदर्शिता और जनता का विश्वास बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सुप्रीम कोर्ट के सभी जजों ने अपनी संपत्ति की घोषणा सार्वजनिक करने पर सहमति जताई है।
सूत्रों ने लाइव लॉ को बताया कि 1 अप्रैल को आयोजित फुल कोर्ट की बैठक में जजों ने चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (सीजेआई) के समक्ष अपनी संपत्ति का खुलासा करने का फैसला किया। साथ ही घोषणाओं को सुप्रीम कोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा।
यह फैसला जस्टिस यशवंत वर्मा के दिल्ली हाईकोर्ट के जज के रूप में सेवारत रहने के दौरान उनके आधिकारिक परिसर में कथित रूप से नकदी पाए जाने के विवाद के बाद लिया गया।
जजों की संपत्ति की घोषणाओं को प्रकाशित करने के लिए विशिष्ट तौर-तरीकों को नियत समय में अंतिम रूप दिया जाएगा।
फिलहाल सुप्रीम कोर्ट के सभी जजों ने अपनी संपत्ति की घोषणा प्रस्तुत कर दी है। हालांकि इन घोषणाओं को सार्वजनिक नहीं किया गया।