कलकत्ता हाईकोर्ट ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद अभिषेक बनर्जी को छह आपराधिक मामलों में मिली अंतरिम राहत को 26 फरवरी 2027 तक बढ़ा दिया है। कोर्ट ने उन्हें पुलिस की किसी भी दंडात्मक या जबरन कार्रवाई (Coercive Action) से संरक्षण दिया है। यह संरक्षण अगले आदेश तक या 26 फरवरी 2027 तक, जो भी पहले हो, जारी रहेगा।

जस्टिस सौगात भट्टाचार्य ने बनर्जी की ओर से दायर दो अलग-अलग याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए यह आदेश दिया।

कोर्ट ने गौर किया कि पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से 25 अगस्त के आदेश को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट में दायर स्पेशल लीव पिटीशन (SLP) अभी भी तकनीकी खामियों (Defects) के कारण लंबित है। साथ ही, संबंधित आपराधिक मामलों की जांच भी अभी पूरी नहीं हुई है।

पहली याचिका में अभिषेक बनर्जी ने 25 अगस्त को मिली अंतरिम सुरक्षा को जारी रखने की मांग की थी। यह संरक्षण भवानीपुर, बिष्णुपुर और कालितला पुलिस स्टेशनों में दर्ज तीन आपराधिक मामलों से संबंधित था।

राज्य सरकार की ओर से पेश एडिशनल एडवोकेट जनरल बिल्वादल भट्टाचार्य ने कोर्ट को बताया कि राज्य ने 25 अगस्त के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है।

वहीं, बनर्जी की ओर से पेश सीनियर एडवोकेट गोपाल शंकरनारायणन ने दलील दी कि राज्य की SLP अभी भी तकनीकी खामियों के कारण लंबित है और इसलिए अंतरिम संरक्षण जारी रहना चाहिए। राज्य सरकार ने इस राहत को बढ़ाने का विरोध किया और कहा कि सुप्रीम कोर्ट में उसकी चुनौती लंबित है।

हालांकि, हाईकोर्ट ने पाया कि तीनों मामलों में जांच अभी पूरी नहीं हुई है और ऐसी परिस्थितियों में कोई बदलाव नहीं हुआ है, जिसके आधार पर अंतरिम संरक्षण देने से इनकार किया जाए।

दूसरी याचिका में बनर्जी ने 7 सितंबर को मिले अंतरिम संरक्षण को जारी रखने की मांग की थी। यह दक्षिण 24 परगना जिले के रवींद्रनगर और बिष्णुपुर पुलिस स्टेशनों में दर्ज तीन अन्य आपराधिक मामलों से संबंधित थी।

राज्य सरकार की ओर से पेश एडिशनल एडवोकेट जनरल राजदीप मजूमदार ने याचिका का विरोध किया। उन्होंने दो मामलों में जांच की प्रगति से संबंधित आधिकारिक पत्राचार भी कोर्ट के समक्ष रखा।

इन मामलों में भी जांच जारी होने का संज्ञान लेते हुए हाईकोर्ट ने सभी छह आपराधिक मामलों में अभिषेक बनर्जी को अंतरिम संरक्षण बढ़ाने का आदेश दिया। कोर्ट का यह आदेश आरोपों के गुण-दोष (Merits) पर कोई निर्णय नहीं है। छहों मामलों में जांच अभी जारी है।

इस खबर को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए क्लिक करें 

Tags: