इलाहाबाद हाईकोर्ट ने हाल ही में एक वकील को अपने नाम से 'सूचना का अधिकार' अधिनियम (RTI Act) के तहत आवेदन दायर करने और जनहित याचिकाएं (PIL) या सार्वजनिक हित से जुड़ी अन्य याचिकाएं दाखिल करने से रोक दिया। कोर्ट ने कहा कि वह ऐसा तब तक नहीं कर सकते, जब तक कि उनके पास किसी प्रत्यक्ष शिकायत के आधार पर 'लोकस स्टैंडी' (याचिका दायर करने का कानूनी अधिकार) न हो।

जस्टिस राजन रॉय और जस्टिस मंजिव शुक्ला की खंडपीठ ने वकील अमित कांत सक्सेना द्वारा दायर एक रिट याचिका पर सुनवाई करते हुए यह आदेश दिया।

यह आदेश तब आया जब राज्य सरकार ने कोर्ट को बताया कि याचिकाकर्ता के खिलाफ खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग और भारतीय खाद्य निगम (FCI) से जुड़े मामलों में कई आरोप और शिकायतें हैं।

कोर्ट ने अपने आदेश में कहा,

"हम याचिकाकर्ता को निर्देश देते हैं कि वह भविष्य में अपने नाम से 'सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005' के तहत कोई आवेदन दायर न करें। साथ ही वह किसी भी अदालत में कोई जनहित याचिका या सार्वजनिक हित से जुड़ी अन्य याचिका तब तक दायर नहीं कर सकते, जब तक कि उनके पास किसी प्रत्यक्ष शिकायत के आधार पर 'लोकस स्टैंडी' न हो—यानी, उन पर लगे आरोपों की प्रकृति को देखते हुए वे खुद सीधे तौर पर पीड़ित पक्ष होने चाहिए।"

खंडपीठ ने स्पष्ट किया कि वे आरोपों का विवरण नहीं दे रहे हैं, क्योंकि ऐसा करने से "न केवल याचिकाकर्ता (जो एक वकील हैं) की बदनामी हो सकती है, बल्कि समाज में वकीलों की सामान्य प्रतिष्ठा पर भी अनावश्यक रूप से संदेह पैदा हो सकता है।"

बता दें, सुनवाई के दौरान सरकारी वकील डॉ. वी.के. सिंह ने कोर्ट को बताया कि राज्य सरकार को मिली जानकारी में शामिल आरोपों के अलावा, सक्सेना के खिलाफ अन्य जिलों में भी कई शिकायतें और आरोप लगाए गए।

राज्य सरकार ने कोर्ट को यह भी बताया कि याचिकाकर्ता के खिलाफ शिकायतें मुख्य रूप से खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग और भारतीय खाद्य निगम से जुड़ी हैं।

FIR दर्ज करने के संबंध में सरकारी वकील ने बताया कि यह प्रक्रिया चल रही है।

हालांकि, खंडपीठ ने इन आरोपों पर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया। इसके बजाय सरकारी वकील के अनुरोध पर कोर्ट ने राज्य सरकार को एक हलफनामे के जरिए इन आरोपों को रिकॉर्ड पर लाने के लिए एक सप्ताह का समय दिया। अदालत ने यह भी स्पष्ट रूप से कहा कि सक्सेना को उन आरोपों का जवाब देने का मौका दिया जाना चाहिए।

अदालत ने कहा,

"हमने उनसे बातचीत की है। पिछले आदेश में बताए गए आरोपों का संदर्भ वास्तव में बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। हम इस स्तर पर ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहते, लेकिन मिस्टर अमित कांत सक्सेना को इन आरोपों का जवाब देने का मौका देना चाहते हैं। उन्हें एक हलफनामे (Affidavit) के जरिए अपना जवाब रिकॉर्ड पर लाना होगा।"

इसलिए उन्हें एक हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया गया, जिसमें उनके द्वारा अदालत में दायर किए गए उन सभी मामलों की जानकारी देनी होगी जो अभी भी लंबित हैं।

खंडपीठ ने टिप्पणी की कि इस मामले से जुड़ा मुद्दा "वकीलों के आचरण को लेकर गंभीर परिणाम" पैदा कर सकता है।

खंडपीठ ने आगे आदेश दिया कि रजिस्ट्री इस रिट याचिका को वापस लेने के लिए दायर किसी भी आवेदन पर विचार नहीं करेगी। अदालत ने निर्देश दिया कि उचित आदेश के लिए इस मामले को चीफ जस्टिस के समक्ष रखा जाए।

अदालत ने अधिवक्ता सुभाष चंद्र पांडे से भी अनुरोध किया—जो संबंधित याचिकाओं के समूह में उत्तर प्रदेश बार काउंसिल की ओर से पेश हो रहे हैं—कि जब भी इन मामलों की सुनवाई हो, वे उपस्थित रहें।

याचिकाकर्ता को अगली सुनवाई की तारीख पर अदालत के समक्ष पेश होने का निर्देश दिया गया।

गौरतलब है कि इससे पहले (19 नवंबर के आदेश में) हाईकोर्ट ने याचिकाकर्ता को अदालत के सामने पेश होने का निर्देश दिया। ऐसा तब किया गया, जब राज्य सरकार ने खंडपीठ को बताया कि याचिकाकर्ता के खिलाफ गंभीर आरोप हैं और उनके समर्थन में सबूत भी मौजूद हैं।

अदालत ने उनसे यह भी पूछा था कि उन्होंने, उनके जूनियर्स ने या उनके परिवार के सदस्यों ने 'सूचना का अधिकार अधिनियम' (RTI Act) के तहत कुल कितने आवेदन दायर किए। साथ ही यह भी बताने को कहा कि RTI आवेदनों से मिली जानकारी या अन्य किसी आधार पर उन्होंने अपने नाम से अपने जूनियर्स के नाम से या अपने परिवार के सदस्यों के नाम से कितनी याचिकाएं दायर कीं।

अदालत के आदेश के बाद याचिकाकर्ता 20 नवंबर को अदालत के समक्ष पेश हुए। उस समय अदालत ने उनसे बातचीत की और फिर एक आदेश पारित किया, जिसके तहत उन पर जनहित याचिकाएं (PILs) और RTI आवेदन दायर करने से रोक लगाई गई।

Case Title : Amit Kant Saxena vs. State of U.P. and Others

अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

Tags: