'यूपी सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है': इलाहाबाद हाईकोर्ट ने FSL लैब स्थापित करने में देरी पर सवाल उठाए, राज्य ने माना कि 19,500 रिपोर्ट पेंडिंग
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने हाल ही में उत्तर प्रदेश में फोरेंसिक रिपोर्ट के इंतजार में लंबित लगभग 19,500 मामलों की ओर ध्यान दिलाया। कोर्ट ने राज्य सरकार से कड़े सवाल पूछे कि पर्याप्त फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) इंफ्रास्ट्रक्चर स्थापित करने में इतनी देरी क्यों हो रही है।
जस्टिस अब्दुल मोइन और जस्टिस प्रमोद कुमार श्रीवास्तव की बेंच ने कहा कि राज्य सरकार की लैब स्थापित करने में विफलता और फोरेंसिक रिपोर्ट की समय पर प्रोसेसिंग न हो पाने के कारण आम जनता को नुकसान नहीं उठाना चाहिए।
कोर्ट ने टिप्पणी की,
"अगर राज्य सरकार अब तक हाथ पर हाथ धरे बैठी रही है और उसने FSL लैब स्थापित करने के मामले में कुछ नहीं किया तो इसका मतलब यह नहीं है कि आम जनता या उन पीड़ितों के कानूनी वारिस, जिनकी रिपोर्ट आनी बाकी है, किसी भी तरह से नुकसान उठाएं।"
बेंच ने आगे कहा कि प्रथम दृष्टया यह स्थिति उन अधिकारियों की "घोर लापरवाही" को दर्शाती है, जो समय पर FSL लैब स्थापित करने के लिए जिम्मेदार हैं।
कोर्ट ने ये टिप्पणियां डॉ. मोहम्मद रकीब खान और एक अन्य व्यक्ति द्वारा दायर रिट याचिका पर सुनवाई के दौरान कीं। इस याचिका में BNS की धारा 105, 352 और 351(2) के तहत दर्ज FIR को चुनौती दी गई।
यह मामला महिला की मौत से जुड़ा है, जो 7 मई, 2026 को याचिकाकर्ता नंबर 1 की पैथोलॉजी लैब में काम करते समय गिर गई। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
शिकायतकर्ता (मृतका के पिता) के अनुसार, जब उन्होंने अपनी बेटी की मौत के हालात जानने के लिए याचिकाकर्ता से संपर्क किया तो याचिकाकर्ता ने उनके साथ बुरा बर्ताव किया और लैब का CCTV फुटेज देने से इनकार कर दिया।
इससे शिकायतकर्ता को शक हुआ कि उनकी बेटी की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई।
दूसरी ओर, याचिकाकर्ताओं ने इन आरोपों को खारिज किया और तर्क दिया कि महिला की मौत में उनकी कोई भूमिका नहीं थी।
उन्होंने पोस्टमार्टम रिपोर्ट का हवाला देते हुए यह भी कहा कि मृतका के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं मिला। याचिकाकर्ताओं ने शिकायतकर्ता द्वारा दिए गए एक हलफनामे का भी हवाला दिया, जिसमें कहा गया कि उनकी बेटी की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई थी और उसकी मौत के लिए कोई भी जिम्मेदार नहीं था।
राज्य ने अदालत को बताया कि मामले की जांच अभी चल रही है और नमूना 18 नवंबर, 2026 को फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) भेजा गया।
खंडपीठ को आश्वासन दिया गया कि विसरा रिपोर्ट मिलने के बाद अधिकारी आगे की कार्रवाई करेंगे।
मामले के घटनाक्रम पर गौर करते हुए खंडपीठ ने बताया कि हालांकि पोस्टमार्टम 8 मई, 2026 को ही हो गया, लेकिन नमूना 18 नवंबर, 2026 को FSL भेजा गया—वह भी तब, जब हाईकोर्ट में यह याचिका दायर की जा चुकी थी।
अतिरिक्त सरकारी वकील (AGA) ने कहा कि यह स्पष्ट नहीं है कि नमूने को FSL भेजने में इतना लंबा समय क्यों लग गया।
राज्य ने 18 नवंबर, 2026 के एक पत्र का भी हवाला दिया, जिसे लखनऊ स्थित फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी के निदेशक प्रोफेसर (डॉ.) आदर्श कुमार ने जारी किया। इसमें फॉरेंसिक रिपोर्ट तैयार करने में हुई देरी का कारण बताया गया।
अदालत के सामने रखी गई जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश में 18 FSL यूनिट्स हर महीने लगभग 800 मामलों पर काम कर रही हैं।
राज्य ने खंडपीठ को यह भी बताया कि फॉरेंसिक रिपोर्ट के लिए लगभग 19,500 मामले लंबित हैं और हर साल लगभग 12,000 नए मामले आते हैं।
AGA ने यह भी बताया कि जरूरी स्टाफ की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
हालांकि, खंडपीठ को बताया गया कि रिपोर्टों को प्रोसेस करने के लिए 21 इकाइयों की आवश्यकता होगी, लेकिन फिर भी लंबित मामलों की संख्या उतनी ही बनी रहेगी, जितनी आज है।
FSL के बुनियादी ढांचे की कमी का खामियाजा जनता को भुगतना पड़े—इस स्पष्टीकरण से पीठ संतुष्ट नहीं हुई।
अदालत ने कहा,
"FSL लैब की स्थापना में आम जनता की कोई भूमिका नहीं है। इन्हें स्थापित करना और यह सुनिश्चित करना कि रिपोर्ट समय पर तैयार हों, राज्य सरकार की जिम्मेदारी है।"
इस मामले को गंभीर मानते हुए हाईकोर्ट ने उत्तर प्रदेश के अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) को तीन विशिष्ट मुद्दों पर अपना व्यक्तिगत हलफनामा (Affidavit) दाखिल करने का निर्देश दिया:
• राज्य की विभिन्न FSL लैब में रिपोर्ट का भारी बैकलॉग (लंबित मामले) होने के बावजूद, लैब समय पर क्यों नहीं स्थापित की गईं, ताकि रिपोर्टों को तेजी से तैयार किया जा सके?
• लैब की समय पर स्थापना सुनिश्चित करने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं?
• वे कौन से अधिकारी हैं, जो इस मामले को दबाए बैठे रहे और उन्होंने समय पर लैब स्थापित नहीं कीं, जबकि रिपोर्टों को समय पर तैयार करने और बैकलॉग को रोकने के लिए इनकी आवश्यकता है?
यह व्यक्तिगत हलफनामा तीन सप्ताह के भीतर दाखिल करने का निर्देश दिया गया।
अदालत ने आगे कहा कि यदि हलफनामा दाखिल नहीं किया जाता है तो अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) को संबंधित रिकॉर्ड के साथ अदालत में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना होगा।
इस बीच शिकायतकर्ता द्वारा दिए गए हलफनामे पर गौर करते हुए खंडपीठ ने निर्देश दिया कि अगली सुनवाई की तारीख तक संबंधित FIR के आधार पर याचिकाकर्ताओं के खिलाफ कोई कठोर कार्रवाई न की जाए।
इस मामले को 15 दिसंबर को उचित अदालत के समक्ष सूचीबद्ध करने का निर्देश दिया गया।
पिछले महीने हाईकोर्ट ने टिप्पणी की कि राज्य के आकार और जनसंख्या को देखते हुए उत्तर प्रदेश का मौजूदा FSL बुनियादी ढांचा 'अपर्याप्त' है।
इस साल मई में राज्य की फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) के बुनियादी ढांचे पर गहरी चिंता जताते हुए जस्टिस अरुण कुमार सिंह देशवाल की पीठ ने कहा था:
"FSL में पुरानी मशीनें और अधूरा बुनियादी ढांचा ही DNA प्रोफाइल न बन पाने का मुख्य कारण है। इसके लिए राज्य सरकार के अलावा किसी और को दोषी नहीं ठहराया जा सकता, क्योंकि FSL को बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराने के अलावा, सरकार के पास विचार करने के लिए कई अन्य मुद्दे भी हैं।"
Case Title : Dr. Mohammad Raqeeb Khan And Another vs. State Of U.P. Thru. Addl. Chief Secy. U.P. Home Deptt. Lko. And Others