परमाणु हादसे में उचित मुआवजा तय करने से संवैधानिक अदालतें नहीं रोकी जा सकतीं: सुप्रीम कोर्ट

Praveen Mishra

17 Aug 2026 8:20 PM IST

  • परमाणु हादसे में उचित मुआवजा तय करने से संवैधानिक अदालतें नहीं रोकी जा सकतीं: सुप्रीम कोर्ट

    सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि SHANTI Act में परमाणु हादसे के लिए मुआवजे की सीमा तय होने के बावजूद, संवैधानिक अदालतों को पीड़ितों के लिए “उचित और न्यायसंगत” मुआवजा तय करने से नहीं रोका जा सकता।

    चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की खंडपीठ ने केंद्र सरकार और Atomic Energy Regulatory Board (AERB) से दो मुद्दों पर स्पष्टीकरण मांगा—क्या Act संवैधानिक अदालतों की मुआवजा तय करने की शक्ति को सीमित करता है और धारा 17(4) के तहत AERB सदस्यों की नियुक्ति की व्यवस्था।

    SHANTI Act को चुनौती

    पीठ EAS Sarma व अन्य की जनहित याचिका पर सुनवाई कर रही थी, जिसमें निजी परमाणु ऑपरेटरों और सरकार की देयता सीमित करने वाले प्रावधानों को चुनौती दी गई है।

    याचिकाकर्ताओं की ओर से प्रशांत भूषण ने कहा कि सबसे बड़े परमाणु संयंत्र के ऑपरेटर की अधिकतम देयता ₹3,000 करोड़, जबकि केंद्र की residual liability ₹4,500 करोड़ तक सीमित है। उन्होंने चेरनोबिल और फुकुशिमा हादसों का हवाला देते हुए कहा कि वास्तविक नुकसान इससे कई गुना अधिक हो सकता है।

    CJI सूर्यकांत ने कहा कि “केवल इसलिए कि संसद ने एक सीमा तय की है, इसका मतलब यह नहीं कि अदालतें उचित मुआवजा नहीं दे सकतीं।”

    AERB की स्वतंत्रता पर भी सवाल

    भूषण ने AERB की स्वतंत्रता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उसके सदस्यों की नियुक्ति में Atomic Energy Commission (AEC) की भूमिका है, जबकि AEC परमाणु संयंत्रों के संचालन से भी जुड़ा है। उन्होंने इसे नियामक स्वतंत्रता के सिद्धांत के विपरीत बताया।

    कोर्ट ने इन दोनों सीमित मुद्दों पर केंद्र सरकार और AERB को नोटिस जारी किया और स्पष्टीकरण मांगा।

    इस खबर को अंग्रेजी में पढ़ने के लिए क्लिक करें

    Praveen Mishra

    Praveen Mishra

    प्रवीण मिश्रा Law Graduate हैं और लाइव लॉ हिंदी से जुड़े हैं। वे सुप्रीम कोर्ट, उच्च न्यायालयों, उपभोक्ता आयोगों और अन्य न्यायिक मंचों के महत्वपूर्ण फैसलों एवं कानूनी घटनाक्रमों पर लेखन करते हैं। उनका उद्देश्य जटिल कानूनी विषयों और न्यायिक निर्णयों को सरल, सटीक और तथ्यपरक भाषा में हिंदी पाठकों तक पहुंचाना है।

    Next Story