गौहाटी हाईकोर्ट ने पुरुष कर्मचारियों को 2 सप्ताह की पितृत्व छुट्टी का प्रावधान किया, गोद लेने और सरोगेसी के मामलों में भी लाभ
Praveen Mishra
24 Nov 2026 1:14 PM IST

गौहाटी हाईकोर्ट ने अपने गुवाहाटी स्थित प्रधान पीठ (Principal Seat) के पात्र पुरुष अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए दो सप्ताह की पितृत्व छुट्टी (Paternity Leave) का प्रावधान किया है। यह सुविधा संविदा कर्मचारियों (Contractual Employees) को भी कुछ शर्तों के अधीन मिलेगी।
हाईकोर्ट द्वारा 16 नवंबर को जारी अधिसूचना के अनुसार, दो से कम जीवित संतान वाले पुरुष कर्मचारी को पत्नी के प्रसव के दौरान दो सप्ताह की पितृत्व छुट्टी दी जा सकती है। यह छुट्टी प्रसव से 14 दिन पहले या बच्चे के जन्म के छह महीने के भीतर ली जा सकती है।
हालांकि, आवेदन के समय जिन कर्मचारियों के पहले से दो जीवित संतानें (जैविक या गोद ली हुई) हैं, वे इस सुविधा के पात्र नहीं होंगे। छुट्टी की अवधि के दौरान कर्मचारी को उतना ही वेतन मिलेगा, जितना वह छुट्टी पर जाने से ठीक पहले प्राप्त कर रहा था।
जुड़वां बच्चों और सरोगेसी के मामलों में भी छुट्टी
अधिसूचना के अनुसार, यदि पहले से एक जीवित संतान होने के बाद जुड़वां या एक साथ कई बच्चों का जन्म होता है, तो कर्मचारी पितृत्व छुट्टी का पात्र रहेगा। ऐसे मामलों में छुट्टी की अवधि सामान्य प्रसव के समान होगी।
सरोगेसी के मामले में भी दो से कम जीवित संतान वाले पुरुष कर्मचारी को दो सप्ताह की पितृत्व छुट्टी दी जा सकती है। इच्छित पिता (Commissioning Father) बच्चे के जन्म के छह महीने के भीतर यह छुट्टी ले सकता है।
बच्चे को गोद लेने पर भी मिलेगी पितृत्व छुट्टी
हाईकोर्ट ने बच्चे को गोद लेने के मामलों में भी पितृत्व छुट्टी का प्रावधान किया है। दो से कम जीवित संतान वाला पुरुष कर्मचारी एक वर्ष से कम उम्र के बच्चे को प्री-अडॉप्शन फोस्टर केयर (Pre-Adoption Foster Care) में लेने या वैध रूप से गोद लेने पर दो सप्ताह की छुट्टी का पात्र होगा।
यह छुट्टी बच्चे को फोस्टर केयर में स्वीकार करने या वैध गोद लेने की तारीख से छह महीने के भीतर ली जा सकती है।
इसके लिए कर्मचारी को वैध गोद लेने और सभी कानूनी औपचारिकताओं के पूरा होने से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। गोद लेने की प्रक्रिया को केंद्रीय दत्तक ग्रहण संसाधन प्राधिकरण (CARA), राज्य दत्तक ग्रहण संसाधन एजेंसी (SARA) या किसी अन्य मान्यता प्राप्त एजेंसी से मान्यता प्राप्त होनी चाहिए।
अधिसूचना में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि प्री-अडॉप्शन फोस्टर केयर के बाद बच्चे को वैध रूप से गोद नहीं लिया जाता है, तो पहले ली गई पितृत्व छुट्टी को कर्मचारी के खाते में उपलब्ध किसी अन्य प्रकार की छुट्टी से समायोजित किया जाएगा।
हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि अधिसूचना तत्काल प्रभाव से लागू होगी।

