गैर-संज्ञेय अपराधों में बिना पूर्व अनुमति पुलिस जांच नहीं कर सकती: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट
Praveen Mishra
25 Nov 2026 5:03 PM IST

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने नाबालिग से मारपीट के आरोपी महिला के खिलाफ आपराधिक कार्यवाही रद्द करते हुए कहा कि गैर-संज्ञेय अपराधों में पुलिस सक्षम अदालत की पूर्व अनुमति के बिना जांच शुरू नहीं कर सकती। अदालत ने स्पष्ट किया कि जांच के महत्वपूर्ण चरण पूरे होने के बाद प्राप्त की गई अनुमति से पहले की अवैध जांच को वैध नहीं बनाया जा सकता।
जस्टिस नरेश कुमार चंद्रवंशी की पीठ ने BNSS की धारा 438 सहपठित धारा 442 के तहत दायर आपराधिक पुनरीक्षण याचिका स्वीकार करते हुए चिल्ड्रन कोर्ट के उस आदेश को रद्द कर दिया, जिसमें महिला की डिस्चार्ज याचिका खारिज की गई थी।
मामले में महिला पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) और किशोर न्याय (बच्चों की देखभाल एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 की धारा 75 के तहत आरोप लगाए गए थे।
क्या था मामला?
अभियोजन के अनुसार, महिला नाबालिग पीड़िता की दूर की रिश्तेदार थी। वह 14 वर्षीय बच्ची को बिहार से अपने बच्चे की देखभाल के लिए लेकर आई थी। आरोप था कि 5-6 जुलाई 2025 की दरमियानी रात महिला ने बच्ची के साथ मारपीट की। इसके बाद बच्ची घर से निकल गई और उसने वार्ड पार्षद सहित अन्य लोगों को घटना के बारे में बताया।
वार्ड पार्षद की शिकायत के आधार पर FIR दर्ज की गई।
महिला ने अदालत में दलील दी कि FIR दर्ज होने के समय दोनों अपराध गैर-संज्ञेय थे। इसके बावजूद पुलिस ने सक्षम अदालत से पूर्व अनुमति लिए बिना जांच शुरू कर दी, जो BNSS की धारा 174 का उल्लंघन है।
महिला के अनुसार, चिल्ड्रन कोर्ट ने 8 दिसंबर 2025 को जांच और गिरफ्तारी की अनुमति दी, लेकिन यह अनुमति पहले ही की जा चुकी जांच की कानूनी खामी को दूर नहीं कर सकती।
हाईकोर्ट ने क्या कहा?
अदालत ने पाया कि BNS की धारा 115(2) के तहत अपराध गैर-संज्ञेय, जमानती और मजिस्ट्रेट द्वारा विचारणीय है।
किशोर न्याय अधिनियम की धारा 86 का उल्लेख करते हुए अदालत ने कहा कि तीन वर्ष या उससे अधिक, लेकिन सात वर्ष से अधिक नहीं होने वाली सजा वाले अपराधों को गैर-संज्ञेय और गैर-जमानती श्रेणी में रखा गया है। अदालत ने माना कि संबंधित घटना और FIR दर्ज होने की तारीख पर धारा 75 के तहत अपराध भी गैर-संज्ञेय था।
इसलिए, महिला के खिलाफ दर्ज दोनों अपराध गैर-संज्ञेय थे।
BNSS की धारा 174 का हवाला देते हुए अदालत ने स्पष्ट किया कि गैर-संज्ञेय अपराध की सूचना मिलने पर पुलिस को निर्धारित रजिस्टर में उसका विवरण दर्ज करना होता है और जांच शुरू करने से पहले सक्षम मजिस्ट्रेट का आदेश प्राप्त करना अनिवार्य है।
केस डायरी और अन्य दस्तावेजों की जांच में हाईकोर्ट ने पाया कि 8 दिसंबर 2025 को अनुमति मिलने से पहले ही पुलिस घटनास्थल का नक्शा तैयार कर चुकी थी, पीड़िता की मेडिकल जांच करा चुकी थी और गवाहों के बयान दर्ज कर चुकी थी।
अदालत ने इन कदमों को जांच के महत्वपूर्ण और मूलभूत हिस्से माना।
पीठ ने कहा कि, “...आवेदक/अभियुक्त के खिलाफ दर्ज गैर-संज्ञेय अपराधों के संबंध में जांच के सभी महत्वपूर्ण हिस्से पहले ही पूरे किए जा चुके थे। ऐसी स्थिति में, मूलभूत जांच पूरी होने के बाद 08.12.2025 के आदेश के जरिए चिल्ड्रन कोर्ट से अनुमति प्राप्त करना जांच की प्रारंभिक खामी को ठीक नहीं कर सकता।”
अदालत का निष्कर्ष
हाईकोर्ट ने माना कि जांच और चार्जशीट गंभीर कानूनी अनियमितता से प्रभावित थीं और उनके आधार पर आपराधिक कार्यवाही जारी नहीं रखी जा सकती।
अदालत ने 8 अप्रैल 2026 का चिल्ड्रन कोर्ट का आदेश रद्द करते हुए चार्जशीट और उससे जुड़ी आपराधिक कार्यवाही निरस्त कर दी। साथ ही, महिला को मामले में आरोपमुक्त कर दिया।

