सुप्रीम कोर्ट ने धार्मिक अनुष्ठानों के लिए जानवरों की बलि पर रोक लगाने की मांग वाली PIL खारिज की

  • सुप्रीम कोर्ट ने धार्मिक अनुष्ठानों के लिए जानवरों की बलि पर रोक लगाने की मांग वाली PIL खारिज की

    सुप्रीम कोर्ट ने धर्म के नाम पर जानवरों को मारने पर रोक लगाने की मांग करने वाली जनहित याचिका (PIL) खारिज की।

    जस्टिस विक्रम नाथ, जस्टिस आर. महादेवन और जस्टिस अपारेश सिंह की पीठ ने वकील श्रुति बिष्ट द्वारा दायर याचिका पर यह आदेश पारित किया।

    यह जनहित याचिका पशुपालन मंत्रालय को 'पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960' (Prevention of Cruelty to Animals Act, 1960) की धारा 28 में संशोधन करने का निर्देश देने के लिए दायर की गई, ताकि धर्म के नाम पर जानवरों की हत्या पर रोक लगाई जा सके।

    धारा 28 एक 'सेविंग्स क्लॉज़' (बचाव प्रावधान) है, जिसमें कहा गया,

    "इस अधिनियम में ऐसा कुछ भी नहीं है, जो किसी समुदाय के धर्म के अनुसार आवश्यक तरीके से किसी जानवर को मारने को अपराध बनाता हो।"

    याचिका में जानवरों के प्रति क्रूरता के विभिन्न रूपों का उल्लेख किया गया, जिनमें शामिल हैं: उपेक्षा और त्याग, शारीरिक और भावनात्मक दुर्व्यवहार, जानवरों को बड़ी संख्या में कैद करके रखना, धार्मिक अनुष्ठानों के नाम पर क्रूरता, मनोरंजन के लिए जानवरों का उपयोग, प्रयोगशालाओं में जानवरों पर परीक्षण, घरेलू हिंसा के साथ जानवरों के प्रति क्रूरता, और फार्म (पशुपालन) में जानवरों के साथ दुर्व्यवहार।

    याचिकाकर्ता ने कहा,

    "भारत में कुत्तों, बिल्लियों, घोड़ों और मवेशियों को सबसे अधिक दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ता है। भारत में कुछ लोग अपने स्वार्थ के लिए जानवरों को प्रताड़ित करते हैं, जबकि कुछ लोग अपना प्रभुत्व दिखाने या बेजुबान जानवरों के प्रति नफरत जाहिर करने के लिए ऐसा करते हैं।"

    याचिका में तर्क दिया गया कि हिंदू अनुष्ठानों में, विशेष रूप से मां दुर्गा और मां काली जैसी देवियों की पूजा में, जानवरों की बलि देने की परंपरा लंबे समय से चली आ रही है। जैन धर्म और बौद्ध धर्म की अहिंसा की भावना के प्रभाव से यह प्रथा कम हो गई, लेकिन बाद में यह फिर से हिंदू धर्म में लौट आई।

    याचिका में कहा गया,

    "वर्तमान में बाली (इंडोनेशिया), नेपाल और भारत के कुछ हिस्सों - जैसे हिमालयी क्षेत्र, पूर्वोत्तर भारत, ओडिशा और बंगाल के कुछ हिस्से, महाराष्ट्र और दक्षिण भारत - में अभी भी जानवरों की बलि देने की प्रथा मौजूद है। आमतौर पर, बलि के लिए युवा नर जानवरों को चुना जाता है। कुछ दुर्लभ मामलों में लोगों ने देवताओं को प्रसन्न करने के लिए अपने बच्चों या यहां तक ​​कि खुद की भी बलि देने का विकल्प चुना है।"

    Case Title : SHRUTI BIST Versus MINISTRY OF ANIMAL HUSBANDRY

    अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

    Next Story