सुप्रीम कोर्ट ने बिना दावे वाली वित्तीय संपत्तियों पर सुचेता दलाल की याचिका का किया निपटारा
Shahadat
27 Nov 2026 12:18 PM IST

सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को वित्तीय पत्रकार सुचेता दलाल द्वारा दायर जनहित याचिका का निपटारा किया। इस याचिका में अधिकारियों से ऐसे उपाय करने का निर्देश देने की मांग की गई, जिससे कानूनी उत्तराधिकारी बिना दावे वाली वित्तीय संपत्तियों (जैसे बैंक जमा, शेयर और म्यूचुअल फंड निवेश) का पता लगा सकें और उन पर अपना दावा कर सकें।
जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस आर. महादेवन की खंडपीठ ने कहा कि केंद्र सरकार, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) और भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) ने इस मुद्दे को सुलझाने के लिए कई प्रशासनिक और नियामक कदम उठाए, इसलिए अब इस मामले में अदालत के किसी निर्देश की आवश्यकता नहीं है।
साथ ही खंडपीठ ने एक जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे को उठाने के लिए सुचेता दलाल की सराहना की और कहा कि यह मामला जनहित याचिका (PIL) के जिम्मेदार उपयोग का बेहतरीन उदाहरण है।
खंडपीठ ने एडवोकेट प्रशांत भूषण की भी तारीफ की, जिन्होंने याचिकाकर्ताओं के पक्ष को "जुनून और लगन" के साथ रखा।
खंडपीठ ने कहा,
"यह कार्यवाही किसी निजी लाभ के लिए नहीं, बल्कि अनगिनत जमाकर्ताओं, निवेशकों और उनके कानूनी उत्तराधिकारियों के वित्तीय हितों की रक्षा के उद्देश्य से शुरू की गई। याचिकाकर्ता ने लगातार इस बात पर ध्यान दिलाया कि आम नागरिकों को बिना दावे वाली वित्तीय संपत्तियों का पता लगाने और उन्हें वापस पाने में कितनी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उठाए गए मुद्दे जायज थे, और उन्हें सुलझाने के लिए उचित संस्थागत कदम उठाना जनहित याचिका के जिम्मेदार उपयोग को दर्शाता है।"
हालांकि, अदालत ने यह भी माना कि जिन मुख्य चिंताओं को उठाया गया, उनका काफी हद तक समाधान प्रतिवादियों (SEBI, RBI और आर्थिक मामलों के विभाग) द्वारा उठाए गए कदमों से हो चुका है।
खंडपीठ ने आगे कहा,
"हम प्रतिवादियों के हलफनामों में दिए गए बयानों और आश्वासनों को रिकॉर्ड पर लेते हैं। हमें उम्मीद है कि संबंधित अधिकारी बिना दावे वाली वित्तीय संपत्तियों का पता लगाने और उन्हें वापस पाने की प्रक्रिया को और अधिक सुलभ, कुशल और पारदर्शी बनाने के अपने प्रयास जारी रखेंगे। पहले से उठाए गए नियामक कदमों की आगे निगरानी के लिए इस याचिका को लंबित रखने का कोई औचित्य नहीं है। बिना दावे वाली वित्तीय संपत्तियों से जुड़ी किसी भी विशिष्ट शिकायत के लिए कानून के अनुसार सक्षम प्राधिकारी के पास संपर्क किया जा सकता है।"
बता दें, खंडपीठ ने 17 नवंबर को ही अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था।
Case Title : Sucheta Dalal v. Union of India & Ors.

