कस्टडी विवाद पर सुप्रीम कोर्ट की सख़्त टिप्पणी: बच्चे कोई संपत्ति या माता-पिता का खिलौना नहीं
Shahadat
25 Nov 2026 7:03 PM IST

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि "बच्चे कोई संपत्ति या माता-पिता के खिलौने नहीं हैं।" कोर्ट ने माना कि कस्टडी (बच्चों की देखरेख के अधिकार) से जुड़े विवादों में, माता-पिता के कानूनी अधिकारों से कहीं ज्यादा अहम बच्चे का कल्याण (भलाई) है।
मद्रास हाईकोर्ट का फैसला रद्द करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि "यह नियम कि बच्चे की कस्टडी पिता को ही मिलनी चाहिए, हमेशा एक जैसा लागू नहीं होता; इसमें अपवाद हो सकते हैं।"
बता दें, मद्रास हाईकोर्ट ने अपने उक्त फैसले में दो नाबालिग बेटों की कस्टडी उनके पिता को दे दी गई थी।
जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस अपारेश कुमार सिंह की बेंच ने यह फैसला सुनाया। बेंच ने माना कि पिता कस्टडी के लिए योग्य हैं, लेकिन बच्चों की कस्टडी के मामलों में सबसे महत्वपूर्ण बात बच्चे का कल्याण है। कोर्ट ने बच्चों की भलाई को ध्यान में रखते हुए उन्हें अपनी मां के साथ रहने की अनुमति दी, जिनके साथ वे जन्म से ही रह रहे हैं।
बेंच ने इस मामले को इस तरह रखा:
"क्या उन बच्चों की कस्टडी, जो 05.05.2014 से लगातार अपनी मां के साथ रह रहे हैं, उनके पिता को सौंप दी जानी चाहिए? पिता उनके स्वाभाविक संरक्षक (Natural Guardian) हैं और फैमिली कोर्ट या हाई कोर्ट में उनके खिलाफ अयोग्यता का कोई सबूत भी नहीं मिला।"
दोनों पक्ष (जो ईसाई हैं) 2009 में शादी के बंधन में बंधे थे और 2014 में अलग हो गए। प्रतिवादी (Respondent) ने क्रूरता का आरोप लगाते हुए तलाक की डिक्री हासिल की, जिसके खिलाफ अपीलकर्ता (Appellant) ने कोई अपील नहीं की। 2018 में मदुरै की फैमिली कोर्ट ने अपीलकर्ता के भरण-पोषण (Maintenance) का दावा स्वीकार किया और 'गार्जियंस एंड वार्ड्स एक्ट, 1890' के तहत बच्चों की कस्टडी प्रतिवादी को सौंप दी।
हाईकोर्ट ने भी फैमिली कोर्ट का आदेश बरकरार रखा, क्योंकि अपीलकर्ता द्वारा प्रतिवादी की मानसिक स्थिति को लेकर लगाए गए आरोपों के समर्थन में कोई ठोस सबूत नहीं मिला। कोर्ट ने यह भी दर्ज किया कि फैमिली कोर्ट और हाईकोर्ट के अंतरिम आदेश के बावजूद, अपीलकर्ता ने प्रतिवादी को बच्चों से मिलने नहीं दिया।
हाईकोर्ट के इस आदेश से असंतुष्ट होकर अपीलकर्ता सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, जिसने 2025 में इस आदेश पर रोक (Stay) लगा दी। बच्चे तब से अपनी मां के साथ ही रह रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट ने दोनों माता-पिता (अपीलकर्ता और प्रतिवादी) और उनके दो बच्चों को अपने सामने बुलाया ताकि उनकी राय जानी जा सके। कोर्ट ने माता-पिता की गैर-मौजूदगी में बच्चों से बात की।
बेंच ने दर्ज किया कि लड़कों ने अपनी माँ (अपीलकर्ता) के साथ रहने की इच्छा जताई और अपने पिता (प्रतिवादी) के साथ रहने से मना कर दिया। बेंच ने यह भी दर्ज किया कि बच्चों ने बताया कि वे अपनी माँ (अपीलकर्ता) और नाना-नानी के साथ रहते हैं। उन्होंने अपने पिता (प्रतिवादी) से अब तक केवल चार या पाँच बार ही मुलाकात की और बचपन में उनके साथ केवल दो साल के आसपास रहे हैं। कोर्ट ने गौर किया कि दोनों नाबालिग बेटे (जिनकी उम्र 16 और 14 साल है) काफी समझदार लग रहे थे और अपने जवाब पूरे आत्मविश्वास के साथ दे रहे थे।
बेंच ने यह भी ध्यान दिया कि अपीलकर्ता, जिनके पास मास्टर डिग्री है और जो सेल्स के क्षेत्र में काम करती हैं, उन्होंने ही अकेले बच्चों के पालन-पोषण और शिक्षा का खर्च उठाया। इस पर कोर्ट ने पाया कि पिता, जो अपने व्यवसाय से इतना कमाते हैं कि बच्चों का खर्च उठा सकें, वे उनकी शिक्षा के लिए आर्थिक मदद देने को तैयार हैं। साथ ही पिता की यह जायज शिकायत भी थी कि फैमिली कोर्ट और हाईकोर्ट के आदेशों के बावजूद उन्हें अपने बेटों के साथ रहने नहीं दिया गया।
कोर्ट ने 'गार्जियन एंड वार्ड्स एक्ट, 1890' (Guardians and Wards Act, 1890) के तहत कस्टडी से जुड़े कानून को फिर से स्पष्ट करते हुए कहा:
“अभिभावक (गार्जियन) नियुक्त करते समय कोर्ट के लिए नाबालिग का कल्याण सबसे महत्वपूर्ण होता है। ऐसा करते समय कोर्ट को नाबालिग की उम्र, लिंग और धर्म के साथ-साथ प्रस्तावित अभिभावक के चरित्र और क्षमता पर भी ध्यान देना होता है। यदि नाबालिग इतना बड़ा है कि वह समझदारी से अपनी पसंद बता सके तो कोर्ट इस अधिनियम की धारा 17(3) के तहत उसकी पसंद पर विचार कर सकता है।”
कोर्ट ने कहा कि पिता 'प्राकृतिक अभिभावक' (Natural Guardian) होते हैं, और अधिनियम की संशोधित धारा 19(b) के तहत माँ भी प्राकृतिक अभिभावक ही मानी जाती हैं।
कोर्ट ने आगे कहा,
"यह नियम कि बच्चे की कस्टडी पिता को मिलनी चाहिए, हमेशा अपवादों के अधीन होता है और हर मामले में लागू नहीं होता।"
खंडपीठ ने टिप्पणी की,
“इस अधिनियम का उद्देश्य केवल नाबालिग की शारीरिक कस्टडी (अभिरक्षा) तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चे के स्वास्थ्य, भरण-पोषण और शिक्षा के अधिकारों की उचित सुरक्षा करना भी है। जब अदालत के सामने माता-पिता की ओर से परस्पर विरोधी मांगें आती हैं, तो उसे केवल कानूनी दृष्टिकोण से ही मामले को नहीं देखना चाहिए। ऐसे मामलों में निर्णय लेते समय मानवीय पहलुओं पर भी ध्यान देना जरूरी होता है। अक्सर कहा जाता है कि बच्चे कोई संपत्ति नहीं हैं, और न ही वे अपने माता-पिता के लिए कोई खिलौना हैं।”
बेंच ने गौर किया कि पिता के पक्ष में कस्टडी के आदेश होने के बावजूद बच्चे अपनी माँ के साथ ही रहे। बेंच ने पाया कि तलाक के बाद भी माँ ने बच्चों की परवरिश में प्यार और देखभाल की कोई कमी नहीं छोड़ी। चूँकि बच्चे जन्म से ही अपनी माँ के साथ रहे हैं, इसलिए उनका अपनी माँ के साथ एक गहरा भावनात्मक जुड़ाव बन गया।
इस आधार पर बेंच ने कहा,
"ऐसे मामलों में पिता (जो कि एक स्वाभाविक अभिभावक भी हैं) के अधिकारों की तुलना बच्चे के कल्याण से की जानी चाहिए।"
बेंच ने 'अंजलि कपूर (श्रीमती) बनाम राजीव बैजल' मामले का हवाला दिया, जिसमें कोर्ट ने एक बच्चे को उसकी दादी के साथ ही रहने दिया, क्योंकि वह लंबे समय से उनके साथ रह रही थी। ऐसा इसलिए किया गया ताकि उसके जाने-पहचाने माहौल में कोई खलल न पड़े। इसके अलावा, बेंच ने 'रोजी जैकब बनाम जैकब ए. चक्रमाक्कल', 'एलिज़ाबेथ दिनशॉ बनाम अरवंद एम. दिनशॉ' और 'मैकग्राथ (इनफैंट्स)' जैसे मामलों का भी जिक्र किया, जो कस्टडी से जुड़े मामलों में बच्चे के कल्याण से संबंधित हैं।
उपरोक्त बातों को ध्यान में रखते हुए बेंच ने निम्नलिखित निष्कर्ष निकाला:
"बच्चे के कल्याण को सर्वोपरि मानते हुए उन्हें उनकी माँ से अलग नहीं किया जाना चाहिए, जिनके साथ उनका वर्षों से एक गहरा स्वाभाविक जुड़ाव बन गया है। बच्चे अब इतने समझदार हैं कि वे अपनी माँ के पक्ष में अपनी पसंद बता सकें। उन्हें उस माहौल से हटाना, जहाँ वे अपनी माँ और दादा-दादी के साथ रहे हैं, उनके मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य तथा उनकी शिक्षा के लिए सही नहीं होगा—भले ही पिता को कस्टडी के लिए अयोग्य नहीं पाया गया हो। साथ ही हमारा यह भी मानना है कि बच्चों को अपने पिता के प्यार और स्नेह से वंचित नहीं रखा जाना चाहिए, क्योंकि उनके उचित और संतुलित विकास के लिए यह भी जरूरी है। पिता ने बच्चों की परवरिश और करियर में मदद करने की सच्ची इच्छा जताई है, हालांकि माँ भी उनकी परवरिश और शिक्षा की जिम्मेदारी बखूबी निभा रही हैं।"
बेंच ने आगे निर्देश दिया कि पिता हर महीने के दूसरे शनिवार और रविवार को मदुरै के गांधी संग्रहालय में, सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच बच्चों से मिल सकते हैं (जैसा कि फैमिली कोर्ट ने निर्देश दिया था)। माँ को इन मुलाकातों में सहयोग करना चाहिए। इसमें यह भी व्यवस्था दी गई कि पिता, पोंगल और छमाही छुट्टियों के दौरान बच्चों से मिल सकते हैं। यह मुलाकात या तो माँ के घर पर या गांधी संग्रहालय में हो सकती है, जिसके लिए पहले से फोन या व्हाट्सएप संदेश के जरिए सूचना देनी होगी। इसके अलावा, प्रतिवादी (पिता) को यह निर्देश दिया गया है कि यदि अपीलकर्ता (माँ) मांग करती हैं तो उन्हें बच्चों की भविष्य की पढ़ाई के खर्च में अपना हिस्सा देना होगा।
खंडपीठ ने स्पष्ट किया,
"ऊपर बताई गई व्यवस्था का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बच्चों का अपने पिता के साथ भी भावनात्मक जुड़ाव बने। साथ ही, पिता को भी अपने बच्चों के साथ सुकून और संतुष्टि का अनुभव हो, और ऐसी उम्मीद की जाती है कि बच्चे बड़े होकर एक समझदार और संतुलित इंसान बनें।"
Case Title : J Sakthi Devi @ Chriti v Joseph Charles

