Thiruparankundram Row | सुप्रीम कोर्ट का आदेश: कल 'दीपाथून' पर जलाया जाए दीपक; तमिलनाडु के अधिकारियों को अवमानना का नोटिस
सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया कि कल (28 नवंबर) तिरुपरनकुंद्रम 'दीपाथून' (स्तंभ) पर पारंपरिक दीपक जलाया जाए। इसके लिए 'उचईपिल्लयार मंडपम' में जलाई गई लौ का उपयोग किया जा सकता है (यदि वह अभी भी जल रही हो), या फिर किसी अन्य व्यवस्था से दीपक जलाया जाए।
कोर्ट ने निर्देश दिया कि सभी भक्तों को दीपक जलाने की अनुमति दी जाए। यह दीपक तमिल महीने 'कार्तिगई' के दौरान जलाया जाता है। इसे पहाड़ी की चोटी पर स्थित सिकंदर दरगाह से चारों ओर कम से कम 50 मीटर की दूरी पर जलाया जाना चाहिए।
कोर्ट ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) को मंदिर और दरगाह, दोनों की सुरक्षा करने का भी निर्देश दिया।
कोर्ट ने 'अरुलमिगु सुब्रमण्य स्वामी मंदिर' के ट्रस्टी बोर्ड को निलंबित किया। साथ ही मद्रास हाई कोर्ट के पूर्व जजों जस्टिस एस. वैद्यनाथन और जस्टिस वी. पार्थिबन की समिति को 'रिसीवर' के रूप में नियुक्त किया। यह समिति मंदिर के प्रशासन का कार्यभार संभालेगी और यह सुनिश्चित करेगी कि कोर्ट के निर्देशों का पालन हो।
पिछले आदेश का पालन न होने के कारण कोर्ट ने 'दीपाथून' के संबंध में मद्रास हाई कोर्ट के निष्कर्षों पर लगी अपनी पिछली रोक (स्टे) को हटा दिया। हालांकि, कोर्ट ने स्पष्ट किया कि दरगाह की सुरक्षा के लिए पिछले आदेश में जो उपाय बताए गए, वे लागू रहेंगे।
जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल पंचोली की बेंच उन अवमानना याचिकाओं पर सुनवाई कर रही थी, जो मदुरै के जिला कलेक्टर और तमिलनाडु के अन्य अधिकारियों के खिलाफ दायर की गई थीं। इन याचिकाओं में आरोप लगाया गया कि उन्होंने जानबूझकर सुप्रीम कोर्ट के 20 नवंबर के आदेश की अवहेलना की। इस आदेश में तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी की चोटी पर स्थित दरगाह के पास 'दीपाथून' पर पारंपरिक दीपक जलाने की अनुमति दी गई।
तमिलनाडु के अधिकारियों के खिलाफ प्रथम दृष्टया अवमानना का मामला
कोर्ट ने प्रथम दृष्टया पाया कि 20 नवंबर के आदेश का खुलेआम उल्लंघन किया गया। कोर्ट ने टिप्पणी की कि तमिलनाडु में कम-से-कम मदुरै जिले में "प्रशासनिक अराजकता" जैसी स्थिति है।
कोर्ट ने कहा,
"तमिलनाडु राज्य में कम-से-कम मदुरै जिले में प्रथम दृष्टया प्रशासनिक अराजकता की स्थिति है।"
अदालत ने इस बात पर भी चिंता जताई कि ऐसा लगता है कि कार्यकारी अधिकारियों ने राजनीतिक नेतृत्व के इशारे पर काम किया।
अदालत ने टिप्पणी की,
"ऐसा लगता है कि कार्यकारी अधिकारियों ने अपने राजनीतिक आकाओं के निर्देशों पर काम किया।"
साथ ही कहा कि इस बात की तह तक जाना जरूरी है। इसलिए अदालत ने राज्य के मुख्य सचिव को निर्देश दिया कि वे घटनाओं के पूरे क्रम को स्पष्ट करते हुए एक हलफनामा दाखिल करें, जिसमें संबंधित बातचीत और ईमेल का विवरण भी शामिल हो।
अदालत ने जिला कलेक्टर की प्रारंभिक स्टेटस रिपोर्ट को यह कहते हुए खारिज कर दिया कि यह केवल "दिखावटी आंसू" (मगरमच्छ के आंसू) बहाने जैसा है।
मंदिर के ट्रस्टी बोर्ड को अवमानना का नोटिस जारी
अदालत ने अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर के ट्रस्टी बोर्ड द्वारा पारित एक प्रस्ताव पर कड़ी आपत्ति जताई। इस प्रस्ताव में कहा गया था कि 'दीपाथून' (Deepathoon) पर दीपक नहीं जलाया जा सकता और प्रचलित परंपरा के अनुसार इसे केवल 'उचैपिल्लैयार मंडपम' (Uchaipillaiyar Mandapam) में ही किया जा सकता है। कलेक्टर ने इसी प्रस्ताव का हवाला देते हुए कहा था कि वह अदालत के आदेश को लागू नहीं कर सकते, क्योंकि बोर्ड ने इस अनुष्ठान की अनुमति नहीं दी है।
अदालत ने बोर्ड के इस प्रस्ताव को, अदालत के 20 नवंबर के आदेश की "मनमानी व्याख्या" करके उसके दायरे से बाहर जाने (Overreach करने) की कोशिश करार दिया।
अदालत ने यह भी गौर किया कि मदुरै के जिला कलेक्टर, मंदिर के ट्रस्टी बोर्ड द्वारा पारित इस प्रस्ताव की आड़ लेने की कोशिश कर रहे थे।
अदालत ने टिप्पणी की,
"यह प्रस्ताव पहली नज़र में ही इस अदालत के अंतरिम आदेश की जानबूझकर और स्पष्ट अवहेलना को दर्शाता है। दूसरी बात, यह इस अदालत के अधिकार और हाईकोर्ट को दिए गए वचन को कमजोर करने के एक सोचे-समझे प्रयास को दिखाता है। तीसरी बात, जो बात इस अदालत को हैरान करती है, वह बोर्ड का यह बयान है कि 'परंपराओं को इस अदालत के संज्ञान में लाया जाना चाहिए'। इस अदालत ने सभी पक्षों को विस्तार से सुना था। इस बयान में एक अनुचित संकेत छिपा है कि यह अदालत मंदिर की परंपराओं को समझने में विफल रही। यह ध्यान रखना उचित होगा कि बोर्ड कभी भी इस अदालत के सामने पेश नहीं हुआ और न ही उसने हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती देकर इस मामले में अपना पक्ष रखा..."
अदालत ने कहा कि 'दीपाथून' (Deepathoon) पर दीपक न जलाना, प्रस्ताव के संदर्भ में और मंदिर की परंपराओं का हवाला देने के साथ जोड़कर देखने पर, प्रथम दृष्टया आदेश की "जानबूझकर और घोर अवहेलना" को दर्शाता है।
अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से पेश होने के लिए कहा गया
सुप्रीम कोर्ट ने मंदिर प्रशासन के निम्नलिखित अधिकारियों और सदस्यों को 'कारण बताओ नोटिस' (Show-Cause Notice) जारी किया।
उनसे पूछा गया कि तिरुपरनकुंद्रम दीपम मामले में अदालत के आदेश के कथित उल्लंघन के लिए, उनके खिलाफ अवमानना की कार्यवाही क्यों न शुरू की जाए:
1. डॉ. एम. साई कुमार, मुख्य सचिव, तमिलनाडु।
2. डॉ. महेश अगरवाला, पुलिस महानिदेशक, तमिलनाडु।
3. वी. राजाराम, सचिव, HR&CE विभाग।
4. टी.जी. विनय, आयुक्त, HR&CE विभाग।
5. निशांत कृष्णा, मदुरै जिला कलेक्टर।
6. एल. देवानाथन, पुलिस अधीक्षक, मदुरै।
7. आर. पोन स्वामीनाथन, संयुक्त आयुक्त, HR&CE विभाग, मदुरै।
8. जी. सेल्वी, कार्यकारी अधिकारी, अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर।
9. वी. शनमुगसुंदरम, अध्यक्ष, न्यासी बोर्ड (बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज)।
10. सी. राजापांडियन, न्यासी (ट्रस्टी)।
11. के. अझगाप्पन, न्यासी (ट्रस्टी)।
12. के. रेजिना देवी, न्यासी (ट्रस्टी)।
13. के. चित्रा, न्यासी (ट्रस्टी)।
इन सभी को 15 दिसंबर को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहना होगा।
स्थिति से सख्ती से निपटा जाना चाहिए
जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल पंचोली की खंडपीठ ने 20 नवंबर के आदेश के उल्लंघन के आरोप वाली अवमानना याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए अपने आदेश में "अफ़सोस!" (Alas!) शब्द का इस्तेमाल किया। खंडपीठ ने कहा कि मौजूदा स्थिति को "दर्द और पीड़ा" के साथ बयां करना ही उचित होगा।
अदालत ने टिप्पणी की,
"अब समय आ गया कि ऐसी स्थितियों से पूरी सख्ती (Iron Hand) के साथ निपटा जाए, वरना इससे संवैधानिक अराजकता पैदा हो सकती है।"
खंडपीठ ने कहा,
"लोकतांत्रिक समाज में 'कानून का शासन' (Rule of Law) सर्वोपरि है। संविधान की प्रस्तावना उन सिद्धांतों को दर्शाती है, जिनके तहत भारत के लोगों ने अपने सभी नागरिकों के लिए न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।"
संविधान के अनुच्छेद 144 का हवाला देते हुए अदालत ने याद दिलाया कि सभी अधिकारियों का यह कर्तव्य है कि वे सुप्रीम कोर्ट की सहायता करें।
अदालत ने टिप्पणी की,
"इस संवैधानिक आदेश को कमजोर करने की किसी भी कोशिश को सख्ती से रोका जाएगा। न्याय की प्रक्रिया को दूषित करने के किसी भी प्रयास को - चाहे वह किसी के भी द्वारा किया गया हो, चाहे वह कितना भी ऊंचे पद पर क्यों न हो - बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस अदालत का आदेश बातचीत करने का कोई न्योता नहीं है। यह सभी अधिकारियों पर तब तक लागू रहता है, जब तक कि खुद यह अदालत इसमें कोई बदलाव न कर दे। इसलिए जब इस अदालत के आदेश का उल्लंघन होता है, तो हम चुपचाप हाथ पर हाथ धरे नहीं बैठ सकते।"
Case Title : HINDU DHARMA PARISHAD THE UNION OF INDIA AND ORS; THE COMMISSIONER Versus RAMA RAVIKUMAR AND ORS; RAMA RAVIKUMAR Versus THE EXECUTIVE OFFICER ARULMIGU SUBRAMANIAN SWAMY TEMPLE MADURAI AND ORS; HINDU SHREE FOUNDATION AND ANR Versus THE EXECUTIVE OFFICER ARULMIGU SUBRAMANIAN SWAMY TEMPLE AND ORS; A. KARTHIKEYAN Versus THIRU NISHANT KRISHNA AND ORS; RAMA RAVIKUMAR Versus DR.T.G.VINAY, I.A.S AND ORS.; V. RAMASUBBU Versus NISHANT KRISHNA AND ORS