अनुच्छेद 227 के तहत पर्यवेक्षी अधिकार क्षेत्र का इस्तेमाल करते हुए हाईकोर्ट किसी अपीलीय अदालत की तरह काम नहीं कर सकता: सुप्रीम कोर्ट
सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार (26 नवंबर) को स्पष्ट किया कि संविधान के अनुच्छेद 227 के तहत हाईकोर्ट के पर्यवेक्षी अधिकार क्षेत्र (Supervisory Jurisdiction) का इस्तेमाल बहुत सीमित रूप में किया जाना चाहिए। इसका उद्देश्य निचली अदालत या ट्रिब्यूनल की गलतियों को सुधारना या उनके मूल्यांकन की जगह अपना खुद का मूल्यांकन थोपना नहीं है।
इसी के साथ सुप्रीम कोर्ट ने चैरिटी कमिश्नर का वह आदेश बहाल किया, जिसमें सार्वजनिक ट्रस्ट की संपत्तियों को बेचने की मंजूरी दी गई थी। हाईकोर्ट ने अपने पर्यवेक्षी अधिकार क्षेत्र का इस्तेमाल करते हुए उन दस्तावेजों का फिर से मूल्यांकन करके इस आदेश में दखल दिया था, जिनकी पहले ही चैरिटी कमिश्नर द्वारा विस्तृत जांच की जा चुकी थी।
बॉम्बे हाईकोर्ट का आदेश रद्द करते हुए जस्टिस पमिदिघंटम श्री नरसिम्हा और जस्टिस आलोक अराधे की बेंच ने कहा,
"हाईकोर्ट यह समझने में विफल रहा कि चैरिटी कमिश्नर ने प्रासंगिक तथ्यों पर विस्तार से विचार करने के बाद एक तर्कपूर्ण फैसला लिया था। ऐसे फैसले में संविधान के अनुच्छेद 227 के तहत पर्यवेक्षी अधिकार क्षेत्र का इस्तेमाल करते हुए दखल देने की कोई जरूरत नहीं थी। चैरिटी कमिश्नर के फैसले की वैधता की जांच करते समय हाई कोर्ट ने असल में एक अपीलीय अदालत की तरह काम किया।"
कोर्ट ने जोर देकर कहा,
"प्रासंगिक तथ्यों पर विस्तार से विचार करने के बाद लिए गए तर्कपूर्ण फैसले में संविधान के अनुच्छेद 227 के तहत पर्यवेक्षी अधिकार क्षेत्र का इस्तेमाल करते हुए दखल नहीं दिया जा सकता।"
यह मामला अनुच्छेद 227 के तहत दायर दो रिट याचिकाओं से जुड़ा है। इन याचिकाओं में चैरिटी कमिश्नर के उन आदेशों को चुनौती दी गई, जिनमें 'महाराष्ट्र पब्लिक ट्रस्ट्स एक्ट, 1950' की धारा 36(1)(a) के तहत 'रतनशी प्रेमजी चैरिटेबल ट्रस्ट' (ठाणे) की जमीन के दो हिस्सों को बेचने की मंजूरी दी गई।
ट्रस्ट ने इन संपत्तियों को बेचने का फैसला इसलिए लिया था क्योंकि वहां की भौगोलिक स्थिति कठिन थी, उन पर अवैध कब्जे थे, कानूनी मामले चल रहे थे और ट्रस्ट के लिए इन जमीनों का प्रबंधन और सुरक्षा करना मुश्किल हो रहा था। सार्वजनिक नोटिस जारी करने और बोलियां (Bids) प्राप्त होने के बाद, सबसे ऊंची बोली लगाने वाली कंपनी 'डेस्टिनी रियलप्रो डेवलपर्स एलएलपी' (पहले 'फेनकिन इन्फोटेक एलएलपी') को चुना गया। इसके बाद, चैरिटी कमिश्नर ने दो मूल्यांकन रिपोर्टों (Valuation Reports) पर विचार करने और ट्रस्ट के हितों की रक्षा के लिए कुछ शर्तें लगाने के बाद, इस बिक्री को मंजूरी दी थी। हालांकि, बॉम्बे हाईकोर्ट ने मंजूरी आदेशों को रद्द कर दिया। कोर्ट ने पाया कि चैरिटी कमिश्नर ने मूल्यांकन रिपोर्टों, बिक्री योग्य क्षेत्र में कमी और 'नेगेटिव वेटेज' (नकारात्मक भारांक) तय करने के आधारों की ठीक से जांच नहीं की थी। इसके अलावा, कोर्ट ने एक संपत्ति से जुड़े रजिस्टर्ड 'कन्वेयंस डीड' (संपत्ति हस्तांतरण विलेख) को भी रद्द कर दिया और मामले को फिर से विचार करने के लिए वापस भेज दिया।
हाईकोर्ट का फैसला पलटते हुए जस्टिस अराधे द्वारा लिखे गए फैसले में कहा गया कि चैरिटी कमिश्नर ने धारा 36(1)(a) के तहत तीन कानूनी शर्तों—ट्रस्ट के हित, लाभ और सुरक्षा—पर विचार किया, और संपत्तियों को बेचने की आवश्यकता के बारे में खुद को निष्पक्ष रूप से संतुष्ट कर लिया था।
सुप्रीम कोर्ट ने पाया कि हाईकोर्ट ने ट्रस्ट द्वारा जारी सार्वजनिक नोटिसों, प्राप्त कई बोलियों और चैरिटी कमिश्नर द्वारा हासिल की गई दूसरी मूल्यांकन रिपोर्ट पर ध्यान नहीं दिया। कोर्ट ने यह भी गौर किया कि मूल्यांकन रिपोर्टों में 'नेगेटिव वेटेज' देने के पीछे भूमि आरक्षण, तटीय विनियमन क्षेत्र (CRZ) के प्रतिबंध, ग्रीन ज़ोन और वन क्षेत्र जैसे कारण थे।
कोर्ट ने आगे कहा कि धारा 36 के तहत किसी 'ट्रायल' (मुकदमे) की परिकल्पना नहीं की गई। साथ ही चैरिटी कमिश्नर को अपने सामने रखे गए दस्तावेजों और सामग्री के आधार पर ही अपनी संतुष्टि तय करनी थी।
कोर्ट ने कहा,
"हाईकोर्ट को यह समझना चाहिए था कि वह न तो 'ओरिजिनल ज्यूरिसडिक्शन' (मूल अधिकार क्षेत्र) का इस्तेमाल कर रहा है और न ही 'अपिलेट ज्यूरिसडिक्शन' (अपीलीय अधिकार क्षेत्र) का, बल्कि वह 'सुपरिटेंडेंस' (पर्यवेक्षण) के अधिकार क्षेत्र का इस्तेमाल कर रहा है।"
कोर्ट ने आगे कहा कि यदि सभी प्रासंगिक तथ्यों पर विस्तार से विचार करने के बाद कोई तर्कपूर्ण निर्णय लिया गया है तो अनुच्छेद 227 के तहत पर्यवेक्षी अधिकार क्षेत्र का इस्तेमाल करते हुए उसमें दखल नहीं दिया जा सकता।
इसके अनुसार, कोर्ट ने दोनों संपत्तियों की बिक्री को मंजूरी देने वाले चैरिटी कमिश्नर के आदेशों को बहाल किया। साथ ही 6 सितंबर 2024 के रजिस्टर्ड 'कन्वेयंस डीड' और उसके बाद ठाणे नगर निगम को जमीन का एक हिस्सा हस्तांतरित करने की प्रक्रिया को भी बहाल कर दिया।
अपील स्वीकार कर ली गई।
Case Title : DESTINI REALPRO DEVELOPERS LLP (FORMERLY KNOWN AS M/S FENKIN INFOTECH LLP) VERSUS ANIRUDDH NIKHIL MAKHECHA & ORS. (with connected cases)