मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने कहा कि स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत जमानत देने की कठोर शर्तें किशोर न्याय अधिनियम (JJ Act) की धारा 12 के तहत बच्चों को उपलब्ध विशेष जमानत व्यवस्था को निष्प्रभावी नहीं कर सकतीं।

जस्टिस आलोक अवस्थी की पीठ ने स्पष्ट किया कि JJ Act के तहत जमानत नियम है और इनकार अपवाद। चूंकि धारा 12 बच्चों के लिए विशेष प्रावधान है, इसलिए केवल अपराध की गंभीरता जमानत से इनकार करने का आधार नहीं हो सकती। NDPS Act की धारा 37 जैसी कठोर जमानत शर्तें धारा 12 के तहत लागू बच्चों के लिए निर्धारित कसौटी को खत्म नहीं करतीं।

यह टिप्पणी एक किशोर के प्राकृतिक संरक्षक की ओर से दायर आपराधिक पुनरीक्षण याचिका पर आई। याचिका में सेशन कोर्ट के उस आदेश को चुनौती दी गई, जिसमें JJ Act की धारा 12 के तहत किशोर की जमानत अर्जी खारिज कर दी गई थी। मामले में NDPS Act की धारा 8, 15 और 29 के तहत अपराध दर्ज किया गया।

मामले के अनुसार, पुलिस ने वयस्क सह-आरोपी और विधि का उल्लंघन करने वाले किशोर के संयुक्त कब्जे से 20.6 किलोग्राम पोस्ता भूसा बरामद किया। किशोर को 7 सितंबर को हिरासत में लिया गया। किशोर न्याय बोर्ड ने 18 सितंबर को उसकी जमानत अर्जी खारिज की, जिसके खिलाफ अपील भी 24 सितंबर को खारिज कर दी गई।

किशोर की ओर से दलील दी गई कि अदालतों ने JJ Act की धारा 12 के प्रावधानों पर विचार किए बिना जमानत खारिज की। वह 7 सितंबर से ही पर्यवेक्षण गृह में रह रहा है।

यह भी कहा गया कि सामाजिक अन्वेषण रिपोर्ट में ऐसा कोई आधार नहीं बताया गया, जिसके चलते धारा 12(1) के तहत जमानत से इनकार किया जा सके। इस प्रावधान के अनुसार, बच्चे को जमानत दी जानी चाहिए, जब तक कि यह मानने के उचित आधार न हों कि रिहाई से उसका संपर्क ज्ञात अपराधियों से हो सकता है, वह नैतिक, शारीरिक या मनोवैज्ञानिक खतरे में पड़ सकता है अथवा न्याय के उद्देश्यों की पूर्ति बाधित हो सकती है।

किशोर के वकील ने यह भी बताया कि वह अनुसूचित जनजाति परिवार से है और अपने माता-पिता के साथ रहता था। उसके माता-पिता उसे अपनी अभिरक्षा में लेने और बोर्ड के समक्ष उसकी उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए तैयार हैं।

राज्य की ओर से दलील दी गई कि मादक पदार्थ की काफी मात्रा बरामद हुई। सामाजिक अन्वेषण रिपोर्ट में भी उचित अभिभावकीय नियंत्रण की कमी और अवांछित लोगों की संगति का उल्लेख है।

हाईकोर्ट ने नोट किया कि कथित घटना के समय किशोर की उम्र लगभग 17 वर्ष और 5 महीने थी। पीठ ने धारा 12(1) की व्याख्या करते हुए कहा कि यदि जमानत से इनकार किया जाता है तो बोर्ड को इसके कारण और उन परिस्थितियों को दर्ज करना होगा, जिनके आधार पर ऐसा निर्णय लिया गया।

सामाजिक अन्वेषण रिपोर्ट का परीक्षण करते हुए कोर्ट ने पाया कि किशोर अनुसूचित जनजाति वर्ग से है और ग्रामीण क्षेत्र में अपने माता-पिता के साथ रहता था। उसने औपचारिक शिक्षा छोड़ दी थी, लेकिन सही और गलत के बीच अंतर समझने में सक्षम बताया गया था।

कोर्ट ने कहा कि रिपोर्ट में अभिभावकीय नियंत्रण में कुछ कमी का उल्लेख है, लेकिन यह भी स्पष्ट है कि किशोर आदतन अपराधी नहीं है और उससे बरामद मादक पदार्थ की मात्रा वाणिज्यिक मात्रा से कम है।

पीठ ने कहा कि किशोर न्याय बोर्ड और अपीलीय अदालत ने मुख्य रूप से आरोपों की गंभीरता और अपराध दोहराए जाने की आशंका पर भरोसा किया। अपराध की प्रकृति गंभीर हो सकती है, लेकिन JJ Act केवल इस आधार पर जमानत से इनकार करने की अनुमति नहीं देता। इसके लिए धारा 12(1) के परंतुक में बताई गई तीन परिस्थितियों में से किसी एक का रिकॉर्ड पर स्पष्ट रूप से मौजूद होना जरूरी है।

कोर्ट ने आगे कहा कि पर्यवेक्षण गृह में किसी बच्चे को लंबे समय तक हिरासत में रखना अधिनियम के पुनर्वास संबंधी उद्देश्य के विपरीत है, खासकर तब जब सामाजिक अन्वेषण रिपोर्ट पूरी तरह प्रतिकूल न हो और अभिभावक उसकी जिम्मेदारी लेने को तैयार हों।

इस आधार पर हाईकोर्ट ने आपराधिक पुनरीक्षण याचिका स्वीकार करते हुए चुनौती दिए गए आदेश को रद्द कर दिया।


Tags: