मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने कहा कि यदि पति स्वयं अपने माता-पिता से अलग रहने के लिए सहमत हुआ था, तो वह बाद में इसका दोष पत्नी पर नहीं डाल सकता और न ही इसी आधार पर क्रूरता का आरोप लगाकर तलाक मांग सकता है।

जस्टिस जीएस अहलूवालिया और जस्टिस अनुराधा शुक्ला की खंडपीठ ने पति की अपील खारिज करते हुए यह टिप्पणी की। पति ने फैमिली कोर्ट के उस फैसले को चुनौती दी थी, जिसमें उसकी तलाक याचिका खारिज कर दी गई।

इस मामले में दंपति की शादी जून 2021 में हुई थी और उसी साल से दोनों अलग रह रहे थे। पति ने इस आधार पर तलाक मांगा था कि पत्नी शादी से खुश नहीं थी। पति के अनुसार, सितंबर 2021 में पत्नी अपने मायके चली गई और ससुराल लौटने के लिए शर्त रखी कि वह परिवार के सदस्यों के लिए खाना नहीं बनाएगी और पति के माता-पिता से अलग रहेगी।

पति इन शर्तों पर सहमत हो गया और पत्नी को वापस ले आया। हालांकि, यह व्यवस्था ज्यादा समय तक नहीं चली और कथित तौर पर 13 दिन बाद पत्नी फिर वैवाहिक घर छोड़कर चली गई।

इसके बाद पति ने हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 9 के तहत वैवाहिक अधिकारों की बहाली के लिए याचिका दाखिल की। पत्नी के पेश नहीं होने पर इस मामले में एकतरफा आदेश पारित हुआ। इसके बाद पति ने तलाक की याचिका दाखिल की।

पति के वकील ने हाईकोर्ट में दलील दी कि ट्रायल कोर्ट साक्ष्यों का सही मूल्यांकन करने में विफल रहा। पत्नी पिछले चार वर्षों से अलग रह रही है, जो क्रूरता और परित्याग के समान है।

हाईकोर्ट ने पाया कि क्रूरता का आरोप मुख्य रूप से इस बात पर आधारित था कि पत्नी परिवार के सदस्यों के लिए खाना बनाने से इनकार करती थी और पति के माता-पिता से अलग रहने पर जोर देती थी। हालांकि, पति ने वैवाहिक अधिकारों की बहाली के लिए दाखिल अपनी याचिका में इन आरोपों का उल्लेख नहीं किया।

कोर्ट ने यह भी पाया कि तलाक याचिका में ही पति ने स्पष्ट किया था कि कथित क्रूरता को उसने माफ कर दिया था। पीठ ने इस मामले के एक महत्वपूर्ण पहलू की ओर ध्यान दिलाया कि पति स्वयं पत्नी की दोनों शर्तों पर सहमत हुआ था और उसे अपने साथ वापस ले आया था।

पीठ ने कहा,

“हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 23(1)(b) के तहत तलाक की डिक्री तभी दी जा सकती है, जब अदालत संतुष्ट हो कि क्रूरता को याचिकाकर्ता ने किसी भी तरह माफ नहीं किया है। यहां तलाक याचिका के कथनों से स्पष्ट है कि पति ने जिस क्रूरता का आरोप लगाया है, उसे उसने 30 सितंबर 2021 को ही जानबूझकर माफ कर दिया था।”

कोर्ट ने कहा कि जब पति खुद पत्नी की इन शर्तों पर सहमत हुआ था कि वह रिश्तेदारों के लिए खाना नहीं बनाएगी और पति के माता-पिता से अलग रहेगी, तो बाद में वह इसका दोष पत्नी पर नहीं डाल सकता।

पीठ ने कहा,

“जब अपीलकर्ता (पति) ने खुद अपने माता-पिता को छोड़कर अलग रहने का मन बना लिया था, तो वह बाद के किसी भी चरण में इसका दोष प्रतिवादी पत्नी पर नहीं डाल सकता। अब तक की गई चर्चा के आधार पर हम उसे क्रूरता के आधार पर तलाक की डिक्री पाने का हकदार नहीं मानते।”

हाईकोर्ट ने यह भी गौर किया कि वैवाहिक अधिकारों की बहाली से संबंधित मामले में दर्ज तथ्यों में ऐसा कोई उल्लेख नहीं था कि पत्नी ने परिवार के सदस्यों के साथ रहने या उनके लिए खाना बनाने से इनकार किया था।

पीठ ने स्पष्ट किया कि शहर में अलग रहने की इच्छा जताना दूसरे जीवनसाथी पर अपने माता-पिता का साथ छोड़ने का दबाव बनाने के समान नहीं है।

इसके अलावा, कोर्ट ने कहा कि वैवाहिक अधिकारों की बहाली की डिक्री मिलने के तीन महीने के भीतर पति तलाक की याचिका दाखिल नहीं कर सकता, क्योंकि यह हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 13 की अनिवार्य शर्त के विपरीत था।

इन परिस्थितियों में हाईकोर्ट ने फैमिली कोर्ट के फैसले में कोई अवैधता नहीं पाई और पति की अपील खारिज की।


Tags: