अनुकंपा नियुक्ति पर पद स्वीकार करने के बाद उच्च पद की मांग नहीं कर सकता कर्मचारी: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने कहा है कि अनुकंपा के आधार पर किसी पद पर नियुक्ति स्वीकार करने और उस पर कार्यभार ग्रहण करने के बाद कर्मचारी अपनी उच्च शैक्षणिक योग्यता के आधार पर किसी उच्च पद पर नियुक्ति की मांग नहीं कर सकता।
जस्टिस बिभु दत्ता गुरु की एकल पीठ ने कहा कि जब याचिकाकर्ता को अनुकंपा नियुक्ति के तहत चपरासी (Peon) के पद पर नियुक्ति दी गई और उसने इसे स्वीकार कर कार्यभार भी ग्रहण कर लिया, तो वह बाद में सहायक ग्रेड-III (Assistant Grade-III) के पद पर नियुक्ति के लिए पद परिवर्तन की मांग नहीं कर सकता।
क्या था मामला?
यह मामला महेंद्र आदिल की याचिका से जुड़ा था। याचिकाकर्ता के पिता नगर निगम, बिरगांव में राजस्व निरीक्षक के पद पर कार्यरत थे। 24 जुलाई 2025 को सेवाकाल के दौरान उनके निधन के बाद याचिकाकर्ता ने अनुकंपा नियुक्ति के लिए आवेदन किया।
इसके बाद 5 मई 2026 को उसे चपरासी के पद पर नियुक्ति दी गई। याचिकाकर्ता ने इस नियुक्ति को स्वीकार कर लिया और पद पर कार्यभार भी ग्रहण कर लिया। हालांकि, बाद में उसने अपनी उच्च शैक्षणिक योग्यता का हवाला देते हुए चपरासी के बजाय सहायक ग्रेड-III के पद पर नियुक्ति देने की मांग की।
याचिकाकर्ता ने दलील दी कि संबंधित नीति के तहत सहायक ग्रेड-III के पदों पर स्वीकृत पदों की कुल संख्या के 10 प्रतिशत तक अनुकंपा नियुक्ति दी जा सकती है। नगर निगम में इस श्रेणी के आठ स्वीकृत पद होने के कारण उसने अपनी मांग पर विचार किए जाने का अनुरोध किया।
वहीं, राज्य सरकार ने नीति के खंड 20(1) का हवाला देते हुए याचिका का विरोध किया। इस प्रावधान के अनुसार, एक बार किसी आवेदक को अनुकंपा नियुक्ति दिए जाने के बाद किसी अन्य पद पर नियुक्ति या पहले से प्रस्तावित पद में बदलाव की मांग पर विचार नहीं किया जा सकता।
हाईकोर्ट ने क्या कहा?
हाईकोर्ट ने पाया कि याचिकाकर्ता पहले ही चपरासी के पद पर नियुक्ति स्वीकार कर चुका है और कार्यभार ग्रहण कर चुका है। ऐसे में संबंधित नीति का खंड 20(1) उसके द्वारा बाद में पद परिवर्तन की मांग किए जाने पर स्पष्ट रोक लगाता है।
कोर्ट ने कहा कि नीति में मौजूद इस स्पष्ट प्रतिबंध के मद्देनजर चपरासी के पद से सहायक ग्रेड-III के पद पर बदलाव की याचिकाकर्ता की मांग स्वीकार नहीं की जा सकती।
कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी उम्मीदवार को अनुकंपा के आधार पर अपनी पसंद के किसी विशेष पद पर नियुक्ति पाने का अधिकार नहीं है। उम्मीदवार केवल अनुकंपा नियुक्ति के लिए अपने मामले पर विचार किए जाने की मांग कर सकता है।
नियुक्ति देने का निर्णय सक्षम प्राधिकारी को लेना होता है, जिसे प्रतिष्ठान में उपलब्ध पदों सहित विभिन्न प्रासंगिक पहलुओं पर विचार करना होता है।
इस संबंध में कोर्ट ने टिप्पणी की,
“किसी उम्मीदवार को अनुकंपा के आधार पर अपनी पसंद के किसी विशेष पद पर नियुक्ति का अधिकार नहीं है। वह केवल परिवार के कमाने वाले सदस्य की मृत्यु के बाद अनुकंपा नियुक्ति के लिए अपनी उम्मीदवारी पर विचार किए जाने का दावा कर सकता है। सक्षम प्राधिकारी को प्रतिष्ठान में पदों की उपलब्धता सहित विभिन्न पहलुओं पर विचार करते हुए इस पर निर्णय लेना होता है।”
इन टिप्पणियों के साथ हाईकोर्ट ने याचिकाकर्ता को चपरासी के पद से सहायक ग्रेड-III के पद पर नियुक्त करने का निर्देश देने का कोई आधार नहीं पाया और याचिका को प्रारंभिक सुनवाई के स्तर पर ही खारिज कर दिया।