बीइंग ह्यूमन' ज्वैलरी फ्रेंचाइजी विवाद: सलमान खान की कंपनी को नोटिस

Update: 2026-08-07 07:54 GMT

चंडीगढ़ जिला कोर्ट ने 'बीइंग ह्यूमन' ज्वेलरी शोरूम से जुड़े कथित धोखाधड़ी के मामले में अभिनेता सलमान खान की कंपनी बीइंग ह्यूमन, उनकी बहन अलवीरा खान अग्निहोत्री तथा स्टाइल कोटिएंट ज्वेलरी प्राइवेट लिमिटेड के निदेशकों को पूर्व-संज्ञान चरण में नोटिस जारी किया।

न्यायिक मजिस्ट्रेट डॉ. अंबिका शर्मा ने कहा,

"यह अदालत भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 223 के प्रावधान के तहत संज्ञान लेने से पहले आरोपितों को नोटिस जारी करना उचित समझती है। मामले की अगली सुनवाई 5 अक्टूबर 2026 को होगी।"

शिकायत चंडीगढ़ के व्यवसायी अरुण गुप्ता ने दायर की। उनका आरोप है कि 'बीइंग ह्यूमन' ज्वेलरी शोरूम खोलने के लिए उन्होंने लगभग 3 करोड़ रुपये का निवेश किया था। उन्हें भरोसा दिलाया गया था कि यह कारोबार लाभदायक रहेगा।

शिकायत के अनुसार शोरूम तैयार करने पर ही 1 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए गए। गुप्ता का कहना है कि उन्होंने स्टाइल कोटिएंट ज्वैलरी प्राइवेट लिमिटेड, जो 'बीइंग ह्यूमन' ज्वेलरी की अधिकृत विपणन कंपनी थी, के साथ हुए समझौते की सभी शर्तों का पालन किया।

गुप्ता का आरोप है कि शोरूम शुरू होने के बाद उन्हें वह व्यावसायिक सहयोग नहीं मिला, जिसका वादा किया गया। साथ ही ज्वैलरी की आपूर्ति भी अनियमित हो गई, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

शिकायत में कहा गया कि ज्वैलरी आपूर्ति केंद्र फरवरी 2020 से बंद है, जिसके कारण शोरूम में स्टॉक की कमी हो गई और बिक्री पर गंभीर असर पड़ा। गुप्ता का दावा है कि इससे उन्हें कई करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें बताया गया था कि शोरूम का उद्घाटन सलमान खान करेंगे, लेकिन उनकी जगह एक्टर आयुष शर्मा उद्घाटन के लिए पहुंचे।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि कंपनी से जुड़े छह लोगों ने कारोबार को लेकर गलत जानकारी और भ्रामक आश्वासन देकर उन्हें निवेश के लिए प्रेरित किया।

फिलहाल अदालत ने मामले में केवल पूर्व-संज्ञान चरण पर नोटिस जारी किया। मामले के गुण-दोष पर अभी कोई अंतिम टिप्पणी नहीं की गई।

अंग्रेजी में पढ़ने के लिए क्लिक करें 

Tags:    

Similar News