भारत के पूर्व चीफ जस्टिस बीआर गवई ने न्यायिक नियुक्तियों और न्यायाधीशों के तबादलों में विविधता, समावेशिता और योग्यता की अनदेखी पर चिंता जताई है। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर आरोप लगाया कि हाल के दिनों में कॉलेजियम की सिफारिशों में एक विशेष समुदाय को प्राथमिकता दी जा रही है, जबकि वंचित और हाशिए पर रहने वाले वर्गों को पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं मिल रहा है।

जस्टिस गवई ने राष्ट्रपति से इस मामले में हस्तक्षेप करने और न्यायपालिका में संतुलित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए उचित कदम उठाने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि इस स्थिति को सुधारने के लिए कार्यपालिका, संसद और न्यायपालिका सहित सभी संबंधित पक्षों को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

सुप्रीम कोर्ट में एक समुदाय को 40 प्रतिशत से अधिक प्रतिनिधित्व मिलने का दावा

अपने पत्र में पूर्व CJI ने दावा किया कि देश की आबादी में पांच प्रतिशत से भी कम हिस्सेदारी रखने वाले एक समुदाय को हाल के समय में सुप्रीम कोर्ट में 40 प्रतिशत से अधिक प्रतिनिधित्व मिला है।

उन्होंने कहा कि कॉलेजियम में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने उच्च न्यायालयों और सुप्रीम कोर्ट में नियुक्तियों के लिए उम्मीदवारों पर विचार करते समय विविधता और समावेशिता के सिद्धांतों का पालन किया। उनके अनुसार, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, महिलाओं और सामान्य वर्ग के विभिन्न समुदायों को पर्याप्त प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया गया।

हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि हाल के घटनाक्रमों से यह धारणा मजबूत हुई है कि एक विशेष समुदाय के उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जा रही है और अन्य वर्गों, खासकर वंचित समुदायों तथा महिलाओं को नजरअंदाज किया जा रहा है।

न्यायिक नियुक्तियों के आंकड़ों का दिया हवाला

न्यायमूर्ति गवई ने अपने पत्र में केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल द्वारा मार्च 2025 में राज्यसभा में दिए गए आंकड़ों का भी उल्लेख किया।

इन आंकड़ों के अनुसार, 2018 से अब तक नियुक्त 715 हाईकोर्ट जजों में 22 अनुसूचित जाति, 16 अनुसूचित जनजाति, 89 अन्य पिछड़ा वर्ग और 37 अल्पसंख्यक समुदायों से थे। उन्होंने कहा कि इस तरह नियुक्त किए गए लगभग तीन-चौथाई न्यायाधीश सामान्य वर्ग से आते हैं।

उन्होंने जनवरी 2021 से जनवरी 2026 के बीच हुई नियुक्तियों का भी जिक्र किया। उनके अनुसार, इन नियुक्तियों में सामान्य वर्ग के न्यायाधीशों की हिस्सेदारी लगभग 80 प्रतिशत रही, जबकि देश की आबादी में करीब 40 से 50 प्रतिशत हिस्सेदारी रखने वाले अन्य पिछड़ा वर्ग को 14 प्रतिशत से भी कम प्रतिनिधित्व मिला।

पूर्व CJI ने प्रोफेसर जॉर्ज गैडबोइस के उस अध्ययन का भी हवाला दिया, जिसमें सुप्रीम कोर्ट के शुरुआती चार दशकों का विश्लेषण किया गया था। उन्होंने कहा कि 1950 से 1989 के बीच आबादी में लगभग उन्नीसवां हिस्सा रखने वाले एक समुदाय के पास सुप्रीम कोर्ट के एक-तिहाई से अधिक न्यायाधीश पद थे।

उन्होंने यह भी कहा कि सामाजिक संपर्कों, परिचित नेटवर्क और इस धारणा के कारण कि सुप्रीम कोर्ट का न्यायाधीश कैसा दिखना चाहिए, न्यायपालिका की सामाजिक संरचना में वर्षों से बहुत अधिक बदलाव नहीं आया है।

न्यायाधीशों के तबादलों और पदोन्नति पर भी उठाए सवाल

न्यायमूर्ति गवई ने हाल के कुछ न्यायिक तबादलों और नियुक्तियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने एक ऐसे मुख्य न्यायाधीश का उदाहरण दिया, जिन्हें एक हाईकोर्ट से दूसरे छोटे हाईकोर्ट में स्थानांतरित किया गया और बाद में एक प्रमुख हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त करने की सिफारिश की गई।

उनके अनुसार, इसी दौरान एक योग्य और मेहनती मुख्य न्यायाधीश को उस प्रमुख हाईकोर्ट में नियुक्ति का रास्ता बनाने के लिए छोटे हाईकोर्ट में स्थानांतरित कर दिया गया।

उन्होंने बताया कि पहले मुख्य न्यायाधीश के तबादले की सिफारिश करने वाले कॉलेजियम में वह स्वयं शामिल थे और बाद में जब दूसरे तबादले की सिफारिश हुई, तब वह कॉलेजियम के प्रमुख थे।

हालांकि, उन्होंने कहा कि उस समय कॉलेजियम के सामने रहे कारणों को वह न्यायिक मर्यादा और अनुशासन के चलते सार्वजनिक नहीं कर सकते।

उन्होंने एक अन्य मामले का भी उल्लेख किया, जिसमें उनके अनुसार एक न्यायाधीश को दंडात्मक कारणों से उनके मूल हाईकोर्ट से दूसरे हाईकोर्ट में स्थानांतरित किया गया और बाद में उन्हें एक बड़े तथा प्रमुख हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त कर दिया गया।

राष्ट्रपति से संवैधानिक जिम्मेदारी निभाने की अपील

न्यायमूर्ति गवई ने पत्र में संविधान के अनुच्छेद 124(2) का उल्लेख करते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों की नियुक्ति राष्ट्रपति द्वारा की जाती है। हालांकि, कई दशकों में विकसित न्यायिक परंपरा के कारण नियुक्तियों में कॉलेजियम की सिफारिशें निर्णायक भूमिका निभाती हैं।

उन्होंने कहा कि कॉलेजियम का प्रभावशाली होना उसे जवाबदेही से मुक्त नहीं करता। राष्ट्रपति के कार्यालय की यह संवैधानिक जिम्मेदारी है कि वह संविधान की रक्षा करे और उसके मूल्यों को बनाए रखे।

उन्होंने यह भी कहा कि अतीत में कार्यपालिका और संसद ने कॉलेजियम तथा हाईकोर्ट से वंचित वर्गों के योग्य उम्मीदवारों पर विचार करने का आग्रह किया है, ताकि न्यायपालिका में प्रतिनिधित्व का संतुलन कायम किया जा सके।

न्यायमूर्ति गवई ने राष्ट्रपति से आग्रह किया कि वह इस मुद्दे पर ध्यान दें और न्यायपालिका में समान प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए उचित हस्तक्षेप करें।

उन्होंने अपने पत्र की प्रति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल को भी भेजी है।

इस खबर को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए क्लिक करें 

Tags: