तृणमूल कांग्रेस (TMC) के महासचिव और लोकसभा में पार्टी के नेता अभिषेक बनर्जी ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से पार्टी से अलग हुए 20 बागी TMC सांसदों की अयोग्यता की याचिकाओं पर जल्द फैसला लेने की मांग की।

अनुच्छेद 32 के तहत दायर इस रिट याचिका पर 25 अगस्त को सुनवाई होनी है। यह सुनवाई चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) की अध्यक्षता वाली बेंच के सामने होगी, जिसमें जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना शामिल हैं।

याचिका में बागी सांसदों के खिलाफ अयोग्यता की कार्यवाही पर फैसला लेने में हो रही देरी को चुनौती दी गई। यह विवाद TMC संसदीय दल के भीतर हुई बगावत से शुरू हुआ, जिसमें 20 सांसदों ने पार्टी से अलग होकर खुद को नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) के साथ जोड़ने की कोशिश की। बागी गुट ने लोकसभा में एक अलग समूह के तौर पर मान्यता की मांग की।

TMC का कहना है कि ये सांसद पार्टी के चुनाव चिह्न पर चुने गए और बाद में किसी दूसरे राजनीतिक संगठन में शामिल होने का उनका फैसला दलबदल विरोधी कानून के प्रावधानों के दायरे में आता है। अभिषेक बनर्जी ने पहले स्पीकर ओम बिरला के सामने अयोग्यता की अलग-अलग याचिकाएं दायर की थीं और उन पर जल्द फैसले की मांग की।

स्पीकर ने मॉनसून सत्र के दौरान 20 बागी TMC सांसदों के लिए बैठने की अलग व्यवस्था की।

TMC की याचिका में लोकसभा स्पीकर और महासचिव को प्रतिवादी (Respondents) बनाया गया। साथ ही उन 20 सांसदों को भी प्रतिवादी बनाया गया, जिनके खिलाफ अयोग्यता की कार्यवाही चल रही है।

प्रतिवादी बनाए गए 20 सांसदों के नाम हैं: काकोली घोष दस्तीदार, सुदीप बंद्योपाध्याय, शताब्दी रॉय, प्रसून बनर्जी, रचना बनर्जी, जगदीश चंद्र बर्मा बसुनिया, पार्थ भौमिक, अरूप चक्रवर्ती, अधिकारी दीपक देव, सायनी घोष, बापी हलदर, मो. अबू ताहिर खान, कालीपदा सरेन खेरवाल, असित कुमार मल, जून मालिया, मिताली बाग, खलीदुर रहमान, माला रॉय, शर्मिला सरकार और पठान यूसुफ।

इससे पहले, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने लोकसभा स्पीकर के उस फ़ैसले को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट का रुख़ किया, जिसमें उनके सांसदों के एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में 'विलय' को मान्यता दी गई।

अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

Tags: