महिला वकीलों को बढ़ावा: सुप्रीम कोर्ट ने SCAORA चुनाव में 4 पद महिलाओं के लिए आरक्षित किए

Update: 2026-04-13 11:36 GMT

सुप्रीम कोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट एडवोकेट्स-ऑन-रिकॉर्ड एसोसिएशन (SCAORA) के आगामी चुनावों में महिला वकीलों को प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए बड़ा कदम उठाया। अदालत ने सचिव, संयुक्त कोषाध्यक्ष और कार्यकारिणी समिति के दो सदस्य पद महिलाओं के लिए आरक्षित करने का निर्देश दिया है।

चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्य बागची की खंडपीठ ने संविधान के अनुच्छेद 142 के तहत अपनी विशेष शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह आदेश पारित किया।

अदालत ने कहा कि एसोसिएशन की कार्यकारिणी में महिला एडवोकेट्स-ऑन-रिकॉर्ड (AoR) को पर्याप्त प्रतिनिधित्व मिलना आवश्यक है। सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों ने अदालत के सुझाव से सहमति जताई।

कोर्ट ने अपने आदेश में कहा,

“महिला AoR को उचित प्रतिनिधित्व देने के उद्देश्य से सचिव, संयुक्त कोषाध्यक्ष और कार्यकारिणी के दो पद महिलाओं के लिए निर्धारित किए जाते हैं।”

चीफ जस्टिस ने यह भी उल्लेख किया कि बार को पहले भी महिला नेतृत्व के साथ सकारात्मक अनुभव रहा है। विशेषकर जब प्रज्ञा बघेल को सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन का सचिव चुना गया था।

गौरतलब है कि इससे पहले वर्ष 2024 में सुप्रीम कोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन में एक-तिहाई पद महिलाओं के लिए आरक्षित करने का निर्देश दिया था। बाद में यह व्यवस्था अन्य बार एसोसिएशनों और राज्य बार परिषदों तक भी विस्तारित की गई।

Tags:    

Similar News