रूस में पढ़ाई करने गए एक भारतीय युवक के कथित तौर पर रूसी सेना में शामिल होने के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार से मानवीय आधार पर हस्तक्षेप करने पर विचार करने को कहा है।

चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच ने युवक के पिता की याचिका पर सुनवाई करते हुए सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता से मामले में हस्तक्षेप कर आवश्यक निर्देश प्राप्त करने को कहा।

हालांकि, सुनवाई के दौरान सॉलिसिटर जनरल ने बताया कि रूसी अधिकारियों ने भारतीय दूतावास को सूचित किया है कि युवक ने रूसी नागरिकता हासिल कर ली है। ऐसे में भारतीय अधिकारियों के हस्तक्षेप की गुंजाइश सीमित हो सकती है।

कोर्ट ने भी माना कि यदि युवक ने भारतीय नागरिकता छोड़कर रूसी नागरिकता हासिल कर ली है, तो भारत सरकार के हस्तक्षेप की संभावनाएं सीमित हो सकती हैं। मामले को जनवरी 2027 में अगली सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया गया है।

क्या है पूरा मामला?

याचिकाकर्ता के दो बेटे हैं। उनका छोटा बेटा अबिनेश अप्रैल में तीन अन्य छात्रों के साथ स्टूडेंट वीजापर रूस गया था। बताया गया है कि उसने इंस्टाग्राम पर मिले एक एजेंट की मदद से रूस जाने की व्यवस्था की थी।

परिवार के अनुसार, 19 जुलाई को अबिनेश से आखिरी बार संपर्क हुआ था। इसके बाद परिवार के सदस्य उससे सीधे संपर्क नहीं कर सके। उसकी सुरक्षा को लेकर चिंतित बड़े भाई ने उसका ईमेल अकाउंट चेक किया, जहां उसे कुछ दस्तावेज मिले। इनमें रूसी सेना का आईडी कार्ड और मिलिट्री टैग (Military Tag) भी शामिल था।

इसके बाद परिवार को आशंका हुई कि अबिनेश रूसी सेना में शामिल हो गया है और संभवतः उसने रूसी नागरिकता भी हासिल कर ली है।

भारतीय दूतावास ने क्या बताया?

परिवार ने विदेश मंत्रालय से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। इसके बाद रूस स्थित भारतीय दूतावास ने परिवार को सूचित किया कि उसने रूसी रक्षा मंत्रालय के समक्ष यह मामला उठाया है और अबिनेश को सेना से मुक्त करने का अनुरोध किया है।

दूतावास ने कुछ दस्तावेजों का हवाला देते हुए बताया कि अबिनेश ने रूसी नागरिक के रूप में रूसी सेना जॉइन की और स्वेच्छा से भारतीय नागरिकता छोड़ दी। उसने रूसी पासपोर्ट भी हासिल कर लिया है।

परिवार को किस बात का डर है?

पिता की याचिका में आशंका जताई गई है कि अबिनेश और उसके साथ रूस गए तीन अन्य छात्रों को रूस में यात्रा, नौकरी या दाखिले की व्यवस्था करने वाले लोगों ने गुमराह किया हो सकता है या उन पर अनुचित दबाव डाला गया हो सकता है।

याचिका में यह भी कहा गया है कि संभव है कि अबिनेश ने कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए हों या ऐसी व्यवस्थाओं में प्रवेश किया हो, जिनकी शर्तों और परिणामों को वह पूरी तरह समझ नहीं पाया हो।

परिवार को यह भी आशंका है कि अबिनेश को रूस-यूक्रेन युद्ध से जुड़े संघर्ष क्षेत्र के आसपास तैनात किया गया हो सकता है।

याचिका के अनुसार, परिवार को मिले कुछ वीडियो क्लिप, दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों से संकेत मिलता है कि अबिनेश ने अपनी सुरक्षा को लेकर डर जताया था। परिवार का दावा है कि उसके पासपोर्ट को भी जब्त कर लिया गया था और वह उस क्षेत्र से बाहर निकलने में असमर्थ था, जहां उसे तैनात किया गया था।

सुप्रीम कोर्ट से क्या मांग की गई?

पिता ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर अपने बेटे की भारत वापसी सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार को हस्तक्षेप करने का निर्देश देने की मांग की है।

याचिका में सवाल उठाया गया है कि यदि उसका मूल वीजा या इमिग्रेशन स्टेटस समाप्त हो गया था, तो इतनी कम अवधि में उसने रूसी नागरिकता कैसे हासिल की और रूसी सेना में कैसे शामिल हो गया?

सुप्रीम कोर्ट ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए केंद्र सरकार से मानवीय आधार पर हस्तक्षेप की संभावनाओं पर विचार करने को कहा है।

अब मामले की अगली सुनवाई जनवरी 2027 में होगी।

इस खबर को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए क्लिक करें 

Tags: