सुप्रीम कोर्ट ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में 100 साल पुरानी मस्जिद को गिराए जाने के मामले में अवमानना याचिका पर सुनवाई करने से इनकार किया। याचिका में आरोप लगाया गया कि मस्जिद का विध्वंस बुलडोजर कार्रवाई पर सुप्रीम कोर्ट के 2024 के फैसले का उल्लंघन करते हुए किया गया।

चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल के खिलाफ इमरान अहमद की ओर से दायर अवमानना याचिका पर सुनवाई से इनकार करते हुए याचिकाकर्ता को पहले इलाहाबाद हाईकोर्ट जाने का सुझाव दिया। पीठ ने कहा कि याचिकाकर्ता को पहले हाईकोर्ट में अपने मामले के तथ्य स्थापित करने चाहिए। यदि वहां उचित राहत नहीं मिलती, तो वह सुप्रीम कोर्ट का रुख कर सकता है।

याचिकाकर्ता की ओर से पेश वकील फौजिया रहमान ने दलील दी कि मस्जिद का विध्वंस सुप्रीम कोर्ट के बुलडोजर कार्रवाई संबंधी फैसले का उल्लंघन है।

इस पर चीफ जस्टिस ने कहा कि पहले हाईकोर्ट के समक्ष तथ्यों को स्थापित करना होगा।

चीफ जस्टिस ने मौखिक टिप्पणी की,

“अवमानना याचिका किस तरह सुनवाई योग्य है? पहले अपना अधिकार स्थापित कीजिए। हाईकोर्ट जाइए और कार्रवाई को चुनौती दीजिए। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के आधार पर आपको राहत मिल सकती है। हमने सिद्धांत तय कर दिए। किन परिस्थितियों और तथ्यों में इन सिद्धांतों का उल्लंघन हुआ है, यह आपको उचित कार्यवाही के जरिए पहले स्थापित करना होगा।”

वकील ने जोर देकर कहा कि अधिकारियों ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले की अवमानना की और इसी कारण याचिकाकर्ता सीधे सुप्रीम कोर्ट आया। उन्होंने कहा कि यह सुप्रीम कोर्ट के आदेश की गरिमा का मामला है, जिसका पालन नहीं किया जा रहा।

इस पर चीफ जस्टिस ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि हाईकोर्ट सुप्रीम कोर्ट के आदेश को लागू करेगा। वकील ने फिर कहा कि 2024 के फैसले का पालन नहीं हो रहा है। हालांकि, पीठ इस दलील से सहमत नहीं हुई।

चीफ जस्टिस ने कहा कि ऐसे मामलों को सुप्रीम कोर्ट संबंधित हाईकोर्ट के पास भेज रहा है। याचिकाकर्ता वहां तथ्यों के आधार पर अपना मामला स्थापित करे। यदि हाईकोर्ट जरूरी राहत नहीं देता, तो वह सुप्रीम कोर्ट आ सकता है।

जस्टिस मोहना ने भी कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले का उल्लंघन करने वाली हर कार्रवाई सीधे सुप्रीम कोर्ट के समक्ष नहीं लाई जा सकती। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति का अधिकार छीना गया और उसका मकान गिराया गया तो इस मामले में तथ्यों की जांच हाईकोर्ट में होनी चाहिए। सुप्रीम कोर्ट में इस तरह की तथ्यात्मक जांच नहीं की जा सकती।

अंततः पीठ ने अवमानना याचिका का रिकॉर्ड उचित कार्रवाई के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट भेजने का निर्देश दिया। पीठ ने कहा कि यदि इलाहाबाद हाईकोर्ट यह पाता है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का उल्लंघन हुआ है तो उसके आवश्यक परिणाम होंगे।

क्या था 2024 का सुप्रीम कोर्ट का फैसला

13 नवंबर 2024 को सुप्रीम कोर्ट ने फैसला सुनाया था कि कार्यपालिका किसी व्यक्ति के मकान या संपत्ति को केवल इस आधार पर ध्वस्त नहीं कर सकती कि वह किसी अपराध का आरोपी या दोषी है। अदालत ने विध्वंस की कार्रवाई से पहले अधिकारियों के लिए कुछ दिशा-निर्देश तय किए थे।

इन दिशा-निर्देशों के अनुसार, स्थानीय नगरपालिका कानूनों में निर्धारित अवधि या नोटिस दिए जाने के 15 दिन के भीतर, इनमें से जो भी अवधि बाद में समाप्त हो, उससे पहले विध्वंस नहीं किया जा सकता। संबंधित व्यक्ति को कारण बताओ नोटिस देना अनिवार्य है।

अदालत ने यह भी निर्देश दिया कि नामित अधिकारी प्रभावित पक्ष को व्यक्तिगत सुनवाई का अवसर दें और सुनवाई का विवरण दर्ज करें। अंतिम आदेश में नोटिस पाने वाले व्यक्ति की दलीलों, प्राधिकारी के निष्कर्षों और कारणों का उल्लेख होना चाहिए। आदेश में यह भी स्पष्ट किया जाना चाहिए कि अनधिकृत निर्माण को नियमित किया जा सकता है या नहीं और पूरे निर्माण को गिराना क्यों एकमात्र विकल्प है।

विध्वंस का आदेश पारित होने के बाद प्रभावित व्यक्ति को उसे उचित मंच पर चुनौती देने के लिए पर्याप्त समय दिया जाना चाहिए।

सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि इन निर्देशों का उल्लंघन होने पर अवमानना की कार्यवाही के साथ अभियोजन भी शुरू किया जा सकता है। यदि विध्वंस को अदालत के आदेशों का उल्लंघन पाया जाता है तो जिम्मेदार अधिकारियों को अपनी व्यक्तिगत लागत पर ध्वस्त संपत्ति का पुनर्निर्माण या उसकी भरपाई करनी होगी। इसके अतिरिक्त उन्हें हर्जाना भी देना पड़ सकता है।

हालांकि, अदालत ने स्पष्ट किया था कि ये निर्देश सार्वजनिक स्थानों, जैसे सड़क, गली, फुटपाथ, रेलवे लाइन के आसपास की जमीन या किसी नदी अथवा जल निकाय पर मौजूद अनधिकृत निर्माणों पर लागू नहीं होंगे। इसी तरह, किसी अदालत के आदेश के तहत की गई कार्रवाई भी इन निर्देशों के दायरे से बाहर होगी।

फैसले के बाद अवमानना याचिकाएं

2024 के फैसले के बाद विभिन्न राज्यों के अधिकारियों पर उसके उल्लंघन का आरोप लगाते हुए सुप्रीम कोर्ट में कई अवमानना याचिकाएं दायर की गईं। कुछ मामलों में अदालत ने याचिकाकर्ताओं को हाईकोर्ट जाने के लिए कहा, जबकि अन्य मामलों में नोटिस जारी कर विध्वंस पर रोक लगाई गई।

हालांकि, इस साल जुलाई में सुप्रीम कोर्ट ने उसके समक्ष लंबित सभी अवमानना याचिकाओं को संबंधित हाईकोर्ट में भेज दिया था। अदालत ने कहा था कि प्रत्येक मामले में अलग-अलग तथ्यात्मक दावे होंगे, जिनकी जांच सुप्रीम कोर्ट में करना संभव नहीं है।

अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

Tags: